विवादों में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली, ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के लगे नारे

Controversy on Congress Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली उस समय विवादों में घिर गई, जब सोशल मीडिया पर रैली से जुड़े कई वीडियो वायरल हुए। इन वीडियो में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रैली में जाते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाते हुए देखा गया। कार्यकर्ताओं ने ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के नारे लगाए। इन नारों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। जबकि कांग्रेस नेताओं ने सफाई दी है।
यह भी पढ़ें:- ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच में आतंकी हमला, 16 लोगों की मौत, हनुक्का उत्सव के दौरान गोलीबारी
नारेबाजी को लेकर भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर कांग्रेस का असली चरित्र सामने आ गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी की मौत की कामना कर रहे हैं। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस की सोच मुस्लिम लीग और नक्सलवादी विचारधारा से प्रेरित है, जिसे देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी की कब्र खोदने की बात करने वाली पार्टी खुद दफन हो जाएगी। (Controversy on Congress Rally)
मुगल साम्राज्य से की तुलना
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के भविष्य को लेकर मुगल साम्राज्य से तुलना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का हश्र वैसा ही होगा, जैसा औरंगजेब के समय मुगल साम्राज्य का हुआ था। उन्होंने ‘द लास्ट मुगल’ पुस्तक का हवाला देते हुए कहा कि मुगल साम्राज्य में छह शासकों बाबर, हुमायूं, अकबर, जहांगीर, शाहजहां और औरंगजेब के बाद सत्ता का अंत हो गया। इसी तरह कांग्रेस पर भी नेहरू परिवार की छह पीढ़ियों यानी मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी ने शासन किया। उनके अनुसार राहुल गांधी छठे नेता हैं और उनके बाद कांग्रेस का भी वही हश्र होगा।
आपत्तिजनक नारे लगाने वाली नेता की पहचान
पूरे विवाद के बीच आपत्तिजनक नारे लगाने वाली कांग्रेस नेता की पहचान जयपुर की मंजू लता मीणा के रूप में हुई है। वे जयपुर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष हैं। मंजू लता मीणा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना नहीं था, बल्कि जनता के गुस्से को व्यक्त करना था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोटों में धांधली कर सरकारें बनाई हैं और चुनाव आयोग भी सरकार के इशारों पर काम कर रहा है।
क्यों निकाली गई ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली
कांग्रेस ने यह रैली चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर निकाली थी। राहुल गांधी लगातार भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते रहे हैं। वे अब तक इस मुद्दे पर 7 अगस्त, 18 सितंबर और 4 नवंबर को तीन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को मोदी सरकार की ‘बी टीम’ तक कहा था। 9 दिसंबर को संसद में SIR पर चर्चा के दौरान भी उन्होंने भाजपा और आयोग को घेरा था। रामलीला मैदान में हुई इस रैली में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहे और उन्होंने रैली को संबोधित किया।
राहुल गांधी ने बोला हमला
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मविश्वास खत्म हो चुका है और गृहमंत्री अमित शाह के हाथ कांपते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी चोरी पकड़ी जा चुकी है। उन्होंने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह और विवेक जोशी पर भाजपा के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री ने इनके लिए कानून बदला है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर इस कानून को बदलेगी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्तों को यह नहीं भूलना चाहिए कि वे हिंदुस्तान के हैं, किसी पार्टी के नहीं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उनके बेटे का आठ घंटे का ऑपरेशन होना था और परिवार से उन्हें घर आने के लिए फोन भी आया था। उन्होंने कहा कि जब देश के लिए जवान शहीद हो रहे हैं और इंदिरा गांधी-राजीव गांधी ने कुर्बानी दी है तो वे इस लड़ाई को बीच में छोड़कर नहीं जा सकते। खड़गे ने कहा कि बेटे को कुछ भी हो जाए, कोई बात नहीं, लेकिन देश के लोगों को कुछ नहीं होना चाहिए। हमें पीछे नहीं हटना है। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेशी राष्ट्रपतियों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं, लेकिन देश की जनता के साथ खड़े नहीं होते। उन्होंने कहा कि संसद में प्रधानमंत्री का आत्मविश्वास कम हो जाता है और वे जनता की आंखों में आंख डालकर बात नहीं कर पाते।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता का भरोसा मोदी-शाह से उठ चुका है और अब भाजपा को चुनाव जीतने के लिए चुनाव आयोग की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े अधिकारी बेटिंग ऐप चला रहे थे, लेकिन इस पर कोई चर्चा नहीं होती। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली के दौरान लगे आपत्तिजनक नारों ने कांग्रेस के अभियान को विवादों में डाल दिया है। एक ओर भाजपा इसे कांग्रेस की सोच और संस्कृति बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति करार दे रही है। इस मुद्दे पर सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।




