कूनो में चीता ने 4 शावकों को दिया जन्म, नामीबिया से आई थी सियाया

Cheetahs Born in India: भारत में चलाए जा रहे चीता प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, देश में पांच दशक बाद पहली बार चीते का जन्म हुआ है। मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से आई चीता सियाया ने 4 शावकों को जन्म दिया है। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। सियाया के प्रेग्नेंट होने की जानकारी 20 दिन पहले कूनो नेशनल पार्क के मैनेजमेंट को मिली थी। तभी से उसे स्पेशल ट्रीटमेंट दिया जा रहा था। बता दें कि दो दिन पहले फीमेल चीता साशा की मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें:- राज्यसभा-लोकसभा की कार्यवाही 3 अप्रैल तक स्थगित, सदस्यता रद्द होने के बाद पहली बार संसद पहुंचे राहुल

जानकारी के लिए बता दें कि साल 2022 में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन के मौके पर नामीबिया से लाए 8 चीतों को कूनो में छोड़ा था, जिन्हें 50 दिन छोटे बाड़ों में क्वारंटाइन रखने के बाद बड़े बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया था। करीब दो महीने पहले तीन फीमेल और दो मेल चीतों को एक बाडे़ में छोड़ा गया था। इसी साल 18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों की दूसरी खेप कूनो लाई गई थी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से सियाया की गतिविधियां बाड़ा क्रमांक 5 में एक ही स्थान पर केंद्रित थी। इससे ये एहसास हुआ कि वो शायद बच्चों को जन्म देने वाली है। (Cheetahs Born in India)

वहीं बुधवार को जब वह शिकार के लिए निकली तो नामीबियाई चीता विशेषज्ञ इलाई वॉकर ने संबंधित स्थान पर सुरक्षित दूरी से देखने पर पाया कि मादा चीता ने 4 शावकों को जन्म दिया है। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट कर कहा बधाई…अमृत काल के दौरान हमारे वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना!..मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में 17 सितंबर 2022 को भारत लाए गए चीतों में से एक के चार शावकों का जन्म हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं प्रोजेक्ट चीता की पूरी टीम को भारत में चीतों को वापस लाने के उनके अथक प्रयासों और अतीत में की गई एक पारिस्थितिक गलती को सुधारने के उनके प्रयासों के लिए बधाई देता हूं। (Cheetahs Born in India)

केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव के ट्वीट को PM मोदी ने रिट्वीट करते हुए अद्भुत खबर लिखा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक अच्छी खबर है। खुशखबरी है। हम एक दिन पहले दुखी हुए थे। किडनी के संक्रमण के कारण साशा को बचा नहीं पाए थे, लेकिन सियाया ने अब 4 शावकों को जन्म दिया है और सभी स्वस्थ है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को भी प्रणाम करता हूं। चीता पुनर्स्थापना करने का प्रोजेक्ट सफलता की दिशा में जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपकी प्रेरणा और सफल प्रयासों से चीता की सुखद वापसी भारत में हुई है। मध्यप्रदेश चीता स्टेट बना है। आज कूनो नेशनल पार्क में चीता परिवार में चार नये शावकों के आगमन से हम समस्त मध्यप्रदेशवासी हर्षित और आनंदित हैं।  (Cheetahs Born in India)

Related Articles

Back to top button