डोनाल्ड ट्रंप बोले- मैं युद्ध सुलझाने में माहिर हूं, अफगानिस्तान-पाकिस्तान की जंग भी निपटाउंगा
President Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद को जंग रोकने में माहिर व्यक्ति बताया है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अब तक आठ युद्ध सुलझाए हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को खुश करेंगे। चाहे वह यहूदी हों, मुसलमान हों या अरब देश। हम इजराइल के बाद मिस्र जा रहे हैं, जहां सभी बड़े और अमीर देशों के नेता इस समझौते का हिस्सा होंगे। इजराइल-हमास युद्ध पर कहा कि यह अब खत्म हो गया है। युद्धविराम को लेकर ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि यह कायम रहेगा। इसके कई कारण हैं। लोग अब युद्ध से थक चुके हैं। मुझे विश्वास है कि यह स्थायी होगा।
यह भी पढ़ें:- CM ममता के बयान से गरमाई सियासत, महिला आयोग और भाजपा ने जताया विरोध
उन्होंने कहा कि यह समझौता कई देशों की मध्यस्थता और आपसी सहमति से संभव हुआ है और यह एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकता है। ट्रंप ने कहा कि यह अब तक का उनका आठवां युद्ध है, जिसे उन्होंने सुलझाया है। ट्रंप ने कहा कि ऐसा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने लाखों लोगों की जान बचाई है। मैंने यह नोबेल के लिए नहीं, बल्कि इंसानियत के लिए किया है। ट्रंप ने आगे कहा कि मैंने सुना है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी युद्ध चल रहा है। मैंने कहा कि उन्हें मेरे वापस आने तक इंतजार करना होगा। मैं एक और युद्ध सुलझाने जा रहा हूं, क्योंकि मैं युद्ध सुलझाने में माहिर हूं। (President Donald Trump)
भारत-पाकिस्तान पर फिर दोहराया पुराना दावा
ट्रंप ने इस बातचीत के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच विवाद को सिर्फ टैरिफ के दबाव से खत्म कराया था। उन्होंने कहा कि मैंने भारत और पाकिस्तान से कहा था कि अगर आप लड़ना चाहते हैं और आपके पास परमाणु हथियार हैं तो मैं आप दोनों पर 100%, 150%, यहां तक कि 200% तक टैरिफ लगा दूंगा। बस इतना कहने के 24 घंटे के भीतर मामला सुलझ गया। ट्रंप ने दावा किया कि इसी तरह उन्होंने कई लंबे समय से चले आ रहे अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को बेहद कम समय में खत्म कराया। (President Donald Trump)
नोबेल शांति पुरस्कार पर बोले ट्रंप
उन्होंने कहा कि कुछ युद्ध 31 साल से चल रहे थे, कुछ 32 और कुछ 37 साल से। लाखों लोग मारे जा रहे थे। मैंने उनमें से ज्यादातर को एक दिन के अंदर सुलझा दिया। नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर कहा कि उन्होंने अपने प्रयास किसी पुरस्कार के लिए नहीं किए। ट्रंप ने कहा कि नोबेल समिति ने इसे 2024 के लिए चुना था, लेकिन 2025 में हुई घटनाओं को देखते हुए कुछ लोग कह रहे हैं कि अपवाद किया जा सकता है, लेकिन मैंने यह सब किसी अवॉर्ड के लिए नहीं किया। मैंने यह लोगों की जान बचाने के लिए किया। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके कार्यों से दुनिया भर में लाखों लोगों को राहत मिली है। (President Donald Trump)



