Google Analytics —— Meta Pixel

सूरजपुर में ऑटो ड्राइवर की हैवानियत, सब्जी बेचने वाली महिला की गला घोंटकर हत्या

Murder in Surajpur: सूरजपुर जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ऑटो ड्राइवर की हैवानियत ने सब्जी बेचने वाली महिला की जान ले ली। महिला ने घर लौटने के लिए जिस ऑटो में लिफ्ट ली, वहीं उसका जीवन समाप्त हो गया। सोनवाही गांव की रहने वाली सुरमिला राजवाड़े रोजाना बाजार में सब्जी बेचने का काम करती थी। 25 अक्टूबर को वह सब्जी बेचकर घर लौट रही थी। रास्ते में उसने सिलफिली इलाके के रहने वाले राहुल कुशवाहा के ऑटो में लिफ्ट ली। ऑटो में पीछे सब्जियां भरी होने के कारण सुरमिला को आगे की सीट पर बैठना पड़ा।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में मुख्यमंत्री साय ने सरदार पटेल को किया नमन, बोले – एक भारत, श्रेष्ठ भारत हमारा संकल्प

रास्ते में आरोपी की नीयत खराब हो गई और उसने महिला के साथ छेड़खानी करते हुए उसे किस मांगा। विरोध करने पर उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की। सुरमिला किसी तरह भाग निकली, लेकिन अंधेरे में गिर पड़ी। मौका पाकर आरोपी ने फिर हमला किया। इसी बीच सड़क से गुजरते एक बाइक सवार को देखकर वह वहां से भाग गया, लेकिन जब बाइक सवार चला गया तो आरोपी फिर मौके पर लौटा और गला घोंटकर सुरमिला की हत्या कर दी। इसके बाद वह ऑटो लेकर फरार हो गया। 26 अक्टूबर को लटोरी पुलिस को सूचना मिली कि सोनवाही जंगल में सड़क किनारे एक महिला का शव संदिग्ध हालत में पड़ा है। (Murder in Surajpur)

आरोपी राहुल कुशवाहा गिरफ्तार

पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई और दुष्कर्म का प्रयास हुआ था। पुलिस ने जांच के दौरान आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें महिला एक ऑटो में जाती दिखी। उसी आधार पर ऑटो और आरोपी की पहचान की गई। आरोपी राहुल कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या, दुष्कर्म के प्रयास और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह घटना न सिर्फ एक महिला की असमय मौत की दास्तां है, बल्कि समाज और व्यवस्था के सामने महिला सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े करती है। (Murder in Surajpur)

Back to top button
error: Content is protected !!