कांग्रेस पर अग्निवीर योजना को लेकर भ्रामक बातें फैलने का आरोप, अठावले ने कहा- हर विषय पर राजनीति करना ठीक नहीं

NDA on Agniveer Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर हो रही राजनीति को लेकर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार बेरोजगार नौजवानों को राहत दे सके इसलिए अग्निवीर योजना लेकर आई है। कुछ दिन नौजवान अगर अग्निवीर योजना में काम करते हैं तो उन्हें सेना के दूसरे विभागों में काम करने का अवसर भी मिलता है। प्रधानमंत्री का कहना है कि विपक्ष को राजनीति नहीं करना चाहिए। हर विषय पर राजनीति करना ठीक नहीं है। भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि ऐसे कितने बच्चों का मनोबल यह विपक्ष तोड़ रहा है, जो देश की सेवा के लिए कुछ करना चाह रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से इस्तीफे की मांग, MUDA घोटाले के खिलाफ भाजपा सांसदों का प्रदर्शन
सांसद रवि किशन ने कहा कि यह देश को मजबूत करने की सोच है। 5 साल इनकी यही राजनीति रही है कि PM नरेंद्र मोदी और सरकार जो कुछ भी करे वे (विपक्ष) सिर्फ उसका विरोध करते हैं। हर बात को लेकर नकारात्मक सोच के साथ कैसे ये लोग देश को आगे लेकर जाएंगे? बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि आज कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ है और पूरा देश कारगिल युद्ध में देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दे रहा है। कांग्रेस पार्टी अग्निवीर योजना पर राजनीति कर रही है और भ्रामक बातें फैला रही है। यह राष्ट्रीय हित में नहीं है। (NDA on Agniveer Yojana)
कांग्रेस के समय में सिर्फ घोटाले होते थे: वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 सालों में रक्षा क्षेत्र में बड़े सुधार किए हैं उसका परिणाम आज दिखाई दे रहा है। भारत में रक्षा उत्पादन 1 लाख करोड़ से ज्यादा हो गया है। गौरव की बात है कि भारत में बने रक्षा उपकरणों का 80 देशों में निर्यात हो रहे हैं। 10 साल पहले परिस्थितियां ऐसी थीं। जब बुलेटप्रूफ जैकेट के लिए भी दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन आज भारत आत्मनिर्भर है। कांग्रेस के समय परिस्थिति ऐसी थी कि रक्षा मंत्री कहते थे कि सड़कें नहीं बनानी चाहिए। आज PM मोदी की सरकार ने सीमा क्षेत्रों में 6,800 किलोमीटर से ज्यादा सड़कें बनाई हैं। कांग्रेस के समय में सिर्फ घोटाले होते थे। भाजपा राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलती है। (NDA on Agniveer Yojana)



