बीजापुर-कांकेर मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद

Naxalite Encounter in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, बुधवार को हुए मुठभेड़ में जवानों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें बीजापुर के गंगालूर इलाके में 2 नक्सली और कांकेर-महाराष्ट्र सीमा पर गढ़चिरौली जिले के गट्टा जाबिया में 2 महिला नक्सली शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने सभी शव बरामद कर लिए हैं। बीजापुर पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि गंगालूर इलाके के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद DRG, STF और कोबरा बटालियन के जवान सर्चिंग अभियान पर निकले। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे नक्सलियों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो नक्सली मारे गए। मौके से एक 303 राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। DIG कमलोचन कश्यप ने बताया कि गोलीबारी अभी भी जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें:- फ्री में शराब मांगना पड़ा महंगा, दुकानदार ने जहर मिलाकर पिलाया, जानिए कैसे खुला राज ?
वहीं कांकेर जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के गट्टा जाबिया में भी बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें सी-60 और सीआरपीएफ के जवान शामिल थे। इस दौरान मोडास्के के जंगलों में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने गोलीबारी की, जिसका जवाब देते हुए सुरक्षाबलों ने दो महिला नक्सलियों को ढेर कर दिया। मौके से एके-47, राइफल और अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई है। महिला नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है। बता दें कि एनकाउंटर से एक दिन पहले नक्सली लीडर अभय ने प्रेस नोट जारी कर सरकार के सामने सरेंडर और बातचीत की इच्छा जताई थी। उसने कहा था कि अगर सरकार सच में बातचीत करना चाहती है तो जेल में बंद नक्सली कैदियों से भी राय लेने की अनुमति दे और संगठन पर पुलिस दबाव न बनाए। (Naxalite Encounter in Chhattisgarh)

गरियाबंद में मारे गए थे 10 नक्सली
इससे पहले 11 सितंबर को गरियाबंद जिले में जवानों ने एनकाउंटर में 10 इनामी नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें ओडिशा स्टेट कमेटी का सचिव और डेढ़ करोड़ का इनामी मोडेम बालकृष्ण भी शामिल था। एडीजी एंटी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा ने तब कहा था कि नए इलाकों में पांव पसारने से पहले नक्सलियों का खात्मा कर दिया गया और बड़े नेटवर्क को तोड़ा गया। वहीं CM साय ने कहा था कि बस्तर में विश्वास, विकास और शांति के नए सूर्य का उदय हो रहा है। अदम्य साहस और वीरता के पर्याय CRPF की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और DRG के जवानों को नक्सलवाद के विरुद्ध एक और बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। गरियाबंद जिले में नक्सल मोर्चे पर हुई मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं, जिसमें ₹1 करोड़ के इनामी सीसीएम मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज को भी न्यूट्रलाइज किया गया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में “नक्सलमुक्त भारत” का संकल्प साकार होकर रहेगा। (Naxalite Encounter in Chhattisgarh)



