अंतर्राष्ट्रीय कबीर पंथ महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक रायपुर में संपन्न
डॉ. विकास कुमार अग्रवाल बनाए गए प्रदेश अध्यक्ष, देवेंद्र कुमार साहू नियुक्त प्रदेश महासचिव, ओनिल कुमार साहू को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय कबीर पंथ महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे कबीर साहेब के अनुयायी एवं समाज के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्रित हुए। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत चूड़ामणि साहेबजी ने की।
बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में संगठन के विस्तार, सेवा कार्यों तथा संस्था के उद्देश्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया।
प्रदेश कार्यकारिणी का गठन: तीन प्रमुख पदों पर नियुक्ति
प्रदेश इकाई के गठन के दौरान सर्वसम्मति से-
डॉ. विकास कुमार अग्रवाल को छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष,
देवेंद्र कुमार साहू को प्रदेश महासचिव,
ओनिल कुमार साहू को प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
यह मनोनयन पद्मश्री डॉ. भारती बंधु के प्रस्ताव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत राधाकिशन साहेब एवं महंत चरणदास साहेब (देवास, म.प्र.) के समर्थन तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत चूड़ामणि साहेबजी के अनुमोदन के पश्चात किया गया, जिसे बैठक में ध्वनिमत से पारित किया गया।

इस वर्ष रायपुर में होगा कबीर साहेब का प्राकट्य दिवस- भव्य आयोजन का निर्णय
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि इस वर्ष सतगुरु कबीर साहेब जी का प्राकट्य दिवस छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भव्य एवं गरिमामय तरीके से आयोजित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि अब तक यह आयोजन प्रतिवर्ष राजनांदगांव जिले में आयोजित होता रहा है।

निःशुल्क चिकित्सालय की ओपीडी सेवा की समीक्षा, सदस्यों ने जताई संतुष्टि
महासंघ की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा विगत तीन माह से संचालित साप्ताहिक निःशुल्क चिकित्सालय में आम नागरिकों को ओपीडी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बैठक में इसकी समीक्षा की गई, जिस पर सभी सदस्यों ने संतुष्टि व्यक्त की।
वस्त्र वितरण एवं साहित्य प्रचार-प्रसार को मिलेगा विस्तार
बैठक में निकट भविष्य में वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे संगठन की छत्तीसगढ़ शाखा के माध्यम से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। साथ ही, छत्तीसगढ़ शाखा द्वारा किए जा रहे कबीर साहेब के साहित्य वितरण को अच्छा प्रतिसाद मिलने पर इसे और अधिक विस्तार देने तथा अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संकल्प
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कबीर साहेब के संबंध में समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण गतिविधियों को और अधिक तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।



