विधायक इंद्र साव की किसानों से अपील- “वजन तौल शुल्क का कोई भुगतान न करें”
भाटापारा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच किसानों से अवैधानिक वसूली की शिकायतों पर भाटापारा विधायक इंद्र साव (MLA Indra Sao) ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि धान खरीदी केन्द्रों पर 7.50 रुपये प्रति क्विंटल वसूला जाना गैरकानूनी है और किसान किसी भी हाल में यह राशि न दें।
यह भी पढ़े :- राष्ट्र की सुरक्षा में निरंतर तैनात हमारे जवानों का योगदान अतुलनीय : मुख्यमंत्री साय
विधायक साव (MLA Indra Sao) ने किसानों के नाम जारी अपील में बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के लिए धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। प्रदेशभर से लगातार यह शिकायतें सामने आ रही हैं कि सोसायटी के बोरे में धान भरने के नाम पर केंद्रों में कार्यरत हमाल किसानों से 3 रुपये प्रति कट्टा (40 किलो) अर्थात 7.50 रुपये प्रति क्विंटल जबरन वसूल रहे हैं। पैसे देने से इनकार करने वाले किसानों को धान न खरीदने की धमकी देना, उनके अनुसार, ‘‘किसानों के साथ खुला धोखा’’ है।
इंद्र साव (MLA Indra Sao) ने कहा कि केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा जारी परिपत्र दिनांक 09.10.2025 में स्पष्ट उल्लेख है कि धान खरीदी केन्द्रों पर बोरों की भराई, तौल, सिलाई, छपाई, लोडिंग और स्टैकिंग जैसे कार्यों के लिए प्रति क्विंटल 22.05 रुपये का मंडी लेबर चार्ज भारत सरकार द्वारा संबंधित राज्य एजेंसियों को दिया जाता है। ऐसे में हमालों का भुगतान करना किसानों नहीं, बल्कि सोसाइटी की जिम्मेदारी है।
विधायक ने जिला प्रशासन और खरीद केंद्र संचालकों से तत्काल प्रभाव से अवैधानिक 7.50 रुपये प्रति क्विंटल वसूली बंद करने तथा अब तक किसानों से वसूली गई राशि वापस लौटाने की मांग की है।
- साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की है कि-
- किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क न दें,
- भुगतान के दौरान अगर अतिरिक्त राशि काटी जाए तो उसका दृढ़ता से विरोध करें,
- और प्रशासन को इसकी जानकारी तुरंत दें।
विधायक इंद्र साव ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान हो और धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं न्यायसंगत बने- यह उनकी प्राथमिकता है।



