राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मां दंतेश्वरी के किए दर्शन, देश की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज शुक्रवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने मां दंतेश्वरी के समक्ष श्रद्धा अर्पित कर देश की उन्नति और जनकल्याण की कामना की। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी देवी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की प्रार्थना की।
बस्तर की आस्था और परंपरा का प्रतीक हैं मां दंतेश्वरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मां दंतेश्वरी के प्रति बस्तर अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि बस्तर के लोकजीवन, संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और सामाजिक जीवन के बीच गहरा जुड़ाव दिखाई देता है।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा। बस्तर की विशिष्ट संस्कृति और धार्मिक परंपराएं छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उल्लेखनीय है कि मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। देवी के प्रति बस्तरवासियों की गहरी आस्था है और उनकी पूजा-अर्चना यहां की सदियों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी हुई है।



