Google Analytics —— Meta Pixel

पैसों के दबाव में टूटा परिवार, पत्नी की हत्या के बाद पति ने की फांसी लगाकर जान देने की कोशिश, PNB कर्मियों पर प्रताड़ना का आरोप

Narayanpur Torture Case: नारायणपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना नारायणपुर जिला मुख्यालय से सटे गढ़ बेंगाल गांव की है। शुरुआती जांच में इसे घरेलू विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा था, लेकिन दंपति के कमरे से मिले सुसाइड नोट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी है। लेटर में पंजाब नेशनल बैंक के कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें:- घरेलू विवाद में हैवानियत, पति ने की पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश

जानकारी के मुताबिक गढ़ बेंगाल गांव का रहने वाला तिलक राम मंडावी अपनी पत्नी सुमित्रा मंडावी के साथ मिलकर एक ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करता था। केंद्र की ID सुमित्रा के नाम से बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि 13 जनवरी को पति-पत्नी घर पर ही मौजूद थे। दोपहर के समय अचानक सुमित्रा खून से लथपथ हालत में कमरे से बाहर निकली। यह देख परिजन घबरा गए। जब वे अंदर कमरे में पहुंचे तो तिलक राम फंदे से लटका हुआ था और छटपटा रहा था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और दोनों को नारायणपुर जिला अस्पताल पहुंचाया।

नारायणपुर जिला अस्पताल के डॉक्टर हिमांशु सिन्हा ने बताया कि महिला के गले की नस कट चुकी थी। पति की हालत भी गंभीर थी। दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया। रायपुर एम्स में इलाज के दौरान 17 जनवरी को सुमित्रा मंडावी की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पहले इसे घरेलू विवाद में आत्महत्या का मामला माना गया, लेकिन कमरे से बरामद सुसाइड नोट के बाद जांच का एंगल पूरी तरह बदल गया। (Narayanpur Torture Case)

सुसाइड नोट में क्या लिखा है ?

पुलिस को सुमित्रा मंडावी के नाम से लिखा एक लेटर मिला है, जो संजीवनी विकास फाउंडेशन को लिखा गया है। पत्र में लिखा गया है कि मैंने किसी भी प्रकार से ग्राहकों का KYC और CRM नहीं किया है। मेरी ID के माध्यम से सिर्फ आधार लिंकिंग होती थी, जिन ग्राहकों का KYC और CRM हुआ है, वह बैंक कर्मचारियों ने किया है। मुझ पर गलत तरीके से ग्राहकों का पैसा निकालने का आरोप लगाकर फंसाया जा रहा है। बैंक कर्मचारी पैसे जमा करने की धमकी दे रहे हैं। लेटर में यह भी लिखा है कि तिलक राम मंडावी ने दो अलग-अलग खातों में 1 लाख 37 हजार रुपए जमा किए। PNB कर्मचारी अमित कुमार साहू को 30 हजार रुपए नकद दिए गए। फोन-पे के जरिए 20 हजार रुपए अमित साहू के एक परिजन को भेजे गए।

PNB बैंक कर्मचारियों पर आरोप

सुसाइड नोट में सीधे तौर पर आरोप लगाया गया है कि PNB बैंक कर्मचारियों ने फर्जी तरीके से ग्राहकों के पैसे निकाले। मृतिका के ससुर ने मंगतू राम मंडावी ने कहा कि बैंक वाले मेरे बेटे-बहू को बहुत परेशान करते थे। तिलक ने बताया था कि बहू की ID से पैसा निकालकर उससे पैसे मांगे जा रहे हैं। उसने कहा था कि उसने एक पैसा भी नहीं लिया। बैंक वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। तिलक के पिता ने कहा कि मैं खेत में काम करने गया हुआ था। तभी सूचना मिली कि बेटे ने बहू का गला काट दिया और खुद फांसी लगा ली। जब घर पहुंचा, तब तक दोनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। बैंक के लोग दोनों को लगातार परेशान कर रहे थे। 

पुलिस का क्या कहना है ?

नारायणपुर एसपी रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि महिला की मौत हो चुकी है। रायपुर से डायरी आने के बाद आगे की जांच की जाएगी। एक सुसाइड नोट मिला है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस अब इस पूरे मामले में बैंक कर्मियों की भूमिका, पैसों के लेन-देन और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला घरेलू तनाव का है या फिर आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर परिणाम। (Narayanpur Torture Case)

Back to top button
error: Content is protected !!