Google Analytics —— Meta Pixel

प्रेम संबंध में शक बना हत्या की वजह, 17 वर्षीय नाबालिग की गला दबाकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में 17 वर्षीय नाबालिग की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका और मुख्य आरोपी अजीत घृतलहरे के बीच करीब पांच साल से प्रेम संबंध थे। इसी दौरान नाबालिग के किसी अन्य युवक से मोबाइल पर बातचीत करने की आशंका को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान अजीत ने नाबालिग का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात में सहयोग और साक्ष्य छिपाने के आरोप में उसके साथी साहिल खांडे को भी गिरफ्तार किया गया है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नेवासपुर का है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बिस्तर पर बेहोश मिली थी नाबालिग

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात परिजनों को 17 वर्षीय नाबालिग अपने बिस्तर पर बेहोशी की हालत में मिली थी। उसके गले पर चोट और खरोंच के निशान दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जांच के दौरान गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।

मोबाइल पर बातचीत को लेकर हुआ विवाद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अजीत घृतलहरे और मृतका के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, अजीत ने पूछताछ में वर्ष 2021 से नाबालिग के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। करीब एक साल पहले उसे मृतका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। आरोप है कि उस समय अजीत ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को हैदराबाद से गांव लौटने के बाद अजीत ने अपने साथी साहिल खांडे को मृतका के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की बात बताई। इसके बाद 19 अक्टूबर की रात दोनों मोटरसाइकिल से नेवासपुर पहुंचे।

दीवार फांदकर घर में घुसा आरोपी

पुलिस की जांच के मुताबिक, अजीत अपने साथी साहिल को घर के बाहर निगरानी के लिए छोड़कर दीवार फांदकर अंदर गया। वहां उसने नाबालिग को मोबाइल पर बात करते देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और हाथापाई के दौरान अजीत ने कथित तौर पर उसका गला दबा दिया। इससे नाबालिग की मौत हो गई।

हत्या को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश

पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी ने शव को दूसरे कमरे के बिस्तर पर लिटा दिया, ताकि मौत सामान्य या हार्ट अटैक से हुई प्रतीत हो। इसके बाद उसने अपने साथी साहिल को घटना की जानकारी दी। विवेचना के दौरान साक्ष्य छिपाने में साहिल की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 J 7143 जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 103, 238 और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!