Google Analytics —— Meta Pixel

दुर्ग में दिवाली की रात खूनी खेल… पटाखा फोड़ने के विवाद में बड़े पापा की हत्या

Murder in Durg: दुर्ग जिले के बैरागी मोहल्ले में दिवाली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। 2 युवकों ने मिलकर अपने बड़े पापा गणेश बैरागी (55 साल) की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक मोहल्ले में घूम-घूमकर बच्चों के खिलौने बेचने का काम करता था और इसी से अपना जीवन यापन करता था। सीएसपी हेम प्रकाश नायक ने बताया कि मोहल्ले में बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान संजय बैरागी और शुभम बैरागी का अपने बड़े पापा गणेश बैरागी से पटाखा जलाने को लेकर विवाद हो गया। 

यह भी पढ़ें:- स्ट्रीट लाइट लगाने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, इलाज में देरी से महिला की गई जान

सीएसपी ने बताया कि बात इतनी बढ़ गई कि संजय ने गुस्से में आकर अपने ही रिश्तेदार गणेश बैरागी के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल गणेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिवाली के इस खौफनाक मोड़ से पूरे मोहल्ले में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

धनतेरस की शाम विवाद, दो घायल

रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के टपरंगा गांव में धनतेरस की शाम पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट तक जा पहुंचा, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। घटना की शुरुआत तब हुई जब गोपी पटेल की कॉलोनी में रहने वाले बच्चों को पटाखे फोड़ने से पड़ोसी प्रकाश दुबे ने रोका। इस पर सुशील दुबे ने कहा कि बच्चे हैं, फोड़ने दो। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। (Murder in Durg)

मिठाई की दुकान पर मारपीट

आरोप है कि संजय दुबे ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं उर्मिला देवी ने भी सुशील दुबे पर रॉड से हमला कर घायल कर दिया। फिलहाल तमनार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, मुरैना जिले में दिवाली के दिन एक मिष्ठान भंडार में मिठाई खरीदने को लेकर विवाद हो गया। मिठाई समय पर न मिलने से नाराज चार युवकों ने न सिर्फ दुकान में मारपीट की, बल्कि मिठाई की ट्रे भी फेंक दी। दुकानदार ने कोतवाली थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!