सुकमा में 22 नक्सलियों ने छोड़ा हथियार, 65 से ज्यादा नक्सली स्मारक ध्वस्त, 31 मार्च डेडलाइन से पहले एक्शन मोड में सुरक्षाबल

Naxalites Surrender in Sukma: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल, एक महिला समेत 22 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए आत्मसमर्पण कर दिया है। दरअसल, लंबे समय से चल रहे सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियानों से नक्सली संगठनों पर लगातार दबाव बना हुआ था। राज्य सरकार की पुनर्वास और आत्मसमर्पण नीति, बेहतर जीवन की संभावनाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में तेजी से हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर इन नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वालों को नियमानुसार आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और पुनर्वास सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ की किसान परिवार की बेटी, बड़े सपनों की उड़ान- बनीं लेफ्टिनेंट: मुंगेली की सुप्रिया ठाकुर ने रचा इतिहास
अधिकारियों ने इसे नक्सल मुक्त भारत अभियान की दिशा में मजबूत कदम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में नक्सल प्रभाव वाले क्षेत्रों में शांति, विकास और विश्वास का वातावरण और सुदृढ़ किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को और तेज कर दिया गया है। नक्सलवाद के खात्मे की 31 मार्च की डेडलाइन नजदीक आते ही बस्तर संभाग में सुरक्षाबलों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। जवान जहां एक ओर सक्रिय नक्सली नेताओं और कैडर की तलाश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है। इसके साथ ही नक्सलियों के बनाए गए स्मारकों को भी मिशन मोड में ध्वस्त किया जा रहा है। (Naxalites Surrender in Sukma)

बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में 12 नक्सली स्मारक ध्वस्त किए हैं। इस दौरान दो IED भी बरामद कर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किए गए। दरअसल, CRPF ने एरिया डोमिनेशन के दौरान पिल्लूर के जंगल में नक्सलियों के बनाए 7 स्मारकों को चिन्हित किया। तलाशी के दौरान स्मारकों के पास कॉर्डेक्स वायर से भरी दो बीयर बोतल IED बरामद की गई। इसके बाद दोनों IED को निष्क्रिय कर दिया, जिसके बाद सभी 7 स्मारकों को ध्वस्त कर दिया गया। इसी कड़ी में गंगालूर थाना क्षेत्रांतर्गत CRPF 85वीं वाहिनी ने मल्लूर के जंगल में निर्मित लगभग 12 फीट ऊंचे नक्सली स्मारक को तोड़ा। CRPF 222वीं वाहिनी ने एरिया डोमिनेशन के दौरान पालनार गांव के पास 3 और पेद्दाकोरमा में एक स्मारक को ध्वस्त किया।

65 नक्सली स्मारक ध्वस्त
8 फरवरी को रायपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा की थी। समीक्षा बैठक के बाद सुरक्षाबलों ने अभियान को और तेज कर दिया है। जानकारी के मुताबिक पिछले 15 दिनों में सुकमा, बीजापुर और बस्तर जिलों में 65 से ज्यादा नक्सली स्मारकों को ध्वस्त किया गया है। ये स्मारक पिरामिड या पगोडा आकार के कंक्रीट ढांचे थे, जिन पर नक्सलियों का चिन्ह भी अंकित रहता था। सुरक्षाबलों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से इन ढांचों की लोकेशन मैपिंग की है और फरवरी के अंत तक सभी नक्सली स्मारकों को हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अधिकारियों के मुताबिक इन इलाकों को साफ करने के बाद वहां वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि हिंसा के प्रतीकों की जगह विकास और हरियाली का संदेश दिया जा सके।
डर खत्म करने की रणनीति
अधिकारियों का कहना है कि इन स्मारकों को ध्वस्त करने का उद्देश्य ग्रामीणों, खासकर बस्तर के आदिवासियों के मन से नक्सलियों का भय खत्म करना है। अधिकारियों के मुताबिक जब गांव वाले इन स्मारकों को गिरते हुए देखते हैं और किसी प्रकार का विरोध नहीं होता तो यह साफ संदेश जाता है कि नक्सलवाद कमजोर हो रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इससे नक्सलियों या उनके समर्थकों के लिए संभावित जुटान स्थल भी समाप्त हो जाते हैं। प्रशासन ने कहा कि आत्मसमर्पण को बढ़ावा देने, विकास कार्यों को गति देने और सुरक्षा अभियानों के माध्यम से नक्सलवाद के प्रभाव को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे। सुकमा में 22 नक्सलियों का आत्मसमर्पण इसी रणनीति का परिणाम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में बस्तर क्षेत्र में स्थायी शांति की उम्मीद को और मजबूत करता है।




