Google Analytics —— Meta Pixel

खड़े डंपर में घुसी तेज रफ्तार बस, हादसे में 9 लोगों की मौत, कई घायल

Maihar Road Accident: मध्यप्रदेश के मैहर में भीषण हादसा हुआ है, जहां एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई, जिसमें 2 साल के बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 24 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों में 7 उत्तरप्रदेश और एक-एक महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश के हैं। हादसा नादन देहात थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुआ। जानकारी के मुताबिक स्लीपर कोच बस प्रयागराज से रीवा होते हुए नागपुर जा रही थी, जो काफी रफ्तार में थी।

यह भी पढ़ें:- आमजनों की मूलभूत आवश्यकता को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मंत्री टंकराम वर्मा

इस बीच बस चौरसिया ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। बस 53 सीटर है, जिसमें 45 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही नादन और मैहर पुलिस मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घायलों और मृतकों को बस से बाहर निकाला। इस दौरान SDM विकास सिंह, तहसीलदार जितेंद्र पटेल और SP सुधीर कुमार अग्रवाल ने भी मोर्चा संभाला। 9 घायलों को अमरपाटन, 7 को मैहर सिविल हॉस्पिटल और 8 को सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह पिचक गई, जिसकी वजह से कई यात्री बस में ही फंस गए थे। (Maihar Road Accident)

CM डॉ मोहन यादव ने जताया दुख

रेस्क्यू के दौरान JCB की मदद लेनी पड़ी। वहीं गैस कटर से बस का दरवाजा काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे को लेकर CM डॉ मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मैहर जिले में ट्रक और उत्तरप्रदेश की यात्री बस के बीच भीषण टक्कर होने से 9 यात्रियों के असमय काल कवलित होने का समाचार अत्यंत ही दुखद और हृदय विदारक है। बाबा महाकाल से दिवंगतों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। दुख की इस घड़ी में हम सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। (Maihar Road Accident)

CM योगी ने भी जताया दुख

CM यादव ने घायलों के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है। साथ ही कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार शासन की ओर से आर्थिक सहायता की जाएगी। इस भीषण सड़क हादसे में एक अत्यंत गंभीर हालत में है। अधिकतर यात्री उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के हैं। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले। वहीं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मैहर में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। (Maihar Road Accident)

सभी घायलों का इलाज जारी

CM योगी ने कहा कि मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। मध्यप्रदेश प्रशासन से संपर्क स्थापित कर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। जानकारी के मुताबिक रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई, जिसके चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि एक ही एंबुलेंस कई चक्कर लगाती रही। हालांकि बाद में दूसरी एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इस दौरान कुछ लोगों को पुलिस वाहनों से भी अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। (Maihar Road Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!