31 मार्च से पहले नक्सल नेटवर्क कमजोर, ओडिशा में 11 नक्सलियों का सरेंडर, कांकेर में विस्फोटक बरामद, डेडलाइन पर सियासत भी तेज

Naxal Network Weak: देश में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। एक तरफ ओडिशा के कालाहांडी जिले में 63 लाख के इनामी 11 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, वहीं छत्तीसगढ़ में भी सुरक्षाबलों को अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता मिली है। कांकेर, नारायणपुर बॉर्डर और मोहला-मानपुर के जंगलों में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान विस्फोटक, हथियार और नक्सल सामग्री बरामद की गई है। लगातार कार्रवाई से नक्सलियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। सुरक्षाबलों का दावा है कि कई इलाकों में नक्सलवाद अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है।
यह भी पढ़ें:- केन्या में बाढ़ का कहर, 66 लोगों की मौत, हजारों लोग बेघर, हर साल मार्च से मई के बीच तबाही
ओडिशा के कालाहांडी जिले में 11 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। यह आत्मसमर्पण भवानीपटना स्थित रिजर्व पुलिस ग्राउंड में हुआ। जानकारी के मुताबिक ये सभी नक्सली बंसाधारा-घुमुसर-नागबली यानी BGN डिवीजन से जुड़े हुए थे, जिन सभी पर कुल 1 करोड़ 34 लाख रुपए का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वालों में इनमें एक डिविजनल कमेटी मेंबर (DCM), पांच एरिया कमेटी मेंबर (ACM) और पांच पार्टी मेंबर (PM) शामिल हैं। आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने अपने हथियार और गोला-बारूद भी पुलिस के सामने जमा करा दिए। ओडिशा के डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया ने कहा कि इस आत्मसमर्पण के बाद बांसधारा-घुमसर-नागाबली (BGN) डिवीजन समाप्त हो गया है। साथ ही उन्होंने बाकी नक्सलियों से भी मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। कुछ नक्सली बस्तर संभाग के अलग-अलग जिले के रहने वाले हैं।
इन नक्सलियों ने किया सरेंडर

नक्सलियों ने ये हथियार किए जमा
| हथियार का नाम | मात्रा |
|---|---|
| AK-47 राइफल | 1 |
| SLR राइफल | 4 |
| INSAS राइफल | 1 |
| सिंगल शॉट | 4 |
| 12 बोर सिंगल बैरल | 1 |
| 7.62 mm SLR बॉल एम्युनिशन | 72 राउंड |
| 8 mm कंट्री मेड एम्युनिशन | 29 राउंड |
| 5.56 mm INSAS बॉल एम्युनिशन | 15 राउंड |
| 7.62 mm x 39 AK-47 बॉल एम्युनिशन | 30 राउंड |
| 7.62 mm SLR मैगजीन | 7 नग |
| AK-47 मैगजीन | 7 नग |
| 5.56 mm INSAS मैगजीन | 2 नग |
10 किलो का कुकर बम समेत 4 विस्फोटक बरामद
इधर, छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के नारायणपुर बॉर्डर से लगे जंगलों में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के छिपाकर रखे गए चार शक्तिशाली बम बरामद किए। इनमें तीन प्रेशर कुकर बम और एक पाइप बम शामिल था। बरामद बमों में एक 10 किलो का कुकर बम और दो-दो 5 किलो के कुकर बम थे। सुरक्षा के लिहाज से बम निरोधक दस्ते यानी बीडीएस की टीम ने मौके पर ही सभी बमों को विस्फोट कर नष्ट कर दिया। तलाशी के दौरान जवानों को बिजली वायर का बंडल, तीन नक्सली वर्दी, पटाखे, नक्सल साहित्य और अन्य सामग्री भी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास बनाए गए चार नक्सली स्मारकों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
जिले में अब सिर्फ 21 नक्सली सक्रिय
पुलिस के मुताबिक जिले में अब नक्सलियों की संख्या काफी कम रह गई है। वर्तमान में कंपनी नंबर-5 के आठ नक्सली और परतापपुर एरिया कमेटी के चंदर, रूपी समेत कुल 21 नक्सली सक्रिय बताए जा रहे हैं। इनकी तलाश में पुलिस और सुरक्षा बल लगातार जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। जानकारी के मुताबिक 15 मार्च को डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के हापाटोला और बीना गुंडा के जंगलों में सर्चिंग पर निकली थी, जहां से यह विस्फोटक बरामद किए गए। कांकेर जिले में नक्सलवाद को अब अंतिम दौर में माना जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से नक्सलवाद समाप्त करने के लक्ष्य के बाद पुलिस ने जिले को नक्सल मुक्त घोषित करने की दिशा में अभियान तेज कर दिया है।
जवानों को लगातार मिल रही सफलताएं
पिछले एक महीने में भी कई बड़ी सफलताएं मिली हैं। 14 फरवरी को बीना गुंडा इलाके से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए थे। 25 फरवरी को डीवीसीएम मल्लेश और नक्सली रानू ने एके-47 के साथ सरेंडर किया था। 26 फरवरी को डीवीसीएम मासे बारसा ने भी एके-47 के साथ आत्मसमर्पण किया। वहीं 11 मार्च को नारायणपुर बॉर्डर में मुठभेड़ के बाद नक्सली जंगल की ओर भाग निकले थे। वहीं मोहला-मानपुर जिले के औंधी थाना क्षेत्र के कोहकाटोला और आमपायली गांव के आसपास जंगलों में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के आमने-सामने होने की खबर सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस की सर्चिंग टीम ने इलाके में घेराबंदी कर अभियान चलाया। (Naxal Network Weak)
31 मार्च तक नक्सलवाद खत्म करने का टारगेट
सुरक्षाबलों की मौजूदगी का आभास होते ही नक्सली मौके से फरार हो गए और किसी तरह की फायरिंग नहीं हुई। सर्चिंग के दौरान पुलिस को नक्सलियों के ठिकाने से एक इंसास रायफल, 15 जिंदा कारतूस और नक्सली गतिविधियों से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद हुई है। यह इलाका बस्तर के पखांजूर क्षेत्र और महाराष्ट्र सीमा से लगा होने के कारण नक्सल गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। फिलहाल सुरक्षाबलों का कहना है कि इलाके में लगातार सर्चिंग अभियान जारी है और नक्सलियों पर दबाव लगातार बढ़ाया जा रहा है। आत्मसमर्पण, हथियार बरामदगी और लगातार ऑपरेशन से संकेत मिल रहे हैं कि केंद्र सरकार के तय किए गए 31 मार्च 2026 से पहले ही बस्तर और आसपास के इलाकों में नक्सल नेटवर्क कमजोर पड़ता जा रहा है।
नक्सल डेडलाइन पर सियासत तेज
बस्तर में नक्सलवाद खत्म करने की 31 मार्च 2026 की डेडलाइन नजदीक आते ही सियासत भी तेज हो गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने सरकार से कई सवाल पूछे हैं। बैज ने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होनी चाहिए और इसका कांग्रेस स्वागत करती है, लेकिन क्या सरकार यह गारंटी दे सकती है कि 31 मार्च के बाद बस्तर में कोई भी नक्सली हिंसा नहीं होगी। दीपक बैज ने कहा कि डेडलाइन के बाद क्या किसी निर्दोष आदिवासी को नक्सली बताकर गिरफ्तार नहीं किया जाएगा या किसी कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या नक्सली नहीं करेंगे। इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री के नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे पहले भी अलग-अलग समय पर ऐसी घोषणाएं की जा चुकी हैं। (Naxal Network Weak)
बस्तर सांसद महेश कश्यप का पलटवार
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म होने से कांग्रेस को तकलीफ हो रही है और उनके नेताओं के बयान से यह साफ झलकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व नक्सलवाद के मुद्दे पर टिका हुआ है। कश्यप ने कहा कि कभी कांग्रेस नक्सलियों को जल, जंगल, जमीन का रखवाला बताती है तो कभी नक्सली नेताओं का महिमामंडन करती है। फिलहाल बस्तर में नक्सलवाद खत्म करने की तय डेडलाइन को लेकर जहां सुरक्षाबलों का अभियान तेज है, वहीं इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी भी लगातार तेज होती जा रही है। अब सबकी नजर 31 मार्च की डेडलाइन पर टिकी है कि इसके बाद बस्तर में हालात किस दिशा में जाते हैं और नक्सलवाद को खत्म करने के दावों का जमीनी असर कितना दिखाई देता है।



