मानसून का बदला मिजाज, कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे की मार, अगले 48 घंटे कई राज्यों के लिए बेहद भारी

Monsoon Update 2026: देश में मानसून का प्रभाव अब चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है, लेकिन इसकी तस्वीर पूरे भारत में एक जैसी नहीं है। कहीं नदियां उफान पर हैं, गांवों में बाढ़ का पानी घुस चुका है और सड़कें टूट रही हैं, तो कहीं खेत अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है, जबकि मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में अब भी सामान्य से कम बारिश चिंता का विषय बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों को बेहद संवेदनशील बताया है। विभाग के मुताबिक उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:- देश में मानसून बना आफत, झारखंड-यूपी में बिजली गिरने से 17 मौतें, केरल में चार दिन में गई 25 लोगों की जान
उत्तर प्रदेश इस समय सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल है। बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसके चलते 40 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कई संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं और कुछ स्थानों पर राष्ट्रीय-राज्य राजमार्गों के ऊपर से पानी बह रहा है। शामली जिले में तेज बहाव में एक कार बह गई। वहीं एक स्कूल बस अंडरपास में फंस गई, जिसे स्थानीय लोगों और प्रशासन ने ट्रैक्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। मिर्जापुर में बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। (Monsoon Update 2026)
पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश से राहत भी, परेशानी भी
पंजाब और चंडीगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने तापमान में गिरावट जरूर दर्ज कराई है, लेकिन शहरी इलाकों में जलभराव और ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों पर असर भी देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों में पटियाला में सबसे ज्यादा 143 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जबकि पठानकोट और आसपास के क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हो गईं। मौसम विभाग ने 6 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा है। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुपौल और अररिया में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पटना, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया और किशनगंज समेत कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश का अनुमान है।प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
राजस्थान में मानसून की वापसी से बदला मौसम
राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। करौली, भरतपुर, अलवर और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में दो इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इससे तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जहां देश के कई हिस्से बाढ़ का सामना कर रहे हैं, वहीं मध्य प्रदेश में स्थिति अलग है। इस मानसून सीजन में राज्य में अब तक औसत से लगभग 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 43 जिले बारिश की कमी से प्रभावित बताए जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अगस्त के दूसरे हफ्ते तक अच्छी बारिश नहीं हुई तो खरीफ फसलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल, रीवा और सागर संभाग सहित कुछ जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
हिमाचल और उत्तराखंड में खतरा बरकरार
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण 160 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर कई जगह भूस्खलन हुआ, जिससे घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। बिजली और पेयजल सेवाओं पर भी असर पड़ा है। उत्तराखंड में 10 जिलों की 99 सड़कें बंद हैं। उत्तरकाशी के यमुनोत्री हाईवे पर लगातार मलबा गिर रहा है। देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश के कारण कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन देश के कई राज्यों के लिए बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं। 6 अगस्त को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत 20 से ज्यादा राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। (Monsoon Update 2026)
क्या कह रहे हैं मौसम विशेषज्ञ ?
कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वहीं 7 अगस्त को राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और केरल में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ व जलभराव के खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। विशेषज्ञों के मुताबिकर बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के कारण उत्तर, पूर्व और मध्य भारत में बारिश की तीव्रता बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मैदानी इलाकों में जलभराव और नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
आने वाले 48 घंटे कई राज्यों के लिए निर्णायक
विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि हाल के सालों में जलवायु परिवर्तन के कारण मानसून का स्वरूप ज्यादा अनिश्चित हुआ है। कम समय में अत्यधिक बारिश की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे शहरी बाढ़, फ्लैश फ्लड और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में भी वृद्धि देखी जा रही है। देश में मानसून इस समय दो विपरीत तस्वीरें पेश कर रहा है। एक ओर उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण के कई हिस्से बाढ़, बिजली गिरने और भूस्खलन से जूझ रहे हैं, वहीं मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अब भी सामान्य से कम वर्षा चिंता का कारण बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 48 घंटे कई राज्यों के लिए निर्णायक होंगे। ऐसे में प्रशासन की तैयारियों के साथ-साथ नागरिकों की सतर्कता भी बड़े हादसों को टालने में अहम भूमिका निभाएगी। (Monsoon Update 2026)
सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां
- नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
- बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों या खुले मैदान में खड़े न हों।
- पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें।
- मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।
- बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से रोकें।
- आपदा की स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क करें।



