छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सल एनकाउंटर, 12 नक्सली ढेर, 3 जवान शहीद, 2 घायल

Naxalite Encounter in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर बुधवार सुबह से शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं। मौके से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए हैं। एनकाउंटर में DRG के 3 जवान शहीद और 2 जवान घायल हुए हैं। बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने बताया कि इलाके में सर्च अभियान अब भी जारी है। अतिरिक्त टीमें भी मौके पर भेज दी गई हैं।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : साय कैबिनेट की बड़ी सौगात: बिजली बिल में दोगुनी छूट, उद्योग–शिक्षा में बड़े सुधार, पढ़े पूरी खबर
कैसे शुरू हुआ एनकाउंटर ?
बीजापुर SP डॉ. जितेंद्र यादव के मुताबिक DRG दंतेवाड़ा-बीजापुर, STF, कोबरा और CRPF की संयुक्त टीम बुधवार सुबह 9 बजे पश्चिम बस्तर डिवीजन इलाके में सर्च अभियान पर थी। इसी दौरान जंगलों में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों को घेरा और मुठभेड़ कई घंटे रुक-रुककर चलती रही। (Naxalite Encounter in Chhattisgarh)
हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
मौके से SLR राइफलें, INSAS राइफलें, .303 राइफलें और भारी गोला-बारूद बरामद बरामद किया गया है। नक्सलियों के शवों को बीजापुर जिला अस्पताल के मॉर्चरी में रखा गया है। मृत नक्सलियों की पहचान की जा रही है। IG सुंदरराज ने बताया कि अभी भी सर्च जारी है। संख्या बढ़ सकती है। मुठभेड़ में बीजापुर DRG के तीन जवान शहीद हुए हैं, जिसमें प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और जवान रमेश सोड़ी शामिल है। वहीं दो घायल जवानों को प्राथमिक इलाज दिया गया है, जो खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। शहीद जवानों को कल गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
मोदी-शाह की बैठक के चार दिन बाद बड़ी कार्रवाई
चार दिन पहले रायपुर में आयोजित DGP/IG सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और NSA अजीत डोभाल ने नक्सलवाद उन्मूलन की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की थी। गृहमंत्री अमित शाह पहले ही नक्सलवाद खत्म करने की 31 मार्च 2026 की डेडलाइन घोषित कर चुके हैं। लगातार हो रहे ऑपरेशनों को उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इस मुठभेड़ से पहले 18 नवंबर को मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा को आंध्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर मरेडमिल्ली जंगल में मार गिराया गया था। हिड़मा 26 बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था।



