बकरीद पोस्टर विवाद में नया मोड़: अमित जोगी की शिकायत पर FIR दर्ज, साइबर सेल ने शुरू की जांच

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित बकरीद (ईद-उल-अजहा) शुभकामना पोस्टर को लेकर विवाद गहरा गया है। अमित जोगी की शिकायत पर गौरेला थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच में साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक पोस्टर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अमित जोगी की तस्वीर और नाम का उपयोग करते हुए बकरीद की शुभकामनाएं दी गई थीं। पोस्टर में बकरे और गाय की परछाईं वाली तस्वीरें भी शामिल थीं, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई।

अमित जोगी ने स्पष्ट किया है कि उनके किसी भी आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसा कोई पोस्ट साझा नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शरारती और असामाजिक तत्वों ने उनकी मूल पोस्ट के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी पोस्टर तैयार किया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया।
जोगी का कहना है कि इस तरह की हरकत का उद्देश्य उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाना तथा जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करना है। मामले को गंभीर बताते हुए उन्होंने गौरेला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर गौरेला पुलिस ने अज्ञात फेसबुक यूआरएल धारक और “छत्तीसगढ़िया चौपाल” नामक फेसबुक पेज के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पोस्टर तैयार करने और उसे प्रसारित करने वालों की पहचान में जुटी हुई है।
यह भी पढ़े :- बरसों का सपना हुआ साकार, अब पक्के घर में चैन की नींद सोएगा चमन लाल का परिवार



