Google Analytics —— Meta Pixel

मंत्री केदार कश्यप के काफिले में बड़ा हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, 4 जवान घायल

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में आज रविवार दोपहर वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर-कोंडागांव सीमा के पास जूनवानी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मंत्री के वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर काफिले में पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में तैनात चार पुलिस जवान घायल हो गए।

मंत्री की कार को साइड से मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक मंत्री केदार कश्यप का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने अचानक मंत्री के वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चार पुलिस जवान घायल

हादसे में फॉलो वाहन में तैनात चार पुलिस जवान घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी घायल जवानों का उपचार जारी है।

राहत की बात यह है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मंत्री केदार कश्यप भी सुरक्षित हैं और उन्हें किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है।

घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे मंत्री

हादसे की जानकारी मिलने के बाद वन मंत्री केदार कश्यप जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिस जवानों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनके उपचार की जानकारी ली।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ की जा रही है और वाहन की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

पहले प्रदेश अध्यक्ष की कार भी हुई थी दुर्घटनाग्रस्त

गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार भी सड़क हादसे का शिकार हुई थी। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में यह हादसा उस समय हुआ, जब किरण सिंह देव परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद उनका इलाज दिल्ली में चल रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!