कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से इस्तीफे की मांग, MUDA घोटाले के खिलाफ भाजपा सांसदों का प्रदर्शन

BJP on MUDA Scam: राज्यसभा में बजट सत्र के दौरान विपक्षी सांसदों ने भाजपा सांसद इरन्ना कडाडी को बोलने की अनुमति दिए जाने पर विरोध जताया। विपक्षी सांसदों का कहना है कि उनका मुद्दा शून्यकाल के दौरान उल्लेख के लिए सूचीबद्ध नहीं था। दरअसल, भाजपा सांसद इरन्ना कडाडी सदन में MUDA और वाल्मीकि कथित घोटालों पर बोल रहे थे। इधर, कर्नाटक के भाजपा सांसदों ने MUDA घोटाले के खिलाफ संसद में प्रदर्शन किया। भाजपा सांसद बसवराज बोम्मई ने कहा कि कांग्रेस ने MUDA की संपत्ति लूटी है। उन्होंने करोड़ों का मुनाफा कमाया। यह सब कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नाम पर किया गया।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस पर अग्निवीर योजना को लेकर भ्रामक बातें फैलने का आरोप, अठावले ने कहा- हर विषय पर राजनीति करना ठीक नहीं
उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया को नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। हमारा कर्तव्य है कि हम विरोध करें और लोगों के सामने तथ्य लेकर आएं। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का किस तरह बोलबाला हो गया है। वो पूरे देश को दिखाई दे रहा है। समाज के सबसे वंचित वर्गों के विकास के लिए आए धन का इस्तेमाल भ्रष्टाचार के जरिए राजनीतिक और व्यक्तिगत लाभ के लिए किया जा रहा है। हम इस घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हैं और कर्नाटक के मुख्यमंत्री को भी इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए। (BJP on MUDA Scam)
मुख्यमंत्री सीधे तौर पर MUDA घोटाले में शामिल: जोशी
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि कर्नाटक में जो कांग्रेस पार्टी की सरकार है उस सरकार में बहुत बड़े-बड़े घोटाले हुए हैं उस दो घोटाले में सीधे-सीधे मुख्यमंत्री शामिल हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सीधे तौर पर MUDA घोटाले में शामिल हैं और वाल्मीकि घोटाले में भी मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। इस विषय को लेकर आज दोनों सदनों में मुद्दा उठा, लेकिन कांग्रेस ने राज्यसभा में इस पर चर्चा नहीं होने दी और लोकसभा में काफी शोर कर पीसी मोहन को रोकने की कोशिश की। इसका अर्थ है कि इसमें कांग्रेस पार्टी और उनके हाईकमान भी शामिल है। (BJP on MUDA Scam)
सिद्दारमैया की पत्नी से जुड़ा है पूरा मामला
केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार और घोटाले के लिए जानी जाती है। उन्होंने कुछ लोगों को बचाने के लिए पूरा सदन को न चलाने का निर्णय किया। शोर किया इसका हम खंडन करते हैं। कर्नाटक भाजपा के नेता लगातार MUDA और वाल्मीकि घोटाले में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्य से वे MUDA मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं होने दे रहे हैं। MUDA घोटाले और भ्रष्टाचार में कांग्रेस आलाकमान का बड़ा हाथ है। मैं मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने और मामले को CBI को सौंपने का आग्रह करता हूं। विवाद CM सिद्दारमैया की पत्नी को जमीन देने को लेकर हो रहा है। (BJP on MUDA Scam)
साल 2021 में हुआ था पूरा लेन-देन
दरअसल, मैसूर जिले के केसारे गांव में सिद्दारमैया की पत्नी पार्वती के नाम करीब 3 एकड़ जमीन थी, जिसे पार्वती के भाई मल्लिकार्जुन ने उन्हें गिफ्ट दी थी। MUDA यानी मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण ने विकास कार्यों के लिए जमीन का अधिग्रहण किया। साथ ही इसके बदले पार्वती को 2021 में विजयनगर में 38,283 स्क्वायर फीट का प्लॉट दिया, जो दक्षिण मैसूर के पॉश इलाके में है। आरोप है कि जो जमीन पार्वती को दी गई, वो उनके केसारे वाली जमीन से बहुत ज्यादा महंगी है। इससे MUDA को बड़ा नुकसान हुआ। हालांकि ये पूरा लेन-देन साल 2021 में किया गया, तब राज्य में BJP की सरकार थी। (BJP on MUDA Scam)
CM जमीन वापस करने के लिए तैयार
भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस योजना के तहत 85 हजार आवेदकों को जमीन नहीं मिली है, जिनमें मिडिल और लोअर मिडिल क्लास के आवेदक शामिल हैं। इसके बाद भी CM सिद्धारमैया के परिवार को तुरंत जमीन दे दी गई। इस कथित घोटाला के संबंध में सिद्दारमैया की पत्नी, उनके भाई मल्लिकार्जुन और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया गया है। BJP ने यह भी आरोप लगाया है कि कई प्रभावशाली लोगों को जमीनें दी गई हैं। इससे सरकार को लगभग 4 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि CM जमीन वापस करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्होंने इसके बदले उन्होंने मुआवजे की मांग की है। (BJP on MUDA Scam)



