नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता, MMC जोन के सैकड़ों नक्सली 1 जनवरी को करेंगे सामूहिक सरेंडर

NAXALI SURRENDER : मध्यप्रदेश–महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़ (MMC) स्पेशल जोनल कमेटी के सैकड़ों नक्सलियों ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई है। नक्सली प्रवक्ता अनंत ने एक नया पर्चा जारी करते हुए बताया है कि 1 जनवरी को पूरे MMC जोन के नक्सली एक साथ सामूहिक रूप से सरेंडर (NAXALI SURRENDER ) करेंगे। यह एक हफ्ते में दूसरी बार है जब उन्होंने सरेंडर को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। इससे पहले 22 नवंबर को जारी पर्चे में तारीख 15 फरवरी बताई गई थी, जिसे अब आगे बढ़ाकर 1 जनवरी कर दिया गया है।
यह भी पढ़े :- हॉन्गकॉन्ग में आग से अब तक 94 लोगों की मौत, 77 साल में सबसे भीषण अग्निकांड
सरकारों से ऑपरेशन रोकने की अपील
अनंत ने मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सरकारों से अपील की है कि कुछ दिनों तक नक्सल विरोधी अभियान रोका जाए, ताकि नक्सली सुरक्षित तरीके से आत्मसमर्पण कर सकें। पर्चे में लिखा है कि सभी नक्सली इनमें से किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री या गृह मंत्री के सामने हथियार डालेंगे।
पहली बार जारी की ओपन रेडियो फ्रीक्वेंसी
पहली बार नक्सलियों ने अपनी ओपन रेडियो फ्रीक्वेंसी 435.715 MHz जारी की है। पर्चे में लिखा है कि 1 जनवरी तक रोज सुबह 11:00 से 11:15 बजे इसी फ्रीक्वेंसी पर बातचीत होगी। सुरक्षा एजेंसियों और विशेषज्ञों के अनुसार यह कदम नक्सलियों द्वारा खुला संवाद शुरू करने का एक बड़ा संकेत है। (NAXALI SURRENDER )
बाऊफेंग क्या है?
बाऊफेंग एक हैंडहेल्ड वॉकी-टॉकी डिवाइस है, जो बिना मोबाइल नेटवर्क के भी लंबी दूरी तक संपर्क की सुविधा देता है। यह जंगल, पहाड़ी जिलों, सुरक्षाबलों और ट्रेकिंग टीमों के बीच काफी लोकप्रिय है। एक ही फ्रीक्वेंसी सेट होने पर दो डिवाइस आसानी से लिंक हो जाते हैं।
PLGA सप्ताह रद्द, उकसावे से दूर रहने की अपील
अनंत ने कहा कि इस बार PLGA सप्ताह नहीं मनाया जाएगा। उन्होंने नक्सल समर्थकों और साथियों से किसी भी हिंसक घटना या उकसावे से दूर रहने की अपील की है।
पहले प्रेस नोट में मांगा था समय
22 नवंबर को जारी पहले ऑडियो और प्रेस नोट में अनंत ने कहा था कि MMC जोन सामूहिक निर्णय लेता है, इसलिए सभी साथियों तक संदेश पहुंचाने में समय लगता है, और उन्होंने 15 फरवरी तक की समय सीमा मांगी थी।
सरकार की प्रतिक्रिया
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- “सरकार ने पहले ही नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की थी। जो भी सरेंडर करेगा, उसके साथ न्याय किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम देश में नक्सल उन्मूलन की दिशा में सबसे बड़ा सामूहिक सरेंडर साबित हो सकता है। (NAXALI SURRENDER )



