7 मार्च हो जारी होगी महतारी वंदन योजना की पहली किस्त, PM नरेंद्र मोदी देंगे सौगात

Mahtari Vandan Yojana Rashi: PM नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ की महिलाओं को सौगात देने वाले हैं। दरअसल, महतारी वंदन योजना की पहली किस्त 7 मार्च को जारी की जाएगी। पहले 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन राशि जारी करने की तैयारी थी। हालांकि तय कार्यक्रम को बदल दिया गया है। 7 मार्च को प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़कर महिलाओं के खाते में राशि ट्रांसफर करेंगे। इसके लिए प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी कार्यक्रम में मौजूद होंगे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में GST चोरी को लेकर कार्रवाई लगातार जारी, एक हफ्ते में 8 करोड़ का टैक्स जमा 

प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित भी करेंगे। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने विवाहित महिलाओं को 12 हजार रुपए सालाना देने का वादा किया था। ऐसे में लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले PM मोदी 1 हजार रुपए कि किस्त महिलाओं के खातों में भेजेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यक्रम का रूप रेखा तैयार कर रहा है। महतारी वंदन योजना का फायदा लेने के लिए प्रदेशभर से 70 लाख 26 हजार 352 महिलाओं ने आवेदन फॉर्म भरा है। योजना के तहत फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 20 फरवरी थी। फॉर्म भरे जाने के बाद विभागीय अधिकारियों ने आवेदन की जांच की और 2 मार्च को आवेदनकर्ताओं की अंतिम सूची जारी की है। (Mahtari Vandan Yojana Rashi)

70 लाख महिलाओं को मिलेगा फायदा

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक आवेदन करने वाले आवेदकों में से 70 लाख 14 हजार 581 आवेदनकर्ताओं का फॉर्म सिलेक्ट हुआ है। जबकि 11 हजार 771 आवेदनकर्ताओं का फार्म रिजेक्ट हुआ है। महतारी वंदन योजना पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने राज्य सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जानकारी दिया गया था कि 74 लाख फॉर्म भरा गया। आंगनबाड़ी में जो लिस्ट आती है उसके मुताबिक 27 लाख से कम महिलाओं का नाम महतारी वंदन योजना के लिए पात्र बताया जा रहा है। प्रदेश की महिलाएं जानना चाहती है कि लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं किस कारणों से महतारी वंदन योजना से अपात्र हो गई है। (Mahtari Vandan Yojana Rashi)

कांग्रेस ने उठाए सवाल 

कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा है कि साय सरकार ने मापदंड के जाल बिछा दिए थे। महिलाएं अपने विवाह प्रमाण पत्र, पेन कार्ड समेत कई तरह के डाक्यूमेंट बनाने इस कार्यालय से उस कार्यालय का धक्का खा-खाकर लंबी लाइन में खड़ी होकर महतारी वंदन योजना के मापदंड पूरा करके फॉर्म भरती है। महतारी वंदन योजना के नाम से फॉर्म के 20 रुपए लिए जाते थे और फॉर्म जमा करने के नाम पर 50-50 रुपए लिए गए थे। उसके बाद भी लगभग 80 प्रतिशत महिलाओं को महतारी वंदन योजना के लाभ से वंचित रखना भाजपा का षड्यंत्र है। (Mahtari Vandan Yojana Rashi)

BJP के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने किया पलटवार

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना में भारतीय जनता पार्टी की ही महिलाओं को ज्यादा प्राथमिकता दिया गया है। इसलिए लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं हर मापदंड पूरा करने के बाद भी अपात्र हो गई। इस पर BJP के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए महतारी वंदन योजना के तहत सभी महिलाओं को 1000 रुपए प्रतिमाह यानी सालाना 12000 रुपए देने की घोषणा की थी। वादे के अनुरूप महतारी वंदन योजना के लिए राशि जारी करने की तैयारी भाजपा की सरकार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कर रही है। इसके लिए अनुपूरक बजट भी प्रस्तुत कर दिया गया है। (Mahtari Vandan Yojana Rashi)

कांग्रेस पर महिलाओं के अपमान का आरोप

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाओं को सम्मान स्वरूप जो राशि प्राप्त हो रही है, उससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होते देख कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिला विरोधी रही है। महिलाओं का अपमान करने में कांग्रेस कभी पीछे नहीं रही। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 1000 प्रतिमाह देने का वादा किया। जबकि कांग्रेस के घोषणा पत्र में इस तरह की कोई भी योजना नहीं थी। भाजपा के घोषणा पत्र के बाद कांग्रेस पार्टी ने आनन-फानन में महिलाओं को राशि जारी करने की योजना रखी और भाजपा से ज्यादा राशि देने की घोषणा की। (Mahtari Vandan Yojana Rashi)

योजना पर राजनीति जारी 

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की योजना में ज्यादा राशि रखने के बाद भी छत्तीसगढ़ की महिलाओं ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा किया, क्योंकि महिलाओं को भरोसा है कि भाजपा महिलाओं के लिए जो घोषणाएं करती है उन्हें पूरा भी करती है। प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव के मुताबिक कांग्रेस ने 5 साल पहले अपने जन घोषणा पत्र में महिलाओं के साथ धोखा करते हुए कहा था कि वह प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी करेगी। गंगाजल की कसम खाकर कांग्रेस ने शराबबंदी करने की घोषणा की थी, लेकिन शराबबंदी करने के बजाय शराब को अवैध आय का जरिया बनाकर अपनी तिजोरियां भरने का काम किया। अब योजनाओं पर राजनीति तो कभी खत्म नहीं होगी, लेकिन जनता को योजनाओं से फायदा जरूर होगा। क्योंकि सरकार योजना जनता के लिए ही बनाती है। (Mahtari Vandan Yojana Rashi)

Related Articles

Back to top button