दिल्ली में ‘धनवर्षा’ का झांसा, तांत्रिक ने लड्डू में जहर मिलाकर ली तीन लोगों की जान

Triple Murder in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आउटर जिले के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में धनवर्षा कराने के नाम पर एक महिला समेत तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में कई सनसनीखेज राज खोले हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रसाद के रूप में दिए जाने वाले लड्डू में सल्फास और तीन नींद की गोलियां मिलाकर पीड़ितों को खिलाता था। लड्डू खाते ही व्यक्ति गहरी नींद में चला जाता था और जहर अपना असर दिखाने लगता था। आरोपी नींद की गोलियों की मात्रा ज्यादा रखता था, ताकि पीड़ित तुरंत अचेत हो जाए और शरीर में कोई हरकत न रहे।
यह भी पढ़ें:- सुकमा में 22 नक्सलियों ने छोड़ा हथियार, 65 से ज्यादा नक्सली स्मारक ध्वस्त, 31 मार्च डेडलाइन से पहले एक्शन मोड में सुरक्षाबल
जांच में सामने आया कि कमरुद्दीन कभी भी मेडिकल स्टोर से खुद सल्फास या नींद की गोलियां नहीं खरीदता था। वह दूसरों से यह कहकर गोलियां मंगवाता था कि गेहूं में दवा लगाने के लिए सल्फास की जरूरत है। अब पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है, जो उसके लिए गोलियां लेकर आते थे। आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली जा रही है। दरअसल, 8 फरवरी को दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक बंद कार के अंदर तीन लोग बेहोश मिले थे। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान 76 साल के रणधीर, 47 साल के शिव नरेश सिंह और 40 साल की लक्ष्मी देवी के रूप में हुई। रणधीर ड्राइविंग सीट पर बैठे थे, जबकि बाकी दोनों पीछे की सीट पर थे। (Triple Murder in Delhi)

कार से शराब, कैश और दस्तावेज बरामद
पुलिस के मुताबिक कमरुद्दीन करीब एक साल से तीनों के संपर्क में था। CCTV फुटेज में घटना वाले दिन उसे कार के पास देखा गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकेशन डेटा से भी उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई है। जांच में सामने आया कि तीनों घटना से एक दिन पहले और उसी दिन गाजियाबाद के लोनी गए थे, जहां से आरोपी कार में बैठा और बाद में मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को कार की तलाशी में शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, नकदी, हेलमेट, जैकेट और आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज मिले। तीनों मृतक बापरौला, नगली डेयरी और जहांगीरपुरी इलाके के रहने वाले थे। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार किया था, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की।
‘धनवर्षा’ के नाम पर मांगे थे 2 लाख
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दो महीने पहले उसकी पहचान जहांगीरपुरी के रहने वाले सलीम के जरिए लक्ष्मी से हुई थी। बाद में लक्ष्मी ने अन्य दोनों मृतकों से उसकी मुलाकात कराई। कमरुद्दीन ने तीनों को विशेष पूजा के जरिए धनवर्षा कराने का झांसा दिया और 2 लाख रुपए नकद, शराब और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था करने को कहा। पुलिस ने आरोपी के घर से कई लोगों की तस्वीरें बरामद की हैं। जांच में पता चला कि यह उन लोगों की तस्वीरें हैं, जिन पर वह वशीकरण करने का दावा करता था। वह जादू-टोना, वशीकरण और व्यापार में तरक्की दिलाने के नाम पर लोगों को फंसाता था। (Triple Murder in Delhi)

पहले भी दर्ज हैं हत्या के मामले
पुलिस के मुताबिक कमरुद्दीन आदतन अपराधी है। साल 2014 में राजस्थान के धौलपुर जिले के राजा खेड़ा थाने में IPC की धारा 143, 363 और 302 के तहत मामला दर्ज हुआ था। 2025 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाने में BNS की धारा 103(1) और 123 के तहत एक और FIR दर्ज है। पश्चिम विहार ईस्ट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। राजधानी में तंत्र-मंत्र के नाम पर रची गई इस साजिश ने एक बार फिर अंधविश्वास की कीमत याद दिला दी है। फिलहाल पुलिस इस मौत के खेल के बाकी किरदारों की तलाश में जुटी है। धनवर्षा का झांसा देकर मौत बांटने वाला तांत्रिक सलाखों के पीछे है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर अंधविश्वास का ये जाल कब टूटेगा ?



