NEET UG 2026 Cancelled : पेपर लीक के पुख्ता सबूत मिलने के बाद सरकार का बड़ा फैसला, जांच अब CBI के हवाले

NEET UG 2026 Cancelled : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। राजस्थान में पेपर लीक के पुख्ता सबूत सामने आने के बाद 3 मई 2026 को आयोजित पूरी परीक्षा रद्द कर दी गई है। साथ ही मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र एक संगठित गिरोह तक पहुंच चुका था। जांच एजेंसियों को ऐसे प्रमाण मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही 600 से अधिक अंकों से जुड़े प्रश्न लीक हो गए थे।
SOG की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए NEET-UG 2026 को निरस्त करने का निर्णय लिया।
24 लाख छात्रों पर असर
इस फैसले का असर देशभर के करीब 24 लाख छात्रों पर पड़ा है। लाखों अभ्यर्थियों ने वर्षों की तैयारी के बाद परीक्षा दी थी, लेकिन अब उन्हें दोबारा परीक्षा का सामना करना पड़ेगा। कई छात्र इस फैसले से निराश हैं, वहीं बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने इसे ईमानदार छात्रों के हित में जरूरी कदम बताया है।
CBI करेगी पूरे नेटवर्क की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब CBI को सौंप दी गई है। एजेंसी यह पता लगाएगी कि पेपर लीक का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ था और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे। सरकार ने स्पष्ट कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। (NEET UG 2026 Cancelled)
जल्द घोषित होगी नई परीक्षा तिथि
NTA ने कहा है कि NEET-UG 2026 की नई परीक्षा तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी। एजेंसी ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। (NEET UG 2026 Cancelled)
यह भी पढ़े :- विराट कोहली को बदनाम करने के लिए मिले पैसों के ऑफर, जर्मन मॉडल का बड़ा दावा



