Google Analytics —— Meta Pixel

सक्ती में खूनी वारदात, बदमाशों ने घर में घुसकर पूछा- पूर्णिमा कहां है, बाहर आते ही बरसाईं गोलियां, मौत

Murder in Sakti: सक्ती जिले के जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश एक महिला के घर में घुसे, उसका नाम पूछने के बाद सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने महिला पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके सिर में और अन्य गोलियां शरीर के दूसरे हिस्सों में लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें:- खूबसूरती की नई चाहत, भारत में तेजी से बढ़ रहा कॉस्मेटिक सर्जरी का ट्रेंड, हर साल 10 लाख से ज्यादा लोग ले रहे एस्थेटिक ट्रीटमेंट

मृतिका की पहचान 25 साल की पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से उसके घर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढक रखे थे। एक युवक घर के भीतर गया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। घरवालों से उसने पूछा कि पूर्णिमा कहां है? जैसे ही पूर्णिमा बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दी और दोनों फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर आए तो पूर्णिमा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। तत्काल डायल-112 की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और जांच शुरू कर दी गई। (Murder in Sakti)

निजी कंपनी में करती थी नौकरी, दो साल पहले टूटी थी शादी

पुलिस के मुताबिक पूर्णिमा चौहान पिछले चार सालों से स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सेल्स का काम कर रही थी। कंपनी का मुख्यालय पंजाब में है। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो सालों से अपने मायके जोंगरा गांव में रह रही थी। फिलहाल पुलिस उसके निजी जीवन, पारिवारिक विवाद, पुराने परिचितों और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संभावित भागने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। (Murder in Sakti)

SP बोले- संदिग्धों की जानकारी मिली, जांच जारी

SP प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि जांच के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के महामंत्री गिरधर जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लगातार अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या होना सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि हमलावर कौन थे, उन्होंने पूर्णिमा को ही निशाना क्यों बनाया और हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी। पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है। वहीं इस दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद जोंगरा गांव समेत पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। कोरिया की तिहरी हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि सक्ती में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने लोगों में दहशत बढ़ा दी है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान भी तेज हो गया है। (Murder in Sakti)

Back to top button
error: Content is protected !!