CM ममता के बयान से गरमाई सियासत, महिला आयोग और भाजपा ने जताया विरोध

Politics on Mamta Statement: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दुर्गापुर गैंगरेप केस को लेकर दिए बयान पर सियासी घमासान मच गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अर्चना मजूमदार ने कहा कि हम कैसे कह सकते हैं कि शाम को यानी दिन के 12 घंटे एक लड़की को कमरे में बंद रहना चाहिए। महिलाएं अस्पतालों, IT सेक्टर और हर जगह पुरुषों के बराबर काम कर रही हैं। आज की भारतीय लड़कियां ओलंपिक में भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीत रही हैं। वे अंतरिक्ष में जा रही हैं और हम कहते हैं कि लड़कियों को रात 9 या 8 बजे के बाद घर के अंदर रहना चाहिए। उनके पास काम करने की शक्ति, क्षमता और ज्ञान है।
यह भी पढ़ें:- दुर्गापुर गैंगरेप केस के बाद CM ममता बनर्जी की नसीहत, कहा- रात में बाहर न जाएं छात्राएं
उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है कि वे महिलाओं के साथ खड़ी हों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानून बनाएं। यह बेतुका है, मैं उनके इस बयान का समर्थन नहीं कर सकती कि लड़कियों को घर पर रहना चाहिए। यह सही नहीं है। कोलकाता के NCRB डेटा पर अर्चना मजूमदार ने कहा कि यह रिपोर्ट में गलत व्याख्या है। 2023 में राज्य सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराध पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें चार लाख से ज्यादा लंबित मामले हैं, जिनमें किसी को भी दोषी नहीं ठहराया गया है या कार्रवाई नहीं की गई है, पश्चिम बंगाल में जो देश में सबसे ज्यादा है। पुलिस प्रशासन उन पर काम नहीं कर रहा है। प्रशासन और पुलिस के असहयोग के कारण न्यायपालिका भी विफल हो रही है। वे समय पर आरोप पत्र प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं। (Politics on Mamta Statement)
केंद्रीय मंत्री मजूमदार में सरकार को घेरा
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि यह सब पश्चिम बंगाल में चल रहा है और वे तथ्यों को छिपा रहे हैं। ये कुछ मामले हैं। बीरभूम जिले में पिछले दो दिनों में मैंने बलात्कार, हत्या और तस्करी के चार मामलों पर काम किया। इन चार मामलों में पुलिस ने ठीक से काम नहीं किया है। यह पश्चिम बंगाल की लड़कियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि अब मुख्यमंत्री कह रही हैं कि महिलाओं को रात में बाहर नहीं निकलना चाहिए। वे क्या चाहती हैं कि सभी महिलाएं बुर्का पहनकर घर में बैठी रहें ? पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बता दिया कि महिलाओं का रात में घर से निकलना ठीक नहीं है और हर बेटी-बहन अपनी सुरक्षा का इंतजाम खुद कर लें। (Politics on Mamta Statement)
भाजपा सांसद प्रताप चंद्र का पलटवार
भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा कि ममता बनर्जी अपना घर नहीं संभाल पा रही हैं और ओडिशा की बात कर रही हैं। यह उनका स्वभाव है, लेकिन वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब है कि इस पर बात करना बेकार है। हाल ही में एक मेडिकल छात्रा को इसी स्थिति का सामना करना पड़ा। मैंने कलेक्टर से बात की। हम सारे इंतजाम कर रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री से भी इस बारे में बात करूंगा। हम एक-दो दिन में वहां जाएंगे। वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है, आतंकवाद चल रहा है, ममता बनर्जी इसे नियंत्रित नहीं कर रहीं। भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने कहा कि मुख्यमंत्री होने के बावजूद ममता बनर्जी इस तरह का बयान दे रही हैं।
CM ममता ने अपने बयान पर दी सफाई
शाजिया इल्मी ने कहा कि एक ओर इतना बड़ा दुष्कर्म हुआ है। एक महिला छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ है और उस पर ममता बनर्जी का क्या कहना है? उनका कहना है कि लड़कियों-बच्चियों को देर रात बाहर नहीं निकलना चाहिए। यानी कि कानून व्यवस्था जो पूरी तरह से चरमराई हुई है, जिसके तहत अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। वे उसपर लगाम लगाने की कोशिश नहीं कर रही हैं। वहां पूरी कानून व्यवस्था ध्वस्त है।यह लगता नहीं कि महिलाओं की सुरक्षा ममता बनर्जी के लिए कोई भी प्राथमिकता है। वहीं दुर्गापुर गैंगरेप केस को लेकर दिए अपने बयान पर CM ममता बनर्जी ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मीडिया ने मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। मुझसे जो सवाल पूछते हैं, मैं उसका जवाब देती हूं और फिर आप उसे तोड़-मरोड़ कर पेश करते हैं। इस तरह की राजनीति मत कीजिए।
पश्चिम बंगाल देश का सबसे सुरक्षित राज्य: TMC
वहीं CM ममता बनर्जी के बयान पर टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। सीएम ने कभी नहीं कहा कि महिलाओं को रात में बाहर नहीं जाना चाहिए। उनका लक्ष्य महिलाओं को अधिक शक्ति, स्वतंत्रता और वित्तीय सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि हर महिला को किसी भी समय बाहर जाने का अधिकार है, लेकिन छात्रावास प्रणाली की भी कुछ जिम्मेदारी है। पश्चिम बंगाल देश का सबसे सुरक्षित राज्य है। इस पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह अपने आप में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि मां दुर्गा के बंगाल में महिलाएं असुरक्षित हैं। (Politics on Mamta Statement)
TMC की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है बयान: बांसुरी
सांसद बांसुरी ने कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ऐसी असंवेदनशील टिप्पणी करती हैं। वह बलात्कार पीड़िता पर ही दोषारोपण करती हैं, मुझे लगता है कि यह TMC की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। मैं ममता बनर्जी से कहना चाहती हूं कि वह न केवल राज्य की मुख्यमंत्री हैं, बल्कि गृह मंत्री भी हैं और राज्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी उन पर है। उन्हें ऐसा माहौल बनाना चाहिए कि लड़कियां इतनी सुरक्षित महसूस करें कि वे दिन हो या रात, स्वतंत्र रूप से घूम सकें। मैं ममता बनर्जी से अनुरोध करूंगी कि वह इसे सही न ठहराएं, बल्कि उस लड़की को न्याय दिलाएं। (Politics on Mamta Statement)



