Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में रिश्तों का खून, कहीं ऑनर किलिंग, कहीं प्रेमिका की हत्या, तो कहीं पत्नी और पिता बने अपनों के शिकार

Murders in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से सामने आई हत्या की कई घटनाओं ने एक बार फिर रिश्तों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। कहीं लव मैरिज से नाराज परिवार ने अपनी ही बेटी की हत्या की साजिश रच दी, कहीं प्रेमी ने जन्मदिन के दिन ही अपनी प्रेमिका की जान ले ली। वहीं बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत ने दहेज और प्रताड़ना के आरोपों को हवा दी है। रायगढ़ और सूरजपुर से भी घरेलू विवाद में हुई हत्याओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र में सामने आए रानी कुमारी हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक 25 साल की रानी कुमारी ने अपनी पसंद से प्रेम ध्रुव से शादी की थी, जिससे उसके परिजन नाराज थे। आरोप है कि परिवार को लगता था कि लव मैरिज से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

यह भी पढ़ें:- मिडिल ईस्ट संकट के बीच तानाशाह का बड़ा ऐलान, परमाणु हथियारों की रफ्तार बढ़ाने का आदेश, दुनिया में बढ़ी नई टेंशन

जांच के मुताबिक 17 जून की रात रानी को उसके ससुराल से जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर पटेवा थाना क्षेत्र के तुरेंगा खार गांव ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। जांच में सामने आया कि चाचा दिनेश सिंह ने उसका गला दबाया, जबकि बड़े पिता राजेश सिंह ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान पिता उमेश सिंह भी मौके पर मौजूद था। पुलिस ने मृतिका के पिता उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चाचा और बड़े पिता की तलाश जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय के अनुसार मामले की जांच जारी है। महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में 18 साल की भारती टंडन हत्याकांड का भी पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या का आरोपी मृतिका का नाबालिग प्रेमी है। (Murders in Chhattisgarh)

बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत

पुलिस के मुताबिक भारती शादी करना चाहती थी, लेकिन आरोपी इसके लिए तैयार नहीं था। घटना वाले दिन भारती का जन्मदिन भी था। आरोपी ने शादी करने और साथ भागने का झांसा देकर उसे नदी किनारे बुलाया। वहां भरोसे में लेकर उसके सिर पर भारी पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को रेत में दबा दिया। दो दिन बाद ग्रामीणों की सूचना पर शव बरामद हुआ। पुलिस ने जांच और साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर के दयालबंद इलाके में विवाहिता अदिति मौर्या की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतिका के मायके पक्ष ने पति रविकांत मौर्य, सास-ससुर, ननद और नंदोई पर गला घोंटकर हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। (Murders in Chhattisgarh)

रायगढ़ में पति ने हथौड़ी से की पत्नी की हत्या

मृतिका के भाई अखिलेश वर्मा का कहना है कि 2019 में शादी के बाद से ही अदिति को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का आरोप है कि घटना से पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी और उन्हें उससे बात तक नहीं करने दी जा रही थी। अस्पताल में शव देखने पहुंचे परिजनों ने पीठ, हाथ, पैर, ठुड्डी और गले पर गंभीर चोटों के निशान होने का दावा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के बांसजोर में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक 17 जून की सुबह इलाज के लिए पैसे मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान श्यामलाल मंझवार ने लोहे की हथौड़ी से अपनी पत्नी मेहतरीन बाई मंझवार के सिर पर कई वार कर दिए।

पत्नी को डांटने से नाराज बेटे ने पिता की ले ली जान

गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 20 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम और जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली गई है। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बकिरमा गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर रिश्तों को शर्मसार कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी हेमचरण दास किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसके पिता ढेरा दास ने बहू को किसी बात पर डांट दिया। बहू ने फोन पर इसकी जानकारी अपने पति को दी। पत्नी को डांटे जाने की बात सुनकर आरोपी गुस्से में घर पहुंचा और अपने पिता को रस्सी से पैर से लेकर सिर तक बांध दिया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर बुजुर्ग को छुड़ाया, लेकिन आरोपी ने उन्हें धमकाकर भगा दिया और दोबारा अपने पिता को बांध दिया। (Murders in Chhattisgarh)

बाद में सरपंच की मदद से बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सामने आए इन मामलों ने समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं लव मैरिज परिवार की नाराजगी का कारण बनकर ऑनर किलिंग में बदल गया, कहीं प्रेम संबंध हत्या तक पहुंच गए, तो कहीं घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह ने पति-पत्नी, पिता-पुत्र के रिश्तों को खून से रंग दिया। सभी मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी या उनकी तलाश शुरू कर दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है, जिन रिश्तों का आधार भरोसा और सुरक्षा माना जाता है, वही रिश्ते कई मामलों में मौत की वजह बनते नजर आए। प्रदेश में सामने आई इन घटनाओं ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम, परिवार और भरोसे जैसे रिश्तों से जुड़ी इन दर्दनाक वारदातों ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर रिश्तों में बढ़ती हिंसा कब थमेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!