बेमेतरा में जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 236 जुआरी गिरफ्तार, 200 बाइक जब्त

Police Action in Bemetara: बेमेतरा जिले में दिवाली के दिन पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नवागढ़ थाना क्षेत्र के मुंगेली-नवागढ़ मार्ग पर टेंट लगाकर चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारकर पुलिस ने 236 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो लाख रुपए से ज्यादा की नगद राशि, मोबाइल और 200 से ज्यादा बाइकें भी जब्त की हैं। पुलिस की यह कार्रवाई SDOP कौशिल्या साहू के नेतृत्व में की गई। SDOP ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि नवागढ़ क्षेत्र में स्थित विनोद साहू के ईंट भट्ठा के पास बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- दुर्ग में दिवाली की रात खूनी खेल… पटाखा फोड़ने के विवाद में बड़े पापा की हत्या
सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस और दूसरे थानों की संयुक्त टीमों ने वहां दबिश दी। पुलिस ने मौके पर 22 अलग-अलग फड़ों में लोगों को जुआ खेलते पाया। इन सभी 236 आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान जुआ फड़ों से 51 हजार नकद बरामद हुए, जबकि जुआरियों के पास से 1 लाख 43 हजार 548 रुपए नकद मिले। कुल मिलाकर 1 लाख 94 हजार 988 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। साथ ही ताश की गड्डियां, कई मोबाइल फोन और 200 से ज्यादा मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

जुए के खिलाफ कार्रवाई के दौरान युवक की मौत
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। SDOP कौशिल्या साहू ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा जैसे अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहारों के समय ऐसे अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही कठोर कदम उठाए जाएंगे। इधर, मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में जुआ फड़ पर दबिश के दौरान एक 40 साल के शख्स की मौत हो गई, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया।
रविवार रात जुए के अड्डे पर दबिश के दौरान हादसा
जानकारी के मुताबिक रविवार रात जुए के अड्डे पर दबिश के दौरान चार युवक बारना बांध में कूद गए, जिनमें से तीन ने अपनी जान बचा ली, लेकिन एक युवक की डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने करीब 15 घंटे तक युवक की तलाश नहीं की और जब वे थाने में मदद की गुहार लगाने पहुंचे, तो पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस पर लापरवाही-हत्या का आरोप लगाया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने बरेली से अतिरिक्त बल बुलाया और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम खत्म हुआ।



