नकली दवा आरोपी से मुलाकात का मामला: एडिशनल ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम निलंबित, विभागीय जांच शुरू

रायपुर। नकली दवा कारोबार से जुड़े एक आरोपी से कथित मुलाकात के मामले में राज्य सरकार ने एडिशनल ड्रग कंट्रोलर (ADC) संजय नेताम को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के साथ उनकी मुलाकात का स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़े :- किसान हमारे प्रदेश की आत्मा और अर्थव्यवस्था की नींव हैं, अन्नदाताओं की मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी: CM साय
सूत्रों के अनुसार, नकली दवा कारोबार के आरोपी खेमराम बानी और एडीसी संजय नेताम की एक रेस्टोरेंट में मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात का वीडियो स्टिंग ऑपरेशन के माध्यम से रिकॉर्ड किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में दोनों के बीच बातचीत और बैठक का दृश्य सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन ने तत्काल प्रभाव से संजय नेताम को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि आरोपी से मुलाकात का उद्देश्य क्या था और क्या इसमें किसी प्रकार की अनियमितता या हितों का टकराव शामिल था।

इस प्रकरण में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर को भी जशपुर स्थानांतरित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिस समय आरोपी और अधिकारी की मुलाकात हुई, उस दौरान वे भी मौके पर मौजूद थीं। हालांकि, उनकी भूमिका को लेकर अभी तक आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। शासन ने स्पष्ट किया है कि नकली दवा कारोबार जैसे गंभीर मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुचित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि राज्य में नकली दवाओं के कारोबार को लेकर पहले से ही सख्ती बरती जा रही है। ऐसे में इस प्रकरण ने ड्रग नियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



