Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस ने महाराष्ट्र की डिप्टी CM सुनेत्रा पवार को कहा गूंगी गुड़िया, CM फडणवीस और डिप्टी CM शिंदे का पलटवार

Congress on Sunetra Pawar: महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब कांग्रेस ने राज्य की पहिली महिला डिप्टी CM सुनेत्रा पवार को लेकर गूंगी गुड़िया शब्द का इस्तेमाल किया। कांग्रेस की इस टिप्पणी के बाद महायुति सरकार ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस के बयान की कड़ी आलोचना की, जबकि एनसीपी ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए सवाल उठाए। विवाद की शुरुआत सोमवार को हुई, जब डिप्टी CM सुनेत्रा पवार से बीड जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर पत्रकारों ने सवाल पूछा। आरोप है कि इस दौरान एनसीपी नेता धनंजय मुंडे ने उनका बचाव करते हुए हस्तक्षेप किया। इसके बाद कांग्रेस ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और टिप्पणी करते हुए पूछा कि सुनेत्रा पवार आखिर कब तक गूंगी गुड़िया बनी रहेंगी ?

यह भी पढ़ें:- बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की पारंपरिक सीट पर जीते प्रशांत किशोर का बड़ा राजनीतिक संदेश, बोले- बिहार को चाहिए बेहतर नेतृत्व 

यही टिप्पणी देखते ही देखते महाराष्ट्र की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गई और सत्तारूढ़ महायुति ने कांग्रेस पर महिलाओं के सम्मान का अपमान करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि प्रचार के लिए कांग्रेस बहुत निचले स्तर पर चली गई है। कोई उनकी तरफ नहीं देख रहा है। उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति में इस तरह की गिरावट पहले कभी देखने को नहीं मिली। कांग्रेस जनता के बीच अपनी राजनीतिक जमीन खो चुकी है और अब केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के विवादित बयान दे रही है। फडणवीस ने कहा कि विपक्ष को कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है, इसलिए वह नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रहा है। उन्होंने इसे महाराष्ट्र की राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक राजनीति के लिए उचित नहीं है। (Congress on Sunetra Pawar)

उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है: डिप्टी CM शिंदे

डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, मति भ्रष्ट हो गई है। सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उप-मुख्यमंत्री हैं। ये कांग्रेस को क्या हुआ, समझ में नहीं आ रहा है। 2024 में जब उन्होंने लाडली बहनों का ऐसे ही अपमान किया था। तब अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था और तब सारी लाडली बहनों ने उन्हें ठिकाने लगा दिया और सबक सिखा दिया। मैं यही कहूंगा कि यह सुनेत्रा पवार का अपमान नहीं है, महाराष्ट्र की सभी माता-बहनों का अपमान है और हमारी माता-बहनें कांग्रेस की सबक सिखाएंगी। उन्हें अपनी निंदाजनक बयान पर तुरंत माफी मांगनी चाहिए। मंत्री योगेश कदम ने कहा कि जिस परिस्थिति में सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनीं, स्पेशली महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री के तौर पर आज वह वहां पर काम कर रही हैं। मेरे ख्याल से उनके माध्यम से जितने भी काम पिछले 3-4 महीनों में हुए हैं, वो पूरे महाराष्ट्र और पूरे देश ने देखे हैं, लेकिन इस तरह असंस्कृत शब्दों का इस्तेमाल करना या फिर बदनामकारी आरोप को लगाना ये गलत है।

ऐसे शब्दों का उपयोग करना बहुत ही दुर्भाग्य: मलिक

NCP विधायक सना मलिक ने कहा कि हमारा ये मानना है कि कांग्रेस के जो ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर इस तरह का पोस्ट है, ये बहुत ही दुर्भाग्य की बात है कि हम आज भी वो वाले काल में रह रहे हैं, जहां महिलाओं के ऊपर टिप्पणी हो रही है। कांग्रेस शायद अपनी विचारधारा को भूल गई है, कांग्रेस अपने इतिहास को भूल गई है, क्योंकि हमने देखा है कांग्रेस में दो ऐसी बड़ी नेत्रियां जो महिलाएं थीं, उन्होंने अपनी पार्टी का नेतृत्व किया है और अच्छे-अच्छे पदों पर विराजमान हुई हैं। आज हमारी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा सुनेत्रा पवार के ऊपर ऐसी टिप्पणी और साथ ही साथ जो महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं, उनके ऊपर ऐसे शब्दों का उपयोग करना बहुत ही दुर्भाग्य है। NCP नेता अमोल मिटकरी ने कहा कि ऐसे 4% के लावारिस औलाद, जिस तरीके से वो ट्रोलर्स की गैंग इनके पास रखी जा रही है। ऐसे कुत्तों पर FIR करके ज्यादा भाव देने की कोई जरूरत नहीं है।
गली के कुत्तों को हम ज्यादा भाव नहीं देते: मिटकरी
उन्होंने कहा कि इनकी औकात अगर दिखानी होगी, तो चुनाव में दिखाई जाएगी, जिस तरीके से बयान इन्होंने दिया है, वो कभी सहन नहीं हो सकता। रही बात FIR करने की, तो गली के कुत्तों को हम ज्यादा भाव नहीं देते। मिटकरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जिस तरीके से एक्स पोस्ट करके बयान दिया है, वो पूरे महाराष्ट्र की माता-बहनों का अवमान है। हम चाहते हैं कि हर्षवर्धन सपकाल जल्द से जल्द इसकी माफी मांगें और एक्स पोस्ट हटाई जाए। आप जिस तरीके से अवमान कर रहे हो, 1966 में जनसंघ द्वारा इसी प्रकार भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा जी के बारे में यही शब्द कहे गए थे, लेकिन बाद में आयरन लेडी के रूप में उन्होंने पूरे देश में और देश के बाहर भी अपनी प्रतिमा स्थापित की। हम उनको इशारा भी दे रहे हैं और एक सूचना भी दे रहे हैं। अगर उनको अपनी गलती का पश्चाताप नहीं हुआ तो आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को महाराष्ट्र में मिट्टी में मिलाने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी तैयार रहेगी। 
सुनेत्रा काकी ने कुछ भी नहीं किया: रोहित

शिवसेना विधायक दीपक केसरकर ने कहा कि एक वक्त ऐसा था, जब इंदिरा जी प्रधानमंत्री बनीं, तब भी लोग उन्हें गुंगी गुड़िया कह रहे थे, लेकिन उन्होंने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, जो प्रिवी पर्स होती थी उसको रद्द किया। 20 सूत्री जो उन्होंने एक प्रोग्राम दिया, इंडिया को इसकी वजह से बाद में लोग उनको जब मोस्ट पावरफुल लेडीज इन वर्ल्ड गिनते थे, उसमें इंदिरा गांधी जी का नाम आता था।इतिहास कांग्रेस भूल गए क्या? एक महिला को वो गुंगी गुड़िया बोल रहे हैं, उनको ऐसे नहीं कहना चाहिए। ऐसा मुझे लगता है। NCP (SCP) विधायक रोहित पवार ने कहा कि अगर दादा होते तो वहां पर वो उस नेता को शांत करते, लेकिन यहां पर जो सुनेत्रा काकी ने कुछ भी नहीं किया, वो गलत था। गूंगी गुड़िया ये एक साइड से अच्छा भी है और एक साइड से स्टेटमेंट बुरा भी है। अच्छा इसलिए, क्योंकि बहुत लोगों ने जो इंदिरा गांधी जी के ऊपर टीका करते थे या विरोध करते थे, वो कहते थे ये गूंगी गुड़िया क्या करेगी? लेकिन बाद में जब उनको अवसर मिला, तब उन्होंने अच्छा और सुंदर काम किया है। आप सबको मालूम है, नेहरू जी के बाद किसका नाम लिया जाता है।

सही समय पर जवाब दूंगी: डिप्टी CM सुनेत्रा पवार

कांग्रेस विधायक भाई जगताप ने कहा कि सुनेत्रा वहिनी को जानता हूं, एक सक्षम महिला हैं, लेकिन उससे उनको बुरा लगने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इंदिरा गांधी जी को भी गूंगी गुड़िया कहा था। वो इंदिरा गांधी ने पूरे विश्व में दिखा दिया था कि महिला शक्ति क्या होती है। सुनेत्रा ताई भी यह करेगी। इस बीच महाराष्ट्र की डिप्टी CM सुनेत्रा पवार ने कहा कि सही समय पर जवाब दूंगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महाराष्ट्र में आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए सत्तारूढ़ महायुति और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो सकते हैं। महिलाओं के सम्मान का मुद्दा राज्य की राजनीति में हमेशा संवेदनशील रहा है और ऐसे बयान चुनावी विमर्श को भी प्रभावित कर सकते हैं। (Congress on Sunetra Pawar)

कांग्रेस को घेरने की कोशिश

महायुति इस विवाद को महिलाओं के सम्मान से जोड़कर कांग्रेस को घेरने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि उसकी टिप्पणी राजनीतिक संदर्भ में थी। हालांकि विवादित शब्दों के इस्तेमाल ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक बहस का केंद्र बना दिया है। महाराष्ट्र की राजनीति में गूंगी गुड़िया टिप्पणी ने नया सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। कांग्रेस के एक बयान ने सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी जुबानी जंग छेड़ दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और एनसीपी ने इसे महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है, जबकि अब सभी की नजर इस बात पर है कि कांग्रेस इस विवाद पर आगे क्या रुख अपनाती है। फिलहाल, एक राजनीतिक टिप्पणी ने महाराष्ट्र की सियासत में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्ष इसे राजनीतिक अभिव्यक्ति बता रहा है, तो सत्ता पक्ष इसे महिलाओं के सम्मान से जोड़कर कांग्रेस को घेरने में जुटा है। अब देखना होगा कि यह विवाद केवल बयानबाजी तक सीमित रहता है या आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति का बड़ा मुद्दा बनता है।

Back to top button
error: Content is protected !!