दुर्गापुर गैंगरेप केस के बाद CM ममता बनर्जी की नसीहत, कहा- रात में बाहर न जाएं छात्राएं

Mamata on Gang Rape: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में MBBS छात्रा से हुए सामूहिक दुष्कर्म ने पूरे राज्य में आक्रोश फैला दिया है। घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। CM ममता बनर्जी ने कहा कि ओडिशा में तीन हफ्ते पहले समुद्र तट पर तीन लड़कियों के साथ बलात्कार हुआ, ओडिशा सरकार ने क्या कार्रवाई की ? बंगाल में अगर महिलाओं के साथ कुछ भी होता है तो हम इसे सामान्य मामला नहीं मानते। यह एक गंभीर मामला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रा एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ती थी, इसलिए कॉलेज प्रशासन की भी जिम्मेदारी बनती है।
यह भी पढ़ें:- अनुशासन और लगन ही सफलता का मंत्र”- शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों को दी प्रेरणा
CM ममता ने कहा कि निजी कॉलेज की जिम्मेदारी है कि वे देखें कि छात्र-छात्राएं रात 12.30 बजे तक बाहर क्यों हैं, जहां तक मुझे पता है, यह घटना वन क्षेत्र के पास हुई थी। पुलिस जांच कर रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। तीन लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं अगर अन्य राज्यों में होती हैं तो भी निंदनीय हैं। हमने उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में भी ऐसे कई मामले देखे हैं, इसलिए वहां की सरकारों को भी कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। CM बनर्जी ने कहा कि बंगाल में जीरो टॉलरेंस है। हम यहां ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते। (Mamata on Gang Rape)
अब तक 3 आरोपी गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि बाहर से पढ़ने आने वाले छात्रों से मेरा अनुरोध है कि वे रात में बाहर न जाएं। निजी कॉलेजों का भी दायित्व है कि वे छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। वहीं आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के DCP अभिषेक गुप्ता ने बताया कि अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया है। आगे की जांच जारी है और सब कुछ निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार चल रहा है। मामला 10 अक्टूबर की रात का है। (Mamata on Gang Rape)
ओडिशा की रहने वाली है पीड़िता
पुलिस के मुताबिक पीड़ित छात्रा ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है। वह दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में MBBS सेकेंड ईयर की छात्रा है। वह अपने एक दोस्त के साथ डिनर पर गई थी। लौटते समय रात करीब 8 से 10 बजे के बीच तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया। छात्रा का दोस्त डरकर भाग गया, जिसके बाद तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। यह वारदात कॉलेज कैंपस के बाहर, एक सुनसान इलाके में हुई। पीड़ित को गंभीर हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हैं। सभी आरोपी पास के गांव के रहने वाले हैं। जांच के दौरान पुलिस को छात्रा का मोबाइल फोन आरोपियों के पास से मिला। मोबाइल से की गई कॉल की टावर लोकेशन से आरोपियों की पहचान की गई।



