देश में मानसून बना आफत, झारखंड-यूपी में बिजली गिरने से 17 मौतें, केरल में चार दिन में गई 25 लोगों की जान

Monsoon Disaster 2026: देश में मानसून का सबसे खतरनाक दौर जारी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब सिर्फ राहत नहीं, बल्कि तबाही का कारण बनती जा रही है। उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक कई राज्य बाढ़, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की मार झेल रहे हैं। झारखंड और उत्तर प्रदेश में मंगलवार को बिजली गिरने और बारिश से जुड़े हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि केरल में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश और बाढ़ के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 25 पहुंच गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भूस्खलन के चलते 300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं और कई इलाके देश के बाकी हिस्सों से कट गए हैं।
यह भी पढे़ं:- कांग्रेस ने महाराष्ट्र की डिप्टी CM सुनेत्रा पवार को कहा गूंगी गुड़िया, CM फडणवीस और डिप्टी CM शिंदे का पलटवार
भारतीय मौसम विभाग ने असम और मेघालय के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, गोवा और मध्य महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मंगलवार को झारखंड में आकाशीय बिजली ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई। राज्य के तीन जिलों में बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए। सबसे ज्यादा 9 मौतें गिरिडीह में हुईं। दुमका में 3 और लातेहार में 2 लोगों ने जान गंवाई। गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र में कुछ युवक खेल समाप्त होने के बाद एक स्थान पर बैठे हुए थे। (Monsoon Disaster 2026)
यूपी में गड्ढे में डूबे दो बच्चे, युवक पर गिरी बिजली
अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में चार युवक 18 से 20 साल आयु वर्ग के थे। राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को सहायता देने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश में भी मानसून का कहर देखने को मिला। मिर्जापुर जिले में दो बच्चों की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक 25 साल का युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। दूसरी ओर बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 40 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई स्थानों पर हाईवे के ऊपर से पानी बह रहा है। शामली में तेज बहाव में एक कार बह गई। वहीं अंडरपास में फंसी एक स्कूल बस को स्थानीय लोगों और प्रशासन ने ट्रैक्टर की मदद से सुरक्षित निकाला। राज्य के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
केरल में चार दिन में 25 मौतें
दक्षिण भारत का केरल राज्य लगातार बारिश और बाढ़ से जूझ रहा है। 1 अगस्त से शुरू हुई बारिश ने अब तक 25 लोगों की जान ले ली है जबकि चार लोग अभी भी लापता हैं। राज्य सरकार के अनुसार 18 हजार से ज्यादा लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है। सबसे अधिक प्रभावित जिले पथनमथिट्टा, कोट्टायम और अलप्पुझा हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं। कई गांवों का संपर्क टूट चुका है और हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर पहाड़ी राज्यों में दिखाई दे रहा है। हिमाचल प्रदेश में 160 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर कई जगहों पर भूस्खलन होने से यातायात कई घंटों तक बाधित रहा। 190 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 58 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। उत्तराखंड में 99 सड़कें बंद हैं। उत्तरकाशी के यमुनोत्री हाईवे पर कई जगह पहाड़ों से मलबा गिरा। देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश को देखते हुए कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए।
देशभर से सामने आईं बारिश की तस्वीरें
मथुरा में अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया। दोपहिया वाहन चालक कमर तक पानी में चलने को मजबूर हुए। हरियाणा के पानीपत में सड़क पर जलभराव के बीच तीन बच्चे खुले नाले में गिर गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बचा लिया। बिहार के सासाराम में नदी किनारे सेल्फी लेते समय तीन युवक तेज बहाव में फंस गए। ग्रामीणों ने कपड़ों की रस्सी बनाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। उत्तरकाशी में यमुनोत्री हाईवे पर लगातार भूस्खलन के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों के लिए अगले 2 दिनों का मौसम अलर्ट जारी किया है। 5 अगस्त को असम और मेघालय के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। (Monsoon Disaster 2026)
अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम
झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 अगस्त को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही देश के 20 से ज्यादा राज्यों में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 7 अगस्त को राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और केरल में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। कई राज्यों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून ट्रफ इस समय उत्तर भारत और पूर्वी भारत के ऊपर सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मैदानी इलाकों में जलभराव और नदी किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है। देश में इस बार मानसून सामान्य से ज्यादा सक्रिय नजर आ रहा है, जहां एक ओर बारिश से जलाशय भर रहे हैं और खेती को फायदा मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही अत्यधिक बारिश लोगों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। बिजली गिरने, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाओं में लगातार मौतें हो रही हैं। आने वाले दो दिन पूरे देश के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। अगर बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो कई और राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति गंभीर हो सकती है। (Monsoon Disaster 2026)
लोगों के लिए एडवाइजरी
- नदी-नालों के पास जाने से बचें।
- बिजली कड़कने पर खुले मैदान में न रहें।
- अनावश्यक यात्रा न करें।
- पहाड़ी क्षेत्रों में रात के समय सफर से बचें।
- मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
- स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का तुरंत पालन करें।



