गरियाबंद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, रक्शापथरा के जंगल से AK-47 और 12 बोर बंदूक बरामद

Naxalite Weapons in Gariaband: गरियाबंद के शोभा थाना क्षेत्र के रक्शापथरा गांव के जंगल क्षेत्र में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित रक्शापथरा के दुर्गम जंगलों में नक्सलियों के डंप किए गए अत्याधुनिक हथियारों को बरामद किया गया है। गरियाबंद जिला पुलिस बल की ई-30 टीम की इस कार्रवाई में डीजीएन डिवीजन के नक्सलियों के छिपाकर रखे गए एक नग AK-47 राइफल, एक खाली मैग्जीन और एक नग 12 बोर हथियार जब्त किया गया है।
यह भी पढ़ें:- 400 किमी का सफर तय कर उदंती-सीतानदी पहुंचा बीमार गिद्ध, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू
यह कार्रवाई 19 जनवरी 2026 को गरियाबंद में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से प्राप्त सूचना और निशानदेही के आधार पर की गई। सूचना के बाद 20 जनवरी 2026 को जिला पुलिस बल की ऑप्स टीम ई-30 को मौके के लिए रवाना किया गया। ई-30 टीम और बीडीएस की संयुक्त सर्चिंग के दौरान थाना शोभा क्षेत्र के रक्शापथरा के जंगल में एक टेकरी के ऊपर चट्टान के किनारे नक्सलियों के डंप किए गए हथियार बरामद किए गए। पुलिस की इस सफल कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है। (Naxalite Weapons in Gariaband)

बता दें कि एक दिन पहले ही अंतिम पंक्ति में सक्रिय 9 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया था। इनमें 6 महिला और 3 पुरुष नक्सली शामिल हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर कुल 45 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वे अपने साथ 3 AK-47, 2 SLR और 1 .303 राइफल लेकर पहुंचे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे नक्सली एक वाहन में सवार होकर जिला मुख्यालय पहुंचे और IG अमरेश मिश्रा के सामने हथियार डाले। सरेंडर से एक दिन पहले SP वेदव्रत सिरमौर्य राजा डेरा गांव पहुंचे थे और ग्रामीणों से मुलाकात की थी। इसके बाद नक्सलियों ने मध्यस्थों के जरिए घर वापसी की इच्छा जताई। सरेंडर करने वालों में बलदेव, अंजू सरुपा, रतना, गोविंदा उर्फ रंजिता, सोनी उर्फ बुधरी, उर्षा, नविता और डमरु शामिल हैं। हालांकि ओडिशा सीमा पर सक्रिय नक्सली उषा ने अब तक आत्मसमर्पण नहीं किया है। (Naxalite Weapons in Gariaband)



