रायपुर में आज 10 हजार NHM कर्मचारियों का जेल भरो आंदोलन, सरकार ने अब तक 794 को किया बर्खास्त

NHM Protest 2025: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन यानी NHM संविदा कर्मचारियों की हड़ताल को एक महीना पूरा हो गया है। कर्मचारियों ने 18 अगस्त से हड़ताल शुरू की थी, जो अब तक जारी है। सरकार ने 16 सितंबर तक सभी को काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन कर्मचारियों ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद सरकार ने एक्शन लेते हुए अब तक 794 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- 33 करोड़ में बिकी ‘आत्मा’: महिला ने खून से लिखा कॉन्ट्रैक्ट, खरीदार भी हैरान
किन जिलों में हुई बर्खास्तगी
- सूरजपुर- 594 कर्मचारी
- बलौदाबाजार- 160 कर्मचारी
- कोरबा- 21 कर्मचारी
इन सभी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने साफ कहा है कि हड़ताल खत्म किए बिना किसी को बख्शा नहीं जाएगा। बर्खास्तगी और चेतावनियों के बावजूद कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। 18 सितंबर को यानी आज राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर संभागीय स्तर का जेल भरो आंदोलन होगा। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के करीब 10 हजार कर्मचारी इसमें शामिल होंगे। कर्मचारी संगठन का कहना है कि अब आंदोलन निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। NHM कर्मचारी लगातार 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। (NHM Protest 2025)
कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगें
- संविलियन और स्थायीकरण
- पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
- ग्रेड पे निर्धारण
- लंबित 27% वेतन वृद्धि
- CR मिशन में पारदर्शिता
- नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण
- अनुकंपा नियुक्ति
- मेडिकल और अन्य लीव की सुविधा
- ट्रांसफर पॉलिसी
- न्यूनतम 10 लाख तक कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस
सरकार ने अब तक क्या किया ?
राज्य सरकार ने इनमें से 5 मांगों पर मौखिक सहमति जताई है। इनमें मेडिकल लीव, ट्रांसफर पॉलिसी पर कमेटी गठन, कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस और आंशिक वेतन वृद्धि शामिल हैं। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि मौखिक आश्वासन काफी नहीं है, सभी 10 मांगें लिखित में पूरी करनी होंगी। NHM संविदा कर्मचारियों का आरोप है कि चुनाव के दौरान भाजपा ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत 100 दिनों के भीतर संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बने 20 महीने हो चुके हैं और अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे अब तक 160 से ज्यादा ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन सरकार ने सिर्फ वादे किए हैं। (NHM Protest 2025)
आंदोलन के तरीके
NHM कर्मचारी लगातार अलग-अलग तरीकों से प्रदर्शन कर रहे हैं। खून से पत्र लिखकर सरकार को भेजे गए।
सोशल मीडिया पर विरोध गीत और पैरोडी गानों के वीडियो वायरल हुए। धमतरी में कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ी गाने “मोर पथरा के देवता मानत नई हे वो” पर नाचकर विरोध जताया। कई जिलों में कर्मचारी मुखौटा पहनकर गानों पर डांस करते दिखे। रैली निकाली, हवन किया, नाटक किया बारात निकाली, जल सत्याग्रह और भी कई तरह से विरोध जताया। (NHM Protest 2025)
स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा असर
लगातार हड़ताल और बर्खास्तगी से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। संस्थागत प्रसव, ओटी और लेबर रूम बंद हैं। पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे, सोनोग्राफी और टीकाकरण जैसी सुविधाएं प्रभावित हैं। कई अस्पतालों में ताले लटके हुए हैं, जिससे मरीजों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने नियमित कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और उन्हें तुरंत ड्यूटी पर लौटने का आदेश दिया है।
सरकार और नेताओं की प्रतिक्रिया
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि 10 में से 5 मांगों पर सहमति बन चुकी है। बाकी मांगें हमारे हाथ में नहीं हैं, उनके लिए हम केंद्र सरकार से सिफारिश करेंगे। वहीं दुर्ग के भाजपा सांसद विजय बघेल और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हड़ताल को जायज ठहराया और कहा कि कर्मचारियों की मांगें सही हैं। जबकि पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने माना कि कांग्रेस सरकार ने NHM कर्मियों से किए वादे पूरे नहीं किए और इसी कारण चुनाव में नुकसान उठाना पड़ा। (NHM Protest 2025)
सामूहिक इस्तीफे भी दे चुके कर्मचारी
सरकार की कार्रवाई से पहले ही NHM कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा दे चुके हैं। 3 सितंबर को 25 कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था, जिनमें संगठन के प्रदेश संरक्षक हेमंत सिन्हा और महासचिव कौशलेश तिवारी भी शामिल थे। इसके बाद आंदोलन और उग्र हो गया। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में NHM कर्मियों का आंदोलन सरकार बनाम संविदा कर्मचारियों की जंग बन चुका है। कर्मचारी सभी 10 मांगों पर लिखित आश्वासन चाहते हैं, जबकि सरकार आंशिक सहमति और बर्खास्तगी के जरिए दबाव बना रही है। इस बीच मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है, क्योंकि राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं लगभग ठप हो चुकी हैं। (NHM Protest 2025)



