Google Analytics —— Meta Pixel

फ्री में शराब मांगना पड़ा महंगा, दुकानदार ने जहर मिलाकर पिलाया, जानिए कैसे खुला राज ?

Sakti Liquor Death Case: सक्ती जिले में फ्री में शराब मांगने से परेशान एक दुकानदार ने दो युवकों की हत्या कर दी। दुकानदार ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर शराब में सुहागा यानी बोरैक्स मिलाया और दोनों को पीने को दे दिया। शराब पीने के आधे घंटे के भीतर ही दोनों युवकों की मौत हो गई। यह मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 15 सितंबर का है। जब करही गांव के रहने वाले सूरज यादव और मनोज कश्यप शाम को गांव के बाहर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। उनके पास से शराब की बोतल भी बरामद हुई। परिजन उन्हें तुरंत सारंगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज शुरू होने के महज आधे घंटे बाद ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में आज 10 हजार NHM कर्मचारियों का जेल भरो आंदोलन, सरकार ने अब तक 794 को किया बर्खास्त

क्यों रची गई साजिश ?

शुरुआत में ग्रामीणों और परिवारवालों को लगा कि मौत जहरीली शराब पीने से हुई है, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। पुलिस जांच में पता चला कि गांव का रहने वाला भोला टंडन उर्फ सुरेंद्र (25) अवैध तरीके से शराब बेचता था। मृतक युवक सूरज और मनोज आए दिन उसके पास पहुंच जाते और फ्री में शराब की मांग करते थे। जब भोला उन्हें मना करता तो वे धमकी देते कि इसकी शिकायत पुलिस को करेंगे। इस वजह से कई बार उनके बीच विवाद भी हो चुका था। लगातार दबाव और धमकी से परेशान होकर भोला ने अपने चचेरे भाई अनिल टंडन (35) के साथ मिलकर दोनों को सबक सिखाने की ठानी। (Sakti Liquor Death Case)

सुहागा लाकर शराब में मिलाया

योजना के तहत भोला ने अपने चचेरे भाई अनिल को सुहागा लाने भेजा। अनिल पास ही के एक सुनार के पास गया और खुद को बैगा बताकर सुहागा ले आया। सुहागा सामान्य तौर पर धातु जोड़ने में उपयोग किया जाता है, लेकिन आरोपियों को पता था कि इसे शराब में मिलाने पर केमिकल रिएक्शन होता है और यह जहर की तरह असर करता है। इसके बाद दोनों ने अंग्रेजी शराब की बोतल में सुहागा मिलाया और सूरज-मनोज को पिला दिया। शराब पीने के बाद दोनों की हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई। (Sakti Liquor Death Case)

शुरुआत में मौत को जहरीली शराब से जुड़ा मामला मानकर जांच शुरू हुई थी। सारंगढ़ पुलिस ने जीरो मर्ग कायम कर केस डायरी बिर्रा थाने को ट्रांसफर की। बिर्रा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पूछताछ की। जांच में सामने आया कि भोला ब्लैक में शराब बेचता है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह बार-बार आरोप से इनकार करता रहा। यहां तक कि बचने के लिए उसने अपने मोबाइल की सिम कार्ड तोड़कर फेंक दी थी। हालांकि लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो भोला ने वारदात कबूल कर ली। (Sakti Liquor Death Case)

ग्रामीणों ने किया था चक्काजाम

आरोपी ने बताया कि उसने अपने चचेरे भाई अनिल के साथ मिलकर ही शराब में सुहागा मिलाया था। इसके बाद अनिल टंडन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों ने बिर्रा चौक पर चक्काजाम कर दिया और गांव में अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि अगर समय रहते अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाई जाती तो ऐसी घटना टाली जा सकती थी। (Sakti Liquor Death Case)

कई धाराओं के तहत केस दर्ज

सक्ती जिले के एसपी SP कुमार पांडेय ने बताया कि दो युवकों की संदिग्ध मौत के मामले को गंभीरता से लिया गया। प्रारंभिक जांच में ही हत्या की आशंका मजबूत हो गई थी। इसके बाद साइबर टीम और बिर्रा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) BNS, 61(2), 123 BNS के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से सुहागा, उसका रैपर और एक बड़ा सूजा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कितने समय से अवैध शराब का कारोबार कर रहे थे और इसमें और कौन-कौन शामिल है।

इन धाराओं के तहत केस दर्ज

धारा 103(1) BNS (हत्या)- यह IPC की धारा 302 के बराबर है। जब कोई व्यक्ति जान-बूझकर, सोच-समझकर और इरादतन किसी की जान लेता है, तो यह धारा लगती है। इसमें मकसद और कर्म दोनों साफ दिखाई देने चाहिए। जैसे इस केस में आरोपियों ने सुहागा लाकर शराब में मिलाया और जानबूझकर मृतकों को पिलाया। इसमें मौत की सजा या आजीवन कारावास के साथ साथ में जुर्माने का प्रावधान है।

धारा 61(2) BNS (आपराधिक षड्यंत्र)- जब दो या दो से ज्यादा लोग मिलकर किसी अपराध की योजना बनाते हैं और उसे अंजाम देते हैं, तो यह धारा लगती है। इस केस में भोला और अनिल दोनों ने मिलकर योजना बनाई, जैसे सुहागा खरीदना, शराब में मिलाना और पिलाना शामिल, जिस अपराध के लिए षड्यंत्र किया गया है, उसी के अनुसार सजा मिलेगी। अगर हत्या के लिए षड्यंत्र हुआ तो हत्या जितनी ही सजा मिलेगी।

धारा 123 BNS (सबूत छिपाना या अपराध में मदद करना)- इसमें वे हालात आते हैं जब आरोपी या कोई अन्य व्यक्ति अपराध छिपाने की कोशिश करता है। जैसे- सबूत मिटाना, मोबाइल की सिम तोड़ना, हथियार/बोतल छिपाना शामिल हैं। इस केस में भोला ने अपने मोबाइल की सिम तोड़कर फेंक दी, ताकि जांच में उसका लोकेशन या कॉल डिटेल न मिल सके। अपराध की गंभीरता के हिसाब से 3 साल तक की जेल या जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।

सुहागा का इस्तेमाल

पुलिस ने बताया कि सुहागा का सामान्य इस्तेमाल ज्वेलर्स धातु को जोड़ने के लिए करते हैं। यह सीधा शरीर के लिए जहरीला होता है और शराब में मिलाने पर रासायनिक प्रतिक्रिया करके जानलेवा जहर बन जाता है। यही वजह रही कि शराब पीने के थोड़े ही देर बाद दोनों युवकों की मौत हो गई। (Sakti Liquor Death Case)

Back to top button
error: Content is protected !!