Google Analytics —— Meta Pixel

राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी हेमबती ने मुख्यमंत्री साय से की मुलाकात, कहा- ओलंपिक में मेडल लेकर आना मेरा सपना

National Judo Player Hembati: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी हेमबती नाग ने मुलाकात की। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव की बेटी हेमबती को उनकी उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024’ से सम्मानित किया गया है। हेमबती नाग ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी और कहा कि देश के लिए ओलंपिक में मेडल जीतकर लाना उसका सपना है। यह सुनकर मुख्यमंत्री ने हेमबती को शाबाशी दी और इस सपने को पाने के लिए लगातार मेहनत करने की समझाइश दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें:- नई शिक्षा नीति से कला-संस्कृति को सहेजने और रोजगार के बड़े उद्देश्य की हो रही पूर्ति: CM साय

मुख्यमंत्री ने हेमबती को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्होंने खेलो इंडिया नेशनल गेम्स और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाते हुए कई पदक जीते और प्रदेश को गौरवान्वित किया। उन्होंने हेमबती नाग को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया है। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित थे। (National Judo Player Hembati)

बता दें कि माता-पिता की मौत के बाद पूरी तरह अनाथ और बेसहारा हुई हेमबती ने अपने हौसले से उस मुकाम को हासिल किया, जिसकी सिर्फ कल्पना ही की जा सकती है। बीते पांच सालों से छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद की ओर से संचालित बालिका गृह कोंडागांव में रह रही हेमबती नाग ने इस दौरान पूरे मनोयोग के साथ न सिर्फ जूडो खेल का प्रशिक्षण प्राप्त किया, बल्कि कई क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हेमबती नाग की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए 26 दिसंबर 2024 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें सम्मानित किया। यह कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित हुआ था। (National Judo Player Hembati)

हेमबती नाग की परिस्थिति और कामयाबी को बया करता यह शेर ‘तूफान कर रहा था मेरे अज्म का तवाफ, दुनिया समझ रही थी कि कश्ती भंवर में है…’ बचपन में ही मां-बाप का सिर से साया उठ जाने के बाद अनाथ और बेसहारा हुई हेमबती की उस समय शारीरिक और मानसिक अच्छी नहीं थी। कोई ठौर न कोई ठिकाना। ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन कोंडागांव, जिला बाल संरक्षण इकाई और महिला बाल विकास की ओर से उसे 17 अगस्त 2020 को देखरेख और संरक्षण के लिए कोंडागांव के बालिका गृह में दाखिल कर दिया गया। उस समय हेमबती की उम्र सिर्फ 11 साल की और वजन 22 किलो था। बालिका गृह में उसकी लगातार काउसिंलिंग और स्वास्थ्य शिक्षा की व्यवस्था की गई। इसी दौरान ITBP 41वीं बटालियन के सहयोग से उसने जूडो खेल का प्रशिक्षण प्राप्त करना शुरू किया। (National Judo Player Hembati)

पढ़ाई के साथ-साथ जूडो का प्रशिक्षण

हेमबती पूरे हिम्मत और हौसले के साथ इस खेल में धीरे-धीरे सिद्धहस्त होते गई और सफलता उसके कदम चूमने लगी। हेमबती फिलहाल कोंडागांव के स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत है। जूडो खेल के प्रति समर्पण ने उसे एक उत्कृष्ट खिलाड़ी की श्रेणी में ला दिया है। हेमबती नवंबर 2021 में चंडीगढ़ पंजाब में ओपन जूडो चैम्पियनशिप में सब जूनियर के 28 किलोग्राम वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। 2022 में खेलो इंडिया के क्षेत्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक और राज्य स्तरीय खेल स्पर्धा में स्वर्ण पदक, 2023 में भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय खेलो इंडिया टूर्नामेंट में पांचवां स्थान, राष्ट्रीय शालेय खेल स्पर्धा में कांस्य पदक, 2024 में नासिक में आयोजित क्षेत्रीय खेलो इंडिया प्रतियोगिता और राष्ट्रीय शालेय जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता रही है। वर्तमान में बालिका गृह कोंडागांव में रह रही हेमबती नाग आगे की पढ़ाई के साथ-साथ जूडो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। (National Judo Player Hembati)

Back to top button
error: Content is protected !!