Google Analytics —— Meta Pixel

चार नए लेबर लॉ के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ में मिला-जुला असर

Nationwide Protest in Chhattisgarh: केंद्र सरकार के चार नए लेबर लॉ के विरोध में 12 फरवरी को देशभर में श्रमिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ में इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर मिला-जुला देखने को मिला, जहां एक ओर कोयला खदानों और औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदर्शन के कारण काम प्रभावित हुआ, वहीं कई शहरों में व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रही। रायगढ़ जिले के छाल कोल खदान के पास ट्रेड यूनियन के सदस्यों ने सुबह से प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते जिले की चार कोयला खदानें बंद रही और कोयला परिवहन पूरी तरह ठप हो गया। यूनियनों ने आरोप लगाया कि नए श्रम कानूनों से मजदूरों के अधिकार कमजोर होंगे। उनका कहना है कि इन प्रावधानों के तहत काम अवधि 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे की जा सकती है और फिक्स टर्म रोजगार के जरिए स्थायी नौकरियां खत्म हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में वन संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और आजीविका विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां : केदार कश्यप

भिलाई स्टील प्लांट के मेन गेट के बाहर भी ट्रेड यूनियन नेताओं और सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी की गई और चारों लेबर कोड को वापस लेने की मांग उठाई गई। मनेंद्रगढ़ की हल्दीबाड़ी भूमिगत कोयला खदान के बाहर संयुक्त केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने प्रदर्शन किया, जिससे काम प्रभावित हुआ। एचएमएस, एटक, इंटक और सीटू समेत दस से ज्यादा संगठनों ने हड़ताल का समर्थन किया। एचएमएस के महामंत्री सुनील पांडेय ने कहा कि ये लेबर कोड 2019-20 में बनाए गए थे, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

कोरबा में कांग्रेस का समर्थन

कोरबा की दीपका, कुसमुंडा और मानिकपुर खदानों में एक दिवसीय प्रदर्शन किया गया, जिससे काम प्रभावित हुआ। श्रमिक नेताओं के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी खदानों में पहुंचे और समर्थन जताया। कांग्रेस नेताओं ने इसे श्रमिक सम्मान और अधिकारों की प्रतिबद्धता बताया। जांजगीर-चांपा में अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। हालांकि जिले में बंद का असर नहीं दिखा और सभी दुकानें सामान्य रूप से खुली रही। राजधानी रायपुर में चैंबर ऑफ कॉमर्स और अन्य व्यापारिक संगठनों का समर्थन नहीं मिलने के कारण हड़ताल बेअसर रही। मालवीय रोड, एमजी रोड, सदर बाजार, पंडरी कपड़ा मार्केट और लाखे नगर समेत प्रमुख बाजारों में दुकानें खुली रही। ट्रैफिक और दैनिक गतिविधियां सामान्य रही।

बिलासपुर में भी खास असर नहीं

रायपुर में ट्रेड यूनियन और जन संगठनों के संयुक्त मंच की ओर से जिला कार्यालय में प्रदर्शन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए संयोजक धर्मराज महापात्र ने कहा कि चारों श्रम संहिताएं मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करेंगी। बिलासपुर में भी हड़ताल का व्यापक असर नहीं दिखा। गोल बाजार, सदर बाजार और बुधवारी समेत प्रमुख बाजार खुले रहे। पेट्रोल पंप, स्कूल-कॉलेज और अन्य संस्थान सामान्य रूप से संचालित होते रहे। हालांकि इंटक, एटक, सीटू और एचएमएस के पदाधिकारियों ने नेहरू चौक पर प्रदर्शन किया। हड़ताल को कांग्रेस ने समर्थन दिया है। (Nationwide Protest in Chhattisgarh)

ट्रेड यूनियनों में मतभेद

इस बीच नेशनल ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दीपक जायसवाल ने हड़ताल को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन और कन्फेडरेशन फॉर सेंट्रल ट्रेड यूनियन इस हड़ताल में शामिल नहीं हैं। उनके मुताबिक यह हड़ताल कांग्रेस समर्थित संगठनों द्वारा बुलाई गई है। डॉ. जायसवाल ने दावा किया कि मौजूदा श्रम कानूनों का सरलीकरण किया गया है, जिससे मजदूरों को ईएसआई, ईपीएफ और आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। (Nationwide Protest in Chhattisgarh)

श्रमिक संगठनों की प्रमुख मांगों में चारों श्रम संहिताओं को रद्द करना, ड्राफ्ट सीड बिल वापस लेना, बिजली संशोधन विधेयक निरस्त करना, शांति एक्ट (न्यूक्लियर एनर्जी से संबंधित कानून) वापस लेना, मनरेगा की बहाली और विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन अधिनियम 2025 को रद्द करना शामिल है। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का असर औद्योगिक क्षेत्रों और कोयला खदानों में ज्यादा दिखाई दिया, जबकि शहरी बाजारों और शैक्षणिक संस्थानों में सामान्य गतिविधियां जारी रही।

Back to top button
error: Content is protected !!