ग्लोबलाइजेशन की बातें करने वालों ने संकट में अपने स्वार्थ को प्राथमिकता दी: PM नरेंद्र मोदी

Modi on World Order: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में वर्ल्ड समिट 2026 को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये त्योहारों का समय है, देश उत्सव, उत्साह और उमंग से भरा हुआ है। आज-कल नए वर्ल्ड ऑर्डर की चर्चा हर कोई कर रहा है, क्योंकि इसका प्रभाव, सामान्य जीवन पर पड़ रहा है, ऐसे में इस तरह की वर्ल्ड समिट्स का महत्व और बढ़ जाता है। द वर्ल्ड बिटवीन ऑर्डर्स की बात करते हुए हमें दो बातों को समझना होगा। पहली बात-दुनिया का ऑर्डर बदल क्यों रहा है? पुराना ग्लोबल ऑर्डर आज की चुनौतियों का समाधान क्यों नहीं दे पा रहा? और दूसरी बात- इस बदलती दुनिया में भारत की भूमिका क्या है ? अगर मैं पहली बात को विस्तार दूं तो यह बदलाव सहज और स्वाभाविक है। सेकंड वर्ल्ड वॉर ने दुनिया को एक बड़ा सबक दिया था।
यह भी पढ़ें:- भारत की बढ़ती रक्षा ताकत से सदमे में पाकिस्तान, चार मुस्लिम देशों के साथ की सीक्रेट डील
PM मोदी ने कहा कि दुनिया ने समझा कि केवल पावर और इंटरेस्ट्स के आधार पर विश्व व्यवस्था नहीं चल सकती। संवाद जरूरी है, सहयोग जरूरी है और विवादों का समाधान भी जरूरी है। इसी भावना ने यूनाइटेड नेशंस यानी UN की नींव रखी। UN ने दशकों तक वैश्विक सहयोग और शांति को बढ़ावा देने के लिए अपनी एक भूमिका निभाई है, लेकिन समय के साथ दुनिया बदलती गई। नई एस्पिरेशन्स उभरीं। नई इकोनॉमीज और नई पावर्स का उदय हुआ। दुनिया के सामने मौजूद चैलेंजेस भी पहले से कहीं ज्यादा कॉम्प्लेक्स होती गईं। टेक्नोलॉजी ने समाज, अर्थव्यवस्था और शक्ति के स्वरूप को बदल दिया और जो देश उस समयग्लोबल ऑर्डर बनाने वाली टेबल पर नहीं थे, वो अपनी भूमिका के साथ आगे आ गए। यानी सवाल ये कि क्या ग्लोबल ऑर्डर उसी गति से बदला? जवाब है – नहीं। ना वर्ल्ड ऑर्डर बदला और ना ही ग्लोबल इंस्टीट्यूशंस खुद को उसी गति से बदल पाए।
अब नई शक्तियां उभर रही हैं: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूनाइटेड नेशंस और दूसरे ग्लोबल इंस्टीट्यूशंस की अपनी ऐतिहासिक भूमिका रही है, लेकिन आज की चुनौतियों के सामने उनकी सीमाएं स्पष्ट दिखाई देती हैं। अब नई शक्तियां उभर रही हैं। नई आवाजें अपनी जगह मांग रही हैं। नई चुनौतियां नए समाधानों की मांग कर रही हैं। जब दुनिया की वास्तविकता बदल जाए, लेकिन फैसले लेने के तरीके न बदलें तो व्यवस्था और वास्तविकता के बीच दूरी बढ़ने लगती है। यही आज हम होते हुए देख रहे हैं। दशकों तक ट्रेड ने देशों को जोड़ा, टेक्नोलॉजी ने दूरियां मिटाईं, सी रूट्स ने अर्थव्यवस्थाओं को जोड़ा, कल्चर और मोबिलिटी अलग-अलग समाजों को करीब लाए, लेकिन आज यही कड़ियां नए तनावों का सामना कर रही हैं। ट्रेड, वेपनाइज़ेशन का माध्यम बन रहा है। टेक्नोलॉजी, कंपटीशन और कॉन्फ्लिक्ट का नया क्षेत्र बन रही है। सी रूट्स, जियोपॉलिटिकल टेंशन्स के केंद्र बन रहे हैं। इसलिए आज की चुनौती केवल एक नए ग्लोबल ऑर्डर के उभरने की नहीं है। चुनौती ये है कि बदलती दुनिया में ऐसा ऑर्डर कैसे बने, जिसमें नई वास्तविकताओं को जगह मिले, ग्लोबल इंस्टीट्यूशंस ज्यादा प्रभावी हों और देशों के बीच सहयोग की भावना मजबूत हो। यहीं से भारत की भूमिका का सवाल सामने आता है। (Modi on World Order)
कोरोना के दौरान क्या हुआ, ये हम सभी ने देखा: PM
उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान क्या हुआ, ये हम सभी ने देखा है। जब दुनिया को सबसे ज्यादा सहयोग की जरूरत थी, तब दुनिया बिल्कुल बंटी हुई नजर आई, जो लोग ग्लोबलाइजेशन को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते थे, उन्होंने संकट के समय अपने स्वार्थ को प्राथमिकता दी। बिखराव के उस दौर में हर कोई एक-दूसरे को संदेह से देख रहा था, ग्लोबल ट्रस्ट निचले स्तर पर था, तब 2020 में जब G20 के मंच से मैंने दुनिया के सामने एक बात रखी थी और मैंने कहा था अ न्यू वर्ल्ड ऑर्डर फॉ र द कलेक्टिव वेल-बीइंग ऑफ ह्यूमनकाइंड का मैंने का आह्वान किया था। यानी ऐसी व्यवस्था जिसके केंद्र में मानवता हो। उसी साल UNGA के मंच से मैंने कहा था कि अगर सदी बदल जाए और हम न बदले तो बदलाव लाने की हमारी क्षमता भी कमजोर पड़ जाती है। आज ये सवाल तो है ही कि वर्ल्ड ऑर्डर बदल रहा है, लेकिन सवाल ये भी है कि जब दुनिया का पुराना क्रम बदल रहा है तो हम मिलकर कैसी नई विश्व व्यवस्था बनाना चाहते हैं? मल्टीलैटरल इंस्टीट्यूशन्स में रीफॉर्म जरूरी है। ग्लोबल साउथ की आवाज को उचित स्थान देना जरूरी है। इंटरनेशनल को-ऑपरेशन सिर्फ गुड टाइम्स के लिए न हो, संकट के समय भी वो प्रभावी हो, इसके लिए सभी स्टेकहोल्डर्स में प्रभावी सहमति होना जरूरी है।
दुनिया को मत्स्य न्याय से बचाना जरूरी: PM मोदी
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे यहां चाणक्य ने अर्थशास्त्र में कहा है ‘अप्रणीतः तु मात्स्य न्यायं उद्-भावयति!’ यानी जब व्यवस्था कमजोर पड़ती है तो मत्स्य न्याय पैदा होता है। मत्स्य न्याय में बड़ी मछली छोटी मछली को निगल जाती है। दुनिया को ऐसी व्यवस्था की जरूरत है, जो मत्स्य-न्याय की स्थिति पैदा होने से रोके और यही भारत का विजन है। यही भारत कर रहा है। दुनिया ने कोरोना के उस भीषण संकट के दौरान भारत की इस भूमिका को अनुभव भी किया। जब दुनिया के समर्थ देश अपने बारे में ही सोच रहे थे, तब भारत ने आगे बढ़कर हर जरूरतमंद देश तक वैक्सीन्स पहुंचाईं, 100 से ज्यादा देशों को दवाइयां भेजीं। भारत सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चलते हुए विश्व-बंधु के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है। आपने भी देखा है, भारत के नेतृत्व में G20 समिट हुई, भारत के नेतृत्व में ब्रिक्स समिट हुई। इन दोनों समिट्स को लेकर कितनी आशंकाएं व्यक्त की जा रही थीं। कहा जा रहा था कि घोषणापत्रों को लेकर सहमति बनाना असंभव होगा, लेकिन भारत ने सेतु बनाए, संवाद पर बल दिया और दोनों बार आम सहमति से दिल्ली घोषणापत्र जारी हुआ। परस्पर विरोधी कहे जाने वाले देश भी भारत के मंच पर एक साथ आए। ये सिर्फ संयोग नहीं है। ये विश्व-बंधु के रूप में भारत की भूमिका का भरोसा है।
भारत बनेगा टॉप-3 इकोनॉमी: प्रधानमंत्री मोदी
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत जितना मजबूत होगा, भारत जितना सशक्त होगा, मानवता को उतना ही ज्यादा फायदा होगा, क्योंकि भारत की नीतियों को, निर्णयों को, युगों के अनुभव और सभ्यता के मूल्य प्रेरित करते हैं। भारत क्षणों के हिसाब से फैसले नहीं लेता। इसलिए भारत स्थिरता की गारंटी है, निरंतरता का आश्वासन है और विकसित भारत का हमारा संकल्प भी इसी भावना को बढ़ावा देता है। अभी कुछ दिन पहले ही एक समिट में मैंने पावर टू एम्पॉवर का विजन सामने रखा है। विकसित भारत सिर्फ हमारे लिए नहीं है। ये एक बेहतर विश्व की भी गारंटी है। जब भारत आत्मनिर्भरता की तरफ बढ़ता है तो ये ग्लोबल सप्लाई चैन्स को मजबूत करता है। जब भारत की इकोनॉमी मजबूत होती है तो ये विश्व को समृद्धि की उम्मीद देता है। जब भारत की युवाशक्ति समर्थ और स्किल्ड होती है तो ये विश्व को इनोवेशन और प्रोडक्टिविटी का भरोसा देती है। यानी भारत आज अपना सामर्थ्य बढ़ा रहा है, ताकि विश्व का सामर्थ्य भी बढ़ सके। भारत आज टॉप-3 इकोनॉमी बनने के लिए पूरी शक्ति से काम कर रहा है और हमारा हौसला तब और बढ़ता है, जब हम वर्तमान मुश्किल वैश्विक परिस्थितियों को देखते हैं और इसमें भी भारत फास्टेस्ट ग्रोइंग इकोनॉमी बनकर उभरता है। (Modi on World Order)
भारत ग्रीन एनर्जी के मामले में टॉप की इकोनॉमीज में शामिल: PM
उन्होंने कहा कि आज भारत ग्रीन एनर्जी के मामले में टॉप की इकोनॉमीज में है। भारत AI के मामले में टॉप-3 इकोसिस्टम्स में से एक है। भारत टॉप थ्री स्टार्ट अप इकोसिस्टम्स में से एक है। भारत सबसे बड़ी डिजिटल इकोनॉमीज में से एक है। भारत रियल टाइम डिजिटल पेमेंट्स में नंबर वन है। आज का भारत अपने अलग-अलग क्षेत्र में अपने सामर्थ्य को बढ़ा रहा है, ऐसी अनेक घटनाएं हैं जो भारत में पहली बार हुई हैं। भारत के फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने पहली बार क्रिटिकैलिटी हासिल की। भारत ने पहली बार सेंसस को भी डिजिटल टेक्नोलॉजी से जोड़ा। इसी दौरान भारत में पहली बार हाइड्रोजन ट्रेन चली। इसी दौरान भारत ने पहली बार नॉन-फॉसिल इलेक्ट्रिसिटी कैपेसिटी में 300 गीगावॉट का आंकड़ा पार किया। कुछ दिन पहले ही मुझे एशियन गेम्स से लौटे युवा खिलाड़ियों से मिलने का अवसर मिला। भारत ने इस बार 85 मेडल्स जीते हैं और इसमें भी हमने कई उपलब्धियां पहली बार हासिल की हैं। महिला रिकर्व टीम ने पहली बार टीम और व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीते हैं। एक ही एशियन गेम्स में मुक्केबाजी में भारत ने तीन गोल्ड मेडल्स जीते हैं और ये भी पहली बार हुआ है।
हम नई ताकत बनकर उभर रहे हैं: प्रधानमंत्री मोदी
PM मोदी ने कहा कि सिपक-टकरॉ एक खेल का नाम है। दुनिया इसको खेलती है और इसमें मेडल भी जीतती रही है। ये एक प्रकार से फुटबॉल और वॉलीबॉल का हाईब्रिड कंबिनेशन है। खेला पैरों से जाता है, लेकिन खेल नेट के आर-पार का होता है। भारत ने पहली बार हाल ही के एशियम गेम्स में इस खेल के एक इवेंट मेन क्वाडरेन्ट में भी मेडल जीता है। ये बदलते भारत की पहचान है। हर एक क्षेत्र में कुछ ना कुछ नया और पहली बार हो रहा है। यानी भारत की जो कन्वेंशनल स्ट्रेंथ रही है, वो तो मजबूत हो ही रही है, जहां हम उतने समर्थ नहीं थे, वहां भी नई ताकत बनकर उभर रहे हैं और ये सब आइसोलेशन में नहीं हो रहा, ये सब, रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म की नीति का परिणाम है। देश ने वो दिन देखे हैं, जब बिजली की डिमांड बढ़ने पर पूरा ग्रिड बैठ जाया करता था, लेकिन जब देश एक इच्छाशक्ति के साथ उठ खड़ा होता है, चल पड़ता है तो पावर ग्रिड बैठता नहीं, बल्कि वही पावर ग्रिड देश की प्रगति और आत्मविश्वास को बुलंद करता है। आज हमारी युवाशक्ति, नारीशक्ति, हमारे किसान, हमारे मछुआरे, गरीब और मिडिल क्लास, बुलंद हौसले के साथ विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं।
सी-फूड एक्सपोर्ट 12 सालों में बढ़कर दोगुने से ज्यादा: PM
उन्होंने कहा कि भारत का एक्सपोर्ट नए रिकॉर्ड बना रहा है, अगर मैं सितंबर की ही बात करूं तो गुड्स और प्रोडक्ट्स का एक्सपोर्ट पिछले साल की तुलना में करीब 25 परसेंट बढ़ा है। सी-फूड एक्सपोर्ट 12 सालों में बढ़कर दोगुने से ज्यादा हो चुका है। हमारे गांवों में साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी बन चुकी हैं और हम 6 करोड़ लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत बहुत कम समय में ही करीब 70 लाख नई जॉब्स क्रिएट किए हैं। मिडिल क्लास के लिए 12 लाख रुपए की आय पर टैक्स जीरो हुआ है, ये आप लोगों को बार-बार याद कराना पड़ता है, जो मिला वो हजम, ऐसा नहीं चलता है। देश में इज ऑफ लिविंग भी सुधर रही है और रोजगार के नए मौके भी बन रहे हैं। एक समय था, जब दुनिया भारत को वर्ल्ड्स बैंक ऑफिस कहती थी, लेकिन आज का भारत सिर्फ सर्विस प्रोवाइडर नहीं है, हम दुनिया के लिए इनोवेट कर रहे हैं, डिजाइन कर रहे हैं, नए सोल्यूशंस, नई टेक्नोलॉजी बना रहे हैं। आप रिसर्च का ही क्षेत्र देखिए आज रिसर्च पब्लिकेशन्स के मामले में हम तीसरे स्थान पर हैं। साल 2025 में करीब डेढ़ लाख पेटेंट फाइलिंग हुए हैं, एक साल में डेढ़ लाख पेटेंट्स ये रिसर्च एंड इनोवेशन को लेकर भारत में संभावनाओं की एक झलक है। (Modi on World Order)
बैक ऑफिस के रूप में नहीं, बल्कि ब्रेन ऑफिस के रूप में भी सहयोग: PM
प्रधानमंत्री ने कहा कि आप सेमीकंडक्टर सेक्टर को भी देखिए दुनिया के चिप-डिजाइन वर्कफोर्स का करीब 20 परसेंट भारत में है। भारतीय इंजीनियर्स देश में ही 2-3 नैनोमीटर ऐसे एडवांस्ड चिप डिजायन पर भी काम कर रहे हैं और इस टैलेंट पूल को और बड़ा करने के लिए देश में आज हर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। भारत के एकेडमिक इंस्टीट्यूशंस में हमारे स्टूडेंट्स अब तक सवा तीन सौ से ज्यादा चिप डिजाइन्स तैयार कर चुके हैं। एक और उदाहरण ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स का भी है। दुनिया के आधे से ज्यादा कैपेबिलिटी सेंटर्स भारत में हैं, ये सिर्फ नंबर्स की बात नहीं है, इनका काम भी बदल रहा है। पहले कई सारे सेंटर्स में सपोर्ट सर्विसेज पर ही फोकस होता था, लेकिन आज ये AI, क्लाउड, इंजीनियरिंग, एनालिटिक्स, प्रोडक्ट डेवलपमेंट जैसे कई क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। यानी भारत का रोल बदल रहा है, भारत की पहचान बदल रही है। हम टैलेंट एट स्केल से थिंकिंग एट स्केल तक पहुंचे हैं। पहले जो दुनिया भारत की मैनपावर पर भरोसा करती थी, आज वो भारत की माइंड-पावर पर भी भरोसा करती है। इसी का परिणाम है कि हम अब सिर्फ बैक ऑफिस ही नहीं, ब्रेन ऑफिस के रूप में भी दुनिया के साथ काम कर रहे हैं।



