Google Analytics —— Meta Pixel

खदान हादसे अब तक 11 लोगों की मौत, एक की तलाश अभी भी जारी

Mizoram Mine Accident: मिजोरम के हनहथियाल जिले में हुए खदान हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में 12 मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। वहीं मंगलवार रात तक BSF की टीम ने 11 शवों को निकाल लिया है। जबकि अभी भी एक मजदूर लापता है। घटना मौदढ़ इलाके में 14 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे हुई। वहीं सूचना के तुरंत बाद बचाव टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। SP विनीत कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त ABCIL इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के 13 मजदूर खदान में काम कर रहे थे। एक मजदूर वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन 12 मजदूर नहीं निकल सके।

यह भी पढ़ें:- Air India पर लगा 14 लाख डॉलर का जुर्माना, पैसेंजर्स को इतने करोड़ डॉलर का देना होगा रिफंड, जानें पूरा मामला

SP ने बताया कि बाकी मलबे में फंस गए। ये खदान पिछले ढाई साल से ऑपरेशनल है। जानकारी के मुताबिक मजदूर दोपहर का खाना खाकर लौटे ही थे कि खदान ढह गई और वे उसके नीचे फंस गए। मजदूरों के साथ 5 खुदाई मशीनें और कई ड्रिलिंग मशीनें भी खदान में दब गई हैं। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स और असम राइफल रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हैं। पास के लेइते गांव और हनथियाल कस्बे के लोग रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद कर रहे हैं। (Mizoram Mine Accident)

इधर, मेडिकल टीमें भी घटनास्थल पहुंच गई हैं। इलाके से परिचित लोगों ने बताया कि मजदूर जब पत्थर तोड़कर उन्हें इकट्‌ठा कर रहे थे, तभी खदान ढह गई। यंग मिजो एसोसिएशन के वॉलंटियर्स आसपास के गांवों से वहां पहुंच गए और बचाव कार्य में मदद करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मजदूरों ने पहाड़ को काफी गहराई तक तोड़ दिया था, इससे पहाड़ी उन पर आ गिरी। एक वॉलंटियर वानलालजुइया ने कहा कि शुरुआत में एक-दो पत्थर गिरे। इसके बाद कुछ मजदूर वहां से भागे, लेकिन बाकी सभी वहीं फंस गए। मलबे में फंसे लोगों को निकालना इसलिए मुश्किल हो रहा था, क्योंकि पूरी पहाड़ी की मिट्‌टी ही उन मजदूरों पर गिर गई थी। (Mizoram Mine Accident)

बता दें कि 30 अक्टूबर को मिजोरम में ही 22,000 लीटर पेट्रोल ले जा रहे एक टैंकर में तुइरियल एयरफील्ड के आसपास के क्षेत्र में आग लग गई, जिसमें अब तक कुल 11 की मौत हो गई है। मिजोरम पुलिस के मुताबिक इस दौरान लोग टैंकर से गिरे पेट्रोल को इकट्ठा करने के लिए जमा हो गए थे। वहीं टैंक लॉरी के पास बीच सड़क पर लाइटर जलाने वाले एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया है। उसने 2 नवंबर को यह कहते हुए अपना अपराध स्वीकार किया कि यह अनजाने में किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। (Mizoram Mine Accident)

वहीं झारखंड के धनबाद में करीब 7 महीने पहले खदान धंस गई थी। चिरकुंडा थाना क्षेत्र के डुमरीजोड़ में BCCL की बंद माइंस में अवैध खनन के कारण खदान धंसी थी। उसके ऊपर की लगभग 60 फीट कच्ची सड़क भी धंस गई। इसमें 50 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका थी, लेकिन बाद में रेस्क्यू टीम ने ऑपरेशन कर लोगों के फंसने की आशंका को खारिज कर दिया था। (Mizoram Mine Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!