केतन हत्याकांड में पहली बार बोले सिया के माता-पिता, कहा- अगर बेटी दोषी है तो उसे भी उसी पहाड़ी से फेंक दो

Ketan Murder Case News: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस लगातार नए साक्ष्य जुटा रही है। इस बीच आरोपी सिया के माता-पिता पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि उन्हें चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी है, उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अगर जांच में उनकी बेटी भी दोषी पाई जाती है तो उसे भी किसी तरह की रियायत नहीं मिलनी चाहिए। पूजा गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसके साथ भी वैसा ही व्यवहार किया जाए, जैसा आरोप है कि केतन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे सजा अवश्य मिलनी चाहिए। अगर मेरी बेटी सिया दोषी है तो उसे भी उसी पहाड़ी से धक्का दे देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार ने हमेशा सिया की खुशी को प्राथमिकता दी। अगर उन्हें कभी यह महसूस होता कि सिया इस रिश्ते से खुश नहीं है या शादी नहीं करना चाहती, तो वे खुद इस रिश्ते पर दोबारा विचार करते। उनके मुताबिक सिया ने कभी परिवार से ऐसी कोई बात साझा नहीं की।
ययह भी पढ़ें:- केतन की हत्या के बाद ब्वॉयफ्रेंड चेतन से भी बेवफाई ! पूछताछ में सिया ने कहा- मास्टरमाइंड मैं नहीं, वो है
पूजा गोयल ने कहा कि परिवार को सिया और केतन की शादी से बहुत उम्मीदें थीं। दोनों परिवारों के बीच रिश्ते अच्छे थे और शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। उन्होंने बताया कि सिया कभी यह नहीं बोली कि वह यह शादी नहीं करना चाहती। अगर बेटी किसी और से प्रेम करती या किसी प्रकार की परेशानी में होती तो परिवार से खुलकर बात कर सकती थी। इसलिए उन्हें अब भी विश्वास करना मुश्किल लग रहा है कि वह इस तरह के अपराध में शामिल हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम फैसला जांच और अदालत के आधार पर होना चाहिए। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्होंने आज तक चेतन चौधरी को न देखा और न ही उससे कभी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें बेटी के किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। प्रवीण गोयल के मुताबिक सिया ने खुद केतन से शादी के लिए सहमति दी थी। दोनों परिवारों की रजामंदी से रिश्ता तय हुआ था और सगाई के बाद दोनों एक-दूसरे से नियमित रूप से मिलते थे।
दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे: प्रवीण
उन्होंने कहा कि 18 जून को लोहगढ़ किला जाने का प्रस्ताव भी केतन की ओर से आया था। केतन खुद कार लेकर सिया को लेने आया था और दोनों साथ में किले के लिए निकले थे। प्रवीण गोयल ने कहा कि सगाई के बाद केतन अक्सर सिया से मिलने उनके घर आता था। कई बार वह सुबह-सुबह भी बेटी से मिलने पहुंच जाता था। परिवार को कभी ऐसा नहीं लगा कि दोनों के रिश्ते में किसी तरह का तनाव है। अगर उन्हें चेतन के बारे में पहले से कोई जानकारी होती तो वे निश्चित रूप से इस रिश्ते पर दोबारा विचार करते। दूसरी ओर पुलिस की जांच में कुछ ऐसे तथ्य भी सामने आए हैं, जिनकी स्वतंत्र जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सिया और चेतन 17 जून को पुणे के कोंढवा इलाके के एक कैफे में मिले थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस मुलाकात के दौरान दोनों ने लोहगढ़ किले पर जाने की योजना और कथित हत्या की साजिश पर चर्चा की। (Ketan Murder Case News)
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
जांच में यह भी सामने आया है कि 31 मई को पहली बार लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के दौरान हत्या का विचार आया। इसके बाद 14 जून को एक असफल प्रयास हुआ और 18 जून को घटना घटी। इन सभी पहलुओं की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष कोर्ट में प्रस्तुत साक्ष्यों पर निर्भर करेगा। केतन अग्रवाल के परिजनों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। परिवार का कहना है कि यह मामला केवल उनके बेटे का नहीं बल्कि समाज में भरोसे और न्याय से जुड़ा है। परिवार ने मांग की कि पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करे और अदालत में रोजाना सुनवाई कर दोषियों को जल्द सजा दिलाई जाए।मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून के दायरे में रहकर हर संभव मदद करेगी। सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक रुख दिखाया है।
जांच अब किन बिंदुओं पर केंद्रित
फिलहाल पुलिस की जांच कई अहम पहलुओं पर केंद्रित है, जैसे दोनों आरोपियों के मोबाइल से डिलीट चैट रिकवर करना। फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार। सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच। 2004 कॉल्स और 338 घंटे की बातचीत का विश्लेषण। 14 जून की पहली कोशिश की पुष्टि। 17 जून की कैफे मीटिंग और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ। 18 जून को लोहगढ़ किले पर मौजूद अन्य लोगों के बयान। जांच एजेंसियों का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही पूरी चार्जशीट तैयार की जाएगी। (Ketan Murder Case News)



