कांग्रेस कब तक अपने फेल्ड प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi Attacks Congress: नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड समिट 2026 के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार जब भी किसी क्षेत्र में नीति बनाती है, निवेश का फैसला लेती है तो वो उसके पीछे एक सोच होती है। भारत में कौन-सी क्षमताएं विकसित करनी हैं, किन क्षेत्रों में दूसरे देशों पर अपनी निर्भरता कम करनी है और आने वाले समय में किन संकटों के लिए आज ही तैयारी करनी है। हम हर फैसले में इन बातों को ध्यान में रखते हैं। बहुत सारे इन्वेस्टमेंट्स ऐसे होते हैं, जिनका फायदा दिखने में सालों-साल लग जाते हैं, लेकिन देश के भविष्य के लिए उनका बहुत महत्व होता है। सभी भारत की फार्मा कैपेबिलिटीज से परिचित हैं, लेकिन कुछ साल पहले तक भारत बहुत बड़ी मात्रा में दवाओं के लिए रॉ मटीरियल के लिए इंपोर्ट पर निर्भर था। अब देश इस स्थिति को बदल रहा है। पेनिसिलिन G एंटीबायोटिक्स के लिए जरुरी है। पिछले दो-तीन दशकों में भारत में इसका डोमेस्टिक प्रोडक्शन लगभग बंद हो गया था। हम इसको प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव यानी PLI स्कीम के दायरे में लाए। अब आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में कई सालों बाद पेनिसिलिन G का घरेलू उत्पादन फिर से शुरू हुआ है।
यह भी पढ़ें:- ग्लोबलाइजेशन की बातें करने वालों ने संकट में अपने स्वार्थ को प्राथमिकता दी: PM नरेंद्र मोदी
उन्होंने कहा कि पेनिसिलिन-G तो एक उदाहरण है। भारत में हम API यानी दवा बनाने का जो मटैरियल होता है, उससे जुड़ी पूरी डोमेस्टिक सप्लाई चैन बना रहे हैं। इसलिए इस सेक्टर को PLI स्कीम के तहत लाया गया है और अब तक इसमें 5 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की इन्वेस्टमेंट हुई है और करीब 40 प्रोजेक्ट्स शुरु हो चुके हैं। ऐसी ही नीतियां और निर्णय भारत को आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहे हैं। दुनिया जहां नए ऑर्डर की तलाश में है, कुछ लोग भारत में डिस-ऑर्डर के सपने देख रहे हैं। आज जब दुनिया में इतनी अव्यवस्था है, तब एक मजबूत भारत की तस्वीर दुनिया में जानी चाहिए, लेकिन ये लोग भारत की प्रतिष्ठा को ही मिट्टी में मिलाने पर तुले हुए हैं। ये लोग विदेशों में जा-जाकर भारत को बदनाम करते हैं, विदेशियों से दखल की अर्जी लगाते हैं, पता नहीं कब तक कांग्रेस अपने फेल्ड प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी। सालभर में हमारे श्री हरिकोटा से उतनी लॉन्चिंग नहीं होती, जितनी एक साल में कांग्रेस के लोग अपने नेता को लॉन्च करने की विफल कोशिश कर लेते हैं।
भारत की प्रगति को ही कठघरे में खड़ा कर रही कांग्रेस: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस को अपनी जो दुर्दशा करनी हो, करे, इससे हमें कोई समस्या नहीं है, लेकिन अपने परिवार को लगातार नाकामी के दाग से बचाने के लिए कांग्रेस अब भारत की उपलब्धियों को, भारत की अच्छाइयों को और भारत की प्रगति को ही कठघरे में खड़ा कर रही है। अंगूर इतने खट्टे हैं कि कांग्रेस अंगूर की बेल को काटने में ही जुट गई है। दरअसल, कांग्रेस का ये परिवार उनकी पार्टी पर बोझ बन चुका है, पार्टी के बड़े-बुजुर्ग भी ये समझते हैं, अकेले में मिलने पर हमें बताते भी हैं, लेकिन अपमान का घूंट पीकर वो चुप ही रहते हैं। कांग्रेस के इस रवैये का नुकसान सरकार के ईमानदार आलोचकों को भी होता है और ये लोकतंत्र में बहुत बड़ा खर्चा है। ईमानदार आलोचकों को इससे बहुत नुकसान हो रहा है, जो लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के खिलाफ अपनी बात रखना चाहते हैं, उनकी बात भी कांग्रेस के शोर में खो जाती है, उन ईमानदार आलोचकों की आवाज दब जाती है, जो लोकतंत्र का भला चाहते हैं, देश का हित चाहते हैं और भले ही सरकार के कट्टर विरोधी हैं, उनको कांग्रेस के इस चीखने-चिल्लाने में कहीं मौका ही नहीं मिलता, अपनी बात रखने का।
कांग्रेस परजीवी बन गई है: प्रधानमंत्री मोदी
PM मोदी ने कहा कि हमने संसद में देखा है कि विपक्षी दलों के कितने ही प्रतिभावान युवा सांसद हैं, जो अपनी बात रखना चाहते हैं, सरकार की आलोचना करना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस संसद नहीं चलने देती कि दूसरों को मौका ना मिल जाए, क्योंकि कांग्रेस को लाइम-लाइट में सिर्फ एक को ही रखना है। ऐसा करके विपक्ष के युवा सांसदों के साथ कांग्रेस बहुत अन्याय करती है। ऐसे आंदोलन जो स्वाभाविक रूप से सरकार की कमियों को उजागर करना चाहते हैं, जो वाकई सिस्टम में सुधार करना चाहते हैं और लोकतंत्र में ये आवश्यक भी है, लेकिन उन्हें भी कांग्रेस तबाह कर देती है। कांग्रेस वो परजीवी बन गई है, जो किसी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती। दिमागी नक्सलियों ने कांग्रेस के दिमाग पर ऐसा कब्जा कर लिया है कि कांग्रेस ने खुद के सोचने की क्षमता ही खो दी है, जो जंगलों में विनाश करते थे, वो अब कांग्रेस में घुसकर देश का सर्वनाश करने पर तुले हुए हैं। इन सारी चुनौतियों के बीच हमारे सामने विकसित भारत का विराट लक्ष्य है। (PM Modi Attacks Congress)
देश की आकांक्षाएं असीमित हैं: प्रधानमंत्री मोदी
उन्होंने कहा कि देश की आकांक्षाएं असीमित हैं। इसलिए भारत में एक ही स्पिरिट आज गुंजायमान है और ये स्पिरिट है- वी विल डू इट। हम बड़े सपने देखेंगे, हर चुनौती को अवसर में बदलेंगे, हर संकल्प को सिद्धि तक लेकर जाएंगे। हमारी शक्ति, हमारा आत्मविश्वास है, हमारी प्रेरणा 140 करोड़ देशवासियों के सपने हैं। हम इनोवेशन करेंगे, नई राहें बनाएंगे, नई ऊंचाइयां छुएंगे और भारत की सफलता को दुनिया की सफलता से जोड़ेंगे। मुझे विश्वास है इस समिट से निकला अमृत हमारी इसी स्पिरिट को सशक्त करेगा, हमारे संकल्पों को नई ऊर्जा देगा और भारत की विराट आकांक्षाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इस समिट में हुए विचार-विमर्श से राष्ट्रीय संकल्पों को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम बड़े सपने देखेंगे, हर चुनौती को अवसर में बदलेंगे और अपने हर संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएंगे, क्योंकि विकसित भारत सिर्फ हमारे लिए नहीं है। ये एक बेहतर विश्व की भी गारंटी है। (PM Modi Attacks Congress)



