8 लाख की इनामी महिला नक्सली ने किया सरेंडर, 20 साल से संगठन में सक्रिय थी जानसी

Naxalite Surrender in Gariaband: गरियाबंद के नगरी एरिया कमेटी की सचिव और 8 लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली जानसी मटामी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। करीब 20 सालों से नक्सली संगठन में सक्रिय जानसी का यह कदम सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानसी जनवरी 2025 में भालू डिग्गी मुठभेड़ में मारे गए नक्सली कमांडर सत्यम गावड़े की पत्नी है। पति की मौत के बाद से वह मानसिक तनाव से जूझ रही थी। इसी बीच गरियाबंद पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘घर वापसी अभियान’ और राज्य सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें:- चाय में गिरी छिपकली, एक ही परिवार की बिगड़ी सेहत, पिता समेत तीन बेटियां अस्पताल में भर्ती
जानसी मूलतः महाराष्ट्र की रहने वाली है, जो 2005 में जनमिलिशिया के जरिए नक्सल आंदोलन से जुड़ी थी। संगठन में उसकी कार्यकुशलता को देखते हुए उसे नगरी एरिया कमेटी की सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। इस दौरान वह रिसगांव में हुए सुरक्षाबलों पर हमले समेत कई बड़ी नक्सली घटनाओं में सक्रिय रही। गरियाबंद SP निखिल राखेचा ने बताया कि जानसी ने पारिवारिक दबाव, मानसिक स्थिति और सरकार की पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर आत्मसमर्पण किया है। SP राखेचा ने कहा कि जानसी का आत्मसमर्पण संगठन की रीढ़ को तोड़ने जैसा है। हम अन्य नक्सलियों से भी अपील करते हैं कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। (Naxalite Surrender in Gariaband)
सरकार ने दिया पुनर्वास और सुरक्षा का आश्वासन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जानसी को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सुरक्षा, आवास, आर्थिक सहायता और अन्य जरूरी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति, बेहतर पुनर्वास नीति और निरंतर सुरक्षा अभियान के चलते नक्सली संगठन अब बैकफुट पर आते दिख रहे हैं। इस बीच डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह आत्मसमर्पण इस बात का प्रमाण है कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति, पुनर्वास नीति और लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों से नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहे हैं। (Naxalite Surrender in Gariaband)

उन्होंने दावा किया कि सरकार ने जो लक्ष्य तय किया है, उसके तहत राज्य को तय समयसीमा में नक्सलमुक्त कर दिया जाएगा। बता दें कि जानसी न केवल एक आम नक्सली थी, बल्कि नगरी एरिया कमेटी जैसी प्रभावशाली इकाई की सचिव भी थी। पति सत्यम गावड़े की मौत के बाद संगठन में उसकी स्थिति अस्थिर हो गई थी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उसके आत्मसमर्पण से संगठन के अंदर असंतोष और भय का माहौल है, जिससे आने वाले दिनों में और आत्मसमर्पण की संभावना है। जानसी का आत्मसमर्पण गरियाबंद पुलिस के लिए एक बड़ी रणनीतिक जीत है। यह न सिर्फ नक्सल संगठन की आंतरिक कमजोरियों को उजागर करता है, बल्कि राज्य सरकार की नीतियों की सफलता का भी संकेत देता है। आने वाले समय में अगर इसी रफ्तार से आत्मसमर्पण होते रहे, तो छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य और भी नजदीक आता दिख रहा है। (Naxalite Surrender in Gariaband)



