Google Analytics —— Meta Pixel

भारत की बढ़ती रक्षा ताकत से सदमे में पाकिस्तान, चार मुस्लिम देशों के साथ की सीक्रेट डील 

Pakistan New Defense Deal: आत्मनिर्भर भारत के तहत बढ़ रहे स्वदेशी रक्षा उत्पादन ने वैश्विक महाशक्तियों को भी चौका दिया है और आज दुनियाभर में भारत की सैन्य धमक साफ महसूस की जा रही है। पूरी दुनिया में भारत की सैन्य ताकत का डंका बज रहा है। भारत के इसी आत्मनिर्भर अभियान की धमक और ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तानी-चीनी हथियारों के कचूमर निकलने के सदमे से पाकिस्तान अभी तक उबर नहीं पाया है। भारत की इसी अजेय सैन्य ताकत से खौफ खाकर और अपनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही फजीहत को छुपाने के लिए पाकिस्तान ने एक नया और अजीबोगरीब पैंतरा चला है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाला बहुचर्चित ‘मक्का पैक्ट’ जब जमीन पर उतरने से पहले ही दम तोड़ता दिखा तो बौखलाए पाकिस्तान ने तुर्किए, कतर और दुनिया के सबसे बड़े मुस्लिम देश इंडोनेशिया को साथ मिलाकर एक नया डिफेंस गिरोह तैयार कर लिया है। 

यह भी पढ़ें:- UN में भारत-पाकिस्तान के बीच तीखी बहस, भारत बोला- अल्पसंख्यकों पर हमें नसीहत न दे पाकिस्तान

कतर की राजधानी दोहा में चुपचाप गुपचुप तरीके से साइन किए गए इस नए रक्षा समझौते को ‘बद्र एग्रीमेंट’ का नाम दिया गया है, जो सीधे तौर पर पश्चिमी देशों और भारत के बढ़ते रक्षा प्रभाव को काउंटर करने की एक असफल कूटनीतिक कोशिश माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों और पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह कोई पारंपरिक सैन्य संधि नहीं, बल्कि एक क्वाड्रिलेटरल टेक्नोलॉजिकल मिलिट्री एक्सिस है। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य हथियारों की साझा खरीद, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग है। इस समझौते का नाम ‘बद्र’ रखा गया है, जिसका अरबी में मतलब ‘पूरा चांद’ होता है। इस्लामिक इतिहास में ‘बद्र की जंग’ की याद दिलाते हुए इस नाम को आपसी एकजुटता का प्रतीक बताया जा रहा है। तुर्किए के पास आधुनिक सैन्य तकनीक, TB2 जैसे ड्रोन सिस्टम और मजबूत रक्षा उद्योग का अनुभव है। (Pakistan New Defense Deal)

अमेरिका पर निर्भरता कम करने की मजबूरी

पाकिस्तान और इंडोनेशिया के पास भारी श्रम शक्ति, हथियार उत्पादन की बुनियादी क्षमता और बड़े घरेलू बाजार हैं। कतर के पास अथा पैसा और भारी निवेश करने की क्षमता है। कतर इस रक्षा नेटवर्क में भारी मात्रा में पैसे का निवेश करेगा। इसके लिए एक संयुक्त मिनिस्ट्रियल काउंसिल का गठन किया जाएगा, जो बजट और प्रोडक्शन साइट्स को तय करेगी। मिडिल-ईस्ट के हालिया संघर्षों और जंग के दौरान अमेरिका से हथियारों समेत इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति में आई भारी कमी से सबक लेते हुए इन चारों देशों ने यह कदम उठाया है, ताकि भविष्य में पश्चिमी देशों पर उनकी निर्भरता घटाई जा सके। यह नया फ्रेमवर्क तुर्किए और पाकिस्तान के बीच चल रहे युद्धपोत निर्माण और इंडोनेशिया-तुर्किए के बीच टैंक विकास प्रोजेक्ट को एक व्यापक नेटवर्क के तहत जोड़ेगा।

मक्का पैक्ट बनाम बद्र करार, दोनों में जमीन-आसमान का फर्क

विशेषज्ञों का मानना है कि सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किए के बीच अगस्त में हुए ‘मक्का पैक्ट’ और अब दोहा में हुए ‘बद्र करार’ में बहुत बड़ा अंतर है। मक्का पैक्ट एक त्रिपक्षीय सैन्य सुरक्षा समझौता है, जिसके तहत अगर किसी एक देश पर हमला होता है तो उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा और सामूहिक रूप से जवाब दिया जाएगा। जबकि बद्र करार विशुद्ध रूप से औद्योगिक और तकनीकी सहयोग है, जिसका जोर हथियारों का साझा उत्पादन, लोकल कैपेसिटी बिल्डिंग और सप्लाई चेन को मजबूत करना है। एक तरफ पाकिस्तान दुनिया को दिखाने के लिए तुर्किए और कतर के साथ मिलकर डिफेंस क्लब बना रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसकी असलियत किसी से छिपी नहीं है। भारत के ‘मेक इन इंडिया’ की वैश्विक साख और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता से पाकिस्तान की नींद उड़ी हुई है। दुनिया जानती है कि पाकिस्तानी फौज अपनी रक्षा जरूरतों के लिए हमेशा से दूसरों के टुकड़ों और भीख पर पलती आई है। (Pakistan New Defense Deal)

पाकिस्तान की बदहाली का सच

अपने देश में ढंग की रोटी और विकास के लाले पड़े हैं, लेकिन हुक्मरानों को चीन और तुर्किए के सहारे प्रोपेगैंडा फैलाने से फुर्सत नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर में चीनी हथियारों की जो फजीहत हुई थी, उससे पाकिस्तान का रक्षा ढांचा पहले ही बेनकाब हो चुका है। अब चार देशों के साथ मिलकर भी अगर पाकिस्तान यह सोचता है कि वह भारत की सैन्य और तकनीकी ताकत की बराबरी कर लेगा तो यह उसकी सबसे बड़ी मूर्खता और सिर्फ शेखचिल्ली वाले सपने देखने जैसा ही है। भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता और मेक इन इंडिया की मजबूत नींव ने पाकिस्तान और उसके नए सहयोगियों को कूटनीतिक रक्षात्मक मुद्रा में ला खड़ा किया है, जहां एक तरफ भारत स्वदेशी तकनीक के दम पर ग्लोबल लीडर बन रहा है, वहीं पाकिस्तान कागजी समझौतों और विदेशी भीख के सहारे अपनी बदहाली को ढकने की नाकाम कोशिश में जुटा है। बद्र एग्रीमेंट का यह नया ढोंग आने वाले समय में पाकिस्तान की डूबती नैया को कितना पार लगाएगा, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इतना तय है कि भारत के बढ़ते पराक्रम के आगे पाकिस्तान के ये तमाम पैंतरे हमेशा की तरह हवा हवाई साबित होने वाले हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!