एमके स्टालिन का शाह पर वार, कहा- पूरी संघी बटालियन भी आ जाए, तमिलनाडु में कुछ नहीं कर पाएगी

MK Stalin on Shah: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) अध्यक्ष एमके स्टालिन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर पलटवार किया है। तिरुवन्नामलाई में DMK युवा विंग के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि अमित शाह के भीतर अहंकार आ गया है। उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि शाह न सिर्फ खुद आएं, बल्कि पूरी संघी बटालियन को भी साथ ले आएं, तब भी वे तमिलनाडु में कुछ नहीं कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें:- विवादों में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली, ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के लगे नारे
दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने एक हफ्ते पहले गुजरात के अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि वे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से कहना चाहते हैं कि आगामी चुनाव के लिए तैयार रहें। शाह ने दावा किया था कि बिहार के बाद पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी एनडीए की सरकार बनेगी। अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए स्टालिन तिरुवन्नामलाई पहुंचे थे। राज्य की वर्तमान विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि चुनाव आयोग मार्च 2026 के बाद चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसी कड़ी में DMK संगठन को मजबूत करने और युवा विंग को सक्रिय करने पर जोर दे रही है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री स्टालिन ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2024 में केंद्र में तीसरी बार सत्ता में आने के बाद भाजपा और ज्यादा आक्रामक हो गई है और झूठे वादों के सहारे राजनीति कर रही है। ऐसे में DMK को और मजबूती से अभियान चलाना होगा और अपने सिद्धांतों को जनता तक पहुंचाना होगा। स्टालिन ने कहा कि सिर्फ तमिलनाडु और तमिल भाषा की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि पूरे भारत और उसकी बहुलतावादी संस्कृति की रक्षा करना भी DMK का कर्तव्य है। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में DMK ही एकमात्र ऐसी राज्य स्तरीय पार्टी है, जो वैचारिक रूप से भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है। वे हमारे किले को भेद नहीं सके। (MK Stalin on Shah)





