Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार, एक करोड़ के इनामी अनल दा समेत 15 नक्सली ढेर

Naxalite Encounter in Jharkhand: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक करोड़ के इनामी शीर्ष नक्सली नेता अनल दा उर्फ पतिराम मांझी समेत कुल 15 नक्सली मारे गए। जानकारी के मुताबिक झारखंड पुलिस, कोबरा बटालियन और केंद्रीय पुलिस बल के जवान नक्सल विरोधी विशेष अभियान ‘मेघाबुरू’ के तहत सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान जंगल में पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचाया। 

यह भी पढ़ें:- कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी में जीवंत होगी जनजातीय वीरों की गाथा

पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ नक्सली संगठन के शीर्ष नेता अनल दा उर्फ पतिराम मांझी के दस्ते से हुई। उसके दस्ते में 14 से ज्यादा नक्सली शामिल थे। कार्रवाई के बाद सर्च ऑपरेशन में कुल 15 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग का सामान भी जब्त किया गया है। CRPF IG साकेत कुमार ने बताया कि मारे गए 15 नक्सलियों में से 11 की पहचान कर ली गई है। इनमें सबसे बड़ा नाम अनल उर्फ पतिराम मांझी (CCM) का है, जिस पर झारखंड सरकार ने 1 करोड़ रुपए, ओडिशा सरकार ने 1 करोड़ 20 लाख रुपए और एनआईए ने 15 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। सारंडा का इलाका दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां लंबे समय से नक्सली गतिविधियां रही हैं। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया गया है और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है।

पहचाने गए नक्सलियों की पहचान

  • अनमोल उर्फ सुशांत- इनाम-25 लाख (झारखंड), 65 लाख (ओडिशा)
  • अमित मुंडा- इनाम- 15 लाख (झारखंड), 43 लाख (ओडिशा), 4 लाख (एनआईए)
  • पिंटू लोहरा- इनाम- 5 लाख (झारखंड)
  • लालजीत उर्फ लालू- इनाम- 5 लाख (झारखंड)
  • राजेश मुंडा-निवासी- माईलपिड़ी, अड़की, खूंटी
  • बुलबुल अलदा- निवासी- ईलीगढ़ा, तांतनगर, चाईबासा
  • बबिता- निवासी- कोरर्रा, कुचाई, सरायकेला
  • पूर्णिमा- निवासी- ईचागोडा, गोईलकेरा, चाईबासा
  • सूरजमुनी जोंगा- निवासी- बोईपाई ससांग, गोईलकेरा, चाईबासा

कौन था अनल दा उर्फ तूफान ?

एक करोड़ का इनामी अनल दा उर्फ तूफान का असली नाम पतिराम मांझी उर्फ पतिराम मरांडी उर्फ रमेश था। वह गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के झरहाबाले गांव का रहने वाला था। उसके पिता का नाम टोटो मरांडी उर्फ तारू मांझी है। अनल दा सेंट्रल कमेटी मेंबर था, जो संगठन का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता था। वह साल 1987 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था और उस पर हत्या, IED ब्लास्ट, हथियार लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे। यह मुठभेड़ नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक मानी जा रही है।

नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलताएं

एक करोड़ के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य प्रशांत बोस को सरायकेला-खरसावां से गिरफ्तार किया गया। एक करोड़ के इनामी सेंट्रल कमेटी सदस्य सुधाकर ने तेलंगाना में सरेंडर किया। अप्रैल 2025 में प्रयाग मांझी उर्फ विवेक मुठभेड़ में मारा गया। सितंबर 2025 में अनुज उर्फ सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश उर्फ अमलेश हजारीबाग में ढेर किया गया। इस मुठभेड़ को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तय की गई उस डेडलाइन से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके तहत मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद के समूल खात्मे का लक्ष्य रखा गया है। इसे लेकर कार्रवाई लगातार जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!