राजनांदगांव में मासूमों से दरिंदगी, 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म, दो मामलों में अपहरण के बाद रेप
Rape in Rajnandgaon: राजनांदगांव जिले में नाबालिग बच्चियों के साथ अपराध की घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर चिखली थाना क्षेत्र में सात साल की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वहीं दूसरी ओर शहर में ही दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बच्चियों के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पहली घटना चिखली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक नवागांव वार्ड नंबर-2 में रहने वाली सात साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला युवक भावेश सामरित उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें:- 31 मार्च से पहले नक्सल नेटवर्क कमजोर, ओडिशा में 11 नक्सलियों का सरेंडर, कांकेर में विस्फोटक बरामद, डेडलाइन पर सियासत भी तेज
घटना के बाद दर्द से कराह रही बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने चिखली पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी भावेश सामरित को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि रविवार शाम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दो अलग-अलग मामलों में अपहरण और दुष्कर्म
इसी बीच राजनांदगांव में ही दो अन्य मामलों में भी नाबालिग बच्चियों के अपहरण और दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पहली घटना 9 मार्च और दूसरी 11 मार्च की बताई जा रही है। दोनों मामलों में बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से अपहृत बच्चियों को सकुशल बरामद किया। (Rape in Rajnandgaon)
किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा: पुलिस
नाबालिग लड़कियों के बयान और मेडिकल जांच के बाद मामले में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस ने इस मामले में मोनू बांसफोड़ (19 साल), निवासी अटल आवास बैगापारा लखोली और साहिल मंडावी (20 साल), निवासी ग्राम भोथली थाना लालबाग को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 14 मार्च को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें राजनांदगांव जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों के साथ अपराध के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



