महापौर मीनल चौबे ने पेश किया 2130 करोड़ का बजट, शहर विकास पर फोकस
इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, वर्किंग वुमन हॉस्टल और स्मार्ट सुविधाओं पर जोर, म्युनिसिपल बॉन्ड से जुटाए जाएंगे 100 करोड़
Raipur Nagar Nigam Budget : राजधानी रायपुर नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट महापौर मीनल चौबे ने सदन में पेश किया। कुल 2130 करोड़ 35 लाख 13 हजार रुपए के इस बजट को शहर के समग्र विकास और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़े :- ‘हवाई चप्पल पहनने वाला भी कर सके हवाई यात्रा’: अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता फ्लाइट सेवा शुरू
बजट पेश (Raipur Nagar Nigam Budget) करने से पहले महापौर ने सभापति और नेता प्रतिपक्ष को बजट की प्रति सौंपी। इसके बाद उन्होंने सदन में बजट अभिभाषण देते हुए नगर विकास, स्वच्छता, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
महापौर ने अपने भाषण में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पंडरी और नरैया तालाब क्षेत्र में वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाए जाएंगे। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 140 लाख रुपए की लागत से 268 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं।
युवाओं के लिए नालंदा परिसर की तर्ज पर आधुनिक लाइब्रेरी और यूथ हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। वहीं शंकर नगर और डूमरतराई में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट विकसित किया जाएगा, जिसके लिए नगर निगम 100 करोड़ रुपए का म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करेगा।
इसके अलावा नगर निगम मुख्यालय और पंडरी क्षेत्र में ऑटोमैटिक पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। शहर में नए सार्वजनिक शौचालय और सामुदायिक भवनों का निर्माण भी प्रस्तावित है।
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहीद स्मारक परिसर में लिफ्ट लगाई जाएगी। साथ ही राजधानी के सभी जोनों में दो-दो उद्यानों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
नगर निगम का यह बजट शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। (Raipur Nagar Nigam Budget)



