रायपुर में मृत महिला के नाम पर रजिस्ट्री, अभनपुर में 49 लाख रुपए की ठगी, देवपुरी में भी 36 लाख ठगा

Fraud in Name of Land: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जिले के अभनपुर तहसील में जमीन से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मृत महिला के नाम पर फर्जी बैनामा कर करीब 49 लाख रुपए की कृषि जमीन बेचने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब नामांतरण प्रक्रिया के दौरान संबंधित विक्रेता का मौत प्रमाण पत्र सामने आया। रजिस्ट्री से चार साल पहले ही विक्रेता की मौत हो चुकी थी। शिकायतकर्ता अन्नु तारक (45) जिला पंचायत सदस्य हैं, जिन्होंने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उनकी जमीन से लगी कृषि जमीन टेकारी गांव में स्थित है।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में ‘धनवर्षा’ का झांसा, तांत्रिक ने लड्डू में जहर मिलाकर ली तीन लोगों की जान
यह जमीन बोधनी और शारदा के संयुक्त स्वामित्व में बताई गई थी। देवेन्द्र वर्मा और कमलनारायण वर्मा ने जमीन को बेचने की पेशकश की। अन्नु तारक ने भरोसा कर 24 जून 2025 को जमीन का पंजीयन कराया और कुल 49 लाख 47 हजार रुपए का भुगतान किया, जिसमें 40 लाख रुपये नकद और 9 लाख 47 हजार रुपए आरटीजीएस के माध्यम से दिए गए। रजिस्ट्री के बाद उन्होंने जमीन पर कब्जा लिया और राजस्व अभिलेख में अपना नाम दर्ज भी करा लिया। इसके बाद 3 जुलाई 2025 को अन्नु तारक ने जमीन को केता कौशल तारवानी और कपिल तारवानी को बेच दिया। जब नए खरीदारों की ओर से नामांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई, तब खुलासा हुआ कि विक्रेता बताई गई शारदा की मौत 23 अप्रैल 2021 को ही हो चुकी थी।
आरोपियों पर साजिश का आरोप
मृत्यु प्रमाण पत्र के मुताबिक बैनामा पंजीयन से करीब चार साल पहले ही उनकी मौत हो गई थी। इस खुलासे के बाद पूरे मामले में हड़कंप मच गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि देवेन्द्र वर्मा और कमलनारायण वर्मा मृतिका शारदा के बेटे बताए जा रहे हैं, जिन्हें अपनी मां की मौत की पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद उन्होंने जानबूझकर किसी अन्य व्यक्ति को शारदा के रूप में प्रस्तुत कर फर्जी बैनामा कराया। दोनों ने गवाह के रूप में भी दस्तखत किए। बोधनी को भी आरोपी बताया गया है। अन्नु तारक का कहना है कि उन्हें पूरी तरह धोखे में रखा गया और कूटरचना कर अवैध तरीके से जमीन की बिक्री की गई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, छल-कपट और आपराधिक षड्यंत्र के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
देवपुरी में भी 36 लाख की ठगी
टेकारी ग्राम पंचायत के खसरा नंबर 323/1 को लेकर पूर्व में वसीयत के आवेदन के आधार पर नाम दुरुस्ती का आदेश जारी किया गया था। हालांकि अब उस आदेश पर रोक लगा दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच में गड़बड़ी पाई जाती है तो एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच देवपुरी इलाके में जमीन बेचने के नाम पर 36 लाख रुपए की धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। घटना गोलबाजार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Fraud in Name of Land)
बढ़ते जमीन घोटालों पर सवाल
जगदलपुर के कुमार पारा में रहने वाले शिकायतकर्ता धनंजय नंदी ने राहुल बनिक और राजेश शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित रजिस्ट्री के सिलसिले में सोमवार को तहसील कार्यालय आया था और मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन खड़ा कर पार्टी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान धोखाधड़ी की घटना हुई। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने छत्तीसगढ़ में जमीन सौदों की पारदर्शिता और पंजीयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृत व्यक्तियों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों-करोड़ों की ठगी की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी। (Fraud in Name of Land)



