केतन की हत्या के बाद ब्वॉयफ्रेंड चेतन से भी बेवफाई ! पूछताछ में सिया ने कहा- मास्टरमाइंड मैं नहीं, वो है

New Twist in Ketan Murder: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच हर दिन नए मोड़ ले रही है। शुरुआत में इसे एक हादसा समझा गया था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो मामला साजिशन हत्या तक पहुंच गया। अब इस केस में सबसे बड़ा मोड़ तब आया है, जब पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों के सुर पूरी तरह बदल गए। दोनों ने खुद को निर्दोष बताते हुए हत्या की पूरी साजिश का आरोप एक-दूसरे पर डाल दिया। जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपियों के बयान पहले दिए गए बयानों से अलग हैं। पुलिस इसे आरोपियों की कानूनी बचाव की रणनीति भी मानकर चल रही है। हालांकि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल फॉरेंसिक की मदद से पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
यह भी पढ़ें:- सक्ती में खूनी वारदात, बदमाशों ने घर में घुसकर पूछा- पूर्णिमा कहां है, बाहर आते ही बरसाईं गोलियां, मौत
पुलिस ने बुधवार को सिया और चेतन को आमने-सामने बैठाकर कई घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चेतन चौधरी ने दावा किया कि वह सिया के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहता था। उसने कहा कि वह सिया के साथ भागने के लिए तैयार था, लेकिन सिया अपने परिवार की बदनामी नहीं चाहती थी। चेतन का आरोप है कि केतन को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान सिया ने बनाया था और उसी के कहने पर सारी योजना तैयार की गई। चेतन के इस दावे के बाद सिया ने भी पलटवार किया। सिया ने पुलिस के सामने कहा कि हत्या का आइडिया चेतन का था। उसके मुताबिक 14 जून को जब पहली बार केतन को मारने की कोशिश की गई और वह नाकाम रही, तब चेतन उसके सामने रो पड़ा था और कह रहा था कि उसका प्लान फेल हो गया।
14 जून को पहली बार हुई थी हत्या की कोशिश
दोनों के इन बयानों ने जांच को नई दिशा दे दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि किसी एक आरोपी के बयान के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। जांच अभी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 18 जून की घटना से पहले भी केतन को मारने की कोशिश की गई थी। जांच अधिकारियों के मुताबिक 14 जून को सिया ने दोबारा लोहगढ़ किले पर चलने की जिद की थी। वहां पहुंचने के बाद कथित तौर पर केतन को पीछे से धक्का दिया गया, लेकिन रास्ते में एक पेड़ का सहारा मिलने से उसकी जान बच गई। जब केतन ने सिया से पूछा कि उसने धक्का क्यों दिया तो सिया ने जवाब दिया कि वहां सांप था और उसे बचाने के लिए धक्का दिया गया। केतन ने घर लौटकर परिवार को बताया था कि सिया की वजह से उसकी जान बच गई थी। उस समय परिवार को इस घटना पर कोई संदेह नहीं हुआ। अब पुलिस इसी घटना को पहली असफल हत्या की कोशिश मानकर जांच कर रही है। (New Twist in Ketan Murder )
31 मई को आया था हत्या का आइडिया
पुलिस जांच के मुताबिक इस पूरी साजिश की शुरुआत 31 मई से हुई। बताया जा रहा है कि सगाई के बाद केतन और सिया पहली बार लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए गए थे। ट्रैकिंग के दौरान जब दोनों किले की ऊंची पहाड़ी पर पहुंचे, तब सिया के मन में केतन को पहाड़ी से धक्का देकर मारने का विचार आया। हालांकि उस दिन कोई घटना नहीं हुई, लेकिन पुलिस का दावा है कि यहीं से पूरी साजिश की शुरुआत हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 4 जून के बाद सिया ने दोबारा लोहगढ़ किले जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन इस बार केतन के परिवार ने उसे जाने से मना कर दिया। इधर, 6 जून को दोनों परिवारों की इंडोनेशिया के बाली जाने की योजना थी। पुलिस के मुताबिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि सिया ने केतन का पासपोर्ट अपने पास अलग रख लिया था, ताकि यात्रा टल जाए। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
17 जून को कैफे में हुई आखिरी प्लानिंग ?
जांच में सबसे अहम सबूतों में से एक 17 जून का सीसीटीवी फुटेज माना जा रहा है। घटना से एक दिन पहले सिया और चेतन पुणे के कोंढवा इलाके के एक कैफे में मिले थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इसी मुलाकात में दोनों ने लोहगढ़ किले पर जाने और हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी बैठक में यह भी तय किया गया कि केतन को किस स्थान से धक्का दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक अगर पहली योजना विफल हो जाती और केतन बच जाता तो 20 जून के बाद सड़क दुर्घटना के जरिए हत्या करने का बैकअप प्लान भी तैयार किया गया था। हालांकि इस दावे की पुष्टि अभी कोर्ट में नहीं हुई है और इसकी जांच जारी है। पुलिस जांच के मुताबिक 19 जून को सिया का जन्मदिन था। केतन ने उसके लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिजॉर्ट में बुकिंग भी कर रखी थी।
कैफे से किले तक CCTV जोड़ रही पुलिस
इसी बीच सिया ने प्री-वेडिंग फोटोशूट कराने का प्रस्ताव रखा और केतन को लोहगढ़ किला चलने के लिए मना लिया। पुलिस का आरोप है कि उसी दौरान चेतन भी आसपास मौजूद था। जब केतन पहाड़ी की ओर देख रहा था, तभी पीछे से उसे धक्का दिया गया, जिससे वह गहरी खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई। इसी घटना के बाद पूरे मामले ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज अब इस केस के सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्यों में शामिल हैं। कैफे के फुटेज में सिया और चेतन साथ दिखाई देते हैं। वहीं लोहगढ़ किले के सीसीटीवी में एक युवक कई बार उनके आसपास घूमता दिखाई देता है। पुलिस का दावा है कि भीषण गर्मी के बावजूद वह युवक हुडी पहनकर आया था और अपना चेहरा छिपाने की कोशिश कर रहा था। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस का शक चेतन पर गया और जांच की दिशा बदल गई। (New Twist in Ketan Murder)
2004 कॉल्स ने खोला रिश्ते का राज
जांच के दौरान पुलिस ने सिया के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला। पुलिस के मुताबिक जनवरी से लेकर 18 जून की सुबह तक सिया ने एक ही मोबाइल नंबर पर 2004 बार कॉल की थी। इन कॉल्स की कुल अवधि लगभग 338 घंटे बताई गई है। जांच में यह नंबर चेतन चौधरी का बताया गया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच रोजाना कई बार बातचीत होती थी। इसी कॉल रिकॉर्ड ने जांच को कथित प्रेम संबंध के एंगल तक पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक सिया और चेतन ने घटना से पहले और बाद में अपने मोबाइल फोन से चैट हिस्ट्री डिलीट कर दी थी। इतना ही नहीं, दोनों ने रीसायकल बिन भी खाली कर दिया था, ताकि कोई डेटा रिकवर न हो सके। हालांकि पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। विशेषज्ञ डिलीट किए गए डेटा, चैट, फोटो और अन्य डिजिटल साक्ष्य रिकवर करने की कोशिश कर रहे हैं।

लोहगढ़ किले से केतन अग्रवाल के गिरने की सूचना जब परिवार तक पहुंची, तब किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मामला कुछ ही दिनों में देश के सबसे चर्चित मर्डर केसों में शामिल हो जाएगा। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन घटनास्थल पर पहुंचने के बाद परिवार को कई ऐसी बातें दिखीं, जिन्होंने उनके मन में शक पैदा कर दिया। बाद में पुलिस जांच, सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और पूछताछ में सामने आए तथ्यों ने उसी शक को जांच का अहम आधार बना दिया। मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि 18 जून को उन्हें सिया की मां का फोन आया। फोन पर बताया गया कि केतन लोहगढ़ किले से गिर गया है। सूचना मिलते ही पूरा परिवार मौके के लिए रवाना हुआ। जब परिवार घटनास्थल पर पहुंचा तब तक स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीम केतन को खाई से निकाल चुकी थी। विशाल अग्रवाल के मुताबिक केतन का चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। परिवार ने चेहरा खुलवाकर उसकी पहचान की। यह दृश्य पूरे परिवार के लिए बेहद दर्दनाक था।
महिला पुलिसकर्मी की बात सुनकर बदले सिया के हावभाव
विशाल अग्रवाल का दावा है कि घटनास्थल पर मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी ने कहा था कि केतन अभी जिंदा है, उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए। परिवार का आरोप है कि यह बात सुनते ही सिया के चेहरे के भाव अचानक बदल गए। पहले वह रो रही थी, लेकिन महिला पुलिसकर्मी की यह बात सुनने के बाद उसका व्यवहार बदल गया। इसी घटना ने परिवार के मन में पहला संदेह पैदा किया। हालांकि यह परिवार का दावा है। पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई अलग पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल पर केतन की बहन ने सिया से कई सवाल पूछे। जैसे केतन आखिर गिरा कैसे? तुम उस समय कहां खड़ी थी? वह पहाड़ी के किनारे तक कैसे पहुंचा? हादसा आखिर हुआ कैसे? परिवार का कहना है कि सिया इन सवालों का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी। उसके जवाब टालमटोल वाले थे और कई सवालों पर वह पूरी तरह चुप रही। परिजनों के मुताबिक उसका रोना भी उन्हें स्वाभाविक नहीं लगा।
अगले दिन घर आई, फिर भी नहीं दे पाई जवाब
परिवार के अनुसार अगले दिन सिया संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंची। वहां भी परिवार ने उससे वही सवाल दोहराए। इस बार पूछा गया कि आखिर केतन का कौन-सा पैर फिसला था? वह किस दिशा में गिरा? तुमने उसे बचाने की कोशिश क्यों नहीं की? विशाल अग्रवाल का कहना है कि इस बार भी सिया किसी सवाल का जवाब नहीं दे सकी। परिवार का दावा है कि जब लगातार सवाल पूछे जाने लगे, तभी शादी तय कराने वाली सिया की बुआ बीच में आईं और उन्होंने सिया से कहा कि चल, यहां से चलते हैं। परिवार का कहना है कि सिया बिना किसी जवाब के वहां से चली गई। इसी घटना के बाद परिवार को यकीन होने लगा कि मामला सिर्फ हादसा नहीं हो सकता। विशाल अग्रवाल के मुताबिक उसी शाम पूरा परिवार बैठा और दिनभर की घटनाओं पर चर्चा की। परिवार ने कहा कि केतन अनुभवी ट्रैकर था। वह इस तरह सामान्य तरीके से खाई में नहीं गिर सकता। इसके बाद परिवार ने पूरे घटनाक्रम को जोड़ना शुरू किया। सभी ने महसूस किया कि घटनास्थल पर सिया का व्यवहार सामान्य नहीं था।
CCTV फुटेज देखने के बाद पुलिस तक पहुंचे
परिवार ने अपने स्तर पर भी उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज देखने शुरू किए। विशाल अग्रवाल के अनुसार फुटेज देखने के बाद उन्हें लगा कि कई बातें मेल नहीं खा रहीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के बाद लौटते समय सिया सामान्य दिखाई दे रही थी और लगातार रो भी नहीं रही थी। इसके बाद परिवार दोबारा पुलिस के पास पहुंचा और औपचारिक रूप से सिया पर शक जताया। साथ ही यह भी कहा कि उसके संपर्क में रहने वाले किसी युवक की भी जांच की जानी चाहिए। पुलिस ने जब कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाले तो जांच की दिशा बदल गई। जांच के दौरान पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से भी करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के अनुसार साहिल चेतन चौधरी को जानता था। इसी वजह से उससे दोनों के रिश्तों, मुलाकातों और संपर्कों के बारे में विस्तार से जानकारी ली गई।हालांकि पुलिस ने पूछताछ से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस की दो संभावित थ्योरी
जांच के दौरान पुलिस दो प्रमुख संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। पहली थ्योरी यह है कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी, लेकिन परिवार के दबाव में रिश्ता निभा रही थी। दूसरी थ्योरी यह है कि अगर वह सगाई तोड़कर प्रेमी चेतन के साथ चली जाती तो परिवार की सामाजिक बदनामी होती। इसलिए उसने अलग रास्ता चुना। पुलिस इन दोनों पहलुओं की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पूछताछ में सिया ने कहा कि उसे केतन का हेयर पैच (विग) और हकलाना पसंद नहीं था। इस पर केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केतन सिर्फ छोटा-सा हेयर पैच लगाता था और यह बात सगाई से पहले ही सिया और उसके परिवार को बता दी गई थी। उन्होंने कहा कि अगर यह बात पसंद नहीं थी तो रिश्ता मना कर देते। किसी की जान लेना किसी भी हालत में सही नहीं हो सकता। (New Twist in Ketan Murder)
फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
केतन के परिवार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। राज्य सरकार ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि मामले में कानून के अनुसार तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुणे का केतन अग्रवाल हत्याकांड अब सिर्फ एक प्रेम-प्रसंग या हत्या की कहानी नहीं रह गया है। बदलते बयान, डिजिटल सबूत, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक जांच और दोनों परिवारों के दावों ने इस मामले को बेहद जटिल बना दिया है। अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि आरोपियों के परस्पर विरोधी बयानों के बीच वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई कोर्ट के सामने रखी जाए। आने वाले दिनों में फोरेंसिक रिपोर्ट, रिकवर की गई चैट और पुलिस की चार्जशीट इस चर्चित मामले की दिशा तय कर सकती है। (New Twist in Ketan Murder)



