Google Analytics —— Meta Pixel

UP में अखिलेश-राहुल को नहीं मिला जनता का साथ, क्या नीतीश कुमार कर पाएंगे खेला

Nitish Kumar Plan: भारत में 2024 में प्रधानमंत्री चुनाव होने हैं। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार BJP के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद लगातार 2024 की तैयारी में जुटे नजर आ रहे हैं। उन्होंने BJP के विजय रथ को रोकने के लिए विपक्षी एकजुटता की अपील की है। कुछ समय पहले उन्होंने दिल्ली में करीब 12 नेताओं के साथ मुलाकात भी की थी। इसके बाद शनिवार को अचानक एक खबर आती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह नीतीश कुमार भी उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। उनकी पार्टी जनता दल युनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने दावा किया कि नीतीश कुमार को UP की कई सीटों से चुनाव लड़ने के लिए ऑफर हैं। फूलपुर और मिर्जापुर के पार्टी कार्यकर्ता भी चाहते हैं नीतीश वहां से दावेदारी पेश करें। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि यह नीतीश कुमार की इच्छा पर है कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे।

यह भी पढ़ें:- तेलंगाना से सकुशल छुड़ाकर लाए गए 24 श्रमिक, बंधक बनाए गए थे सभी मजदूर

JDU ने ये भी दावा किया है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का गठजोड़ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में ताकतवर BJP को मात दे सकता है। अब JDU के इस दावे से पहले 2017 में हुए विधानसभा चुनावों पर एक नजर डालने की जरूरत है। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने ‘UP को ये साथ पसंद है’ का नारा दिया था। पूरे चुनाव के दौरान इस नारे की खूब चर्चा रही, लेकिन नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के आगे ये फीका साबित हुआ। नतीजों ने सियासी पंडितों को चौंका दिया। साथ चुनाव लड़ने के बावजूद दोनों ही दलों के वोट प्रतिशत में जबरदस्त झटका लगा। (Nitish Kumar Plan)

समाजवादी पार्टी को वोट मिले चुनाव में 21.8 प्रतिशत 

समाजवादी पार्टी को चुनाव में 21.8 प्रतिशत वोट मिले। वहीं कांग्रेस को सिर्फ 6.25 प्रतिशत वोट बैंक से संतोष करना पड़ा। बता दें कि अखिलेश यादव ने जब कांग्रेस को एक साथ आने का ऑफर दिया तो कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लगा कि साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में पार्टी की वापसी का रास्ता निकला जा सकता है। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने पूरे धूम-धड़ाके के साथ अखिलेश-राहुल की युवा जोड़ी को UP के सियासी पिच पर लॉन्च किया। दोनों ने साथ मिलकर कई रैलियों को संबोधित किया और की रोड शो भी किए। अखिलेश यादव ने बड़ा दिल दिखाते हुए कांग्रेस पार्टी को 105 सीटें दे दी, लेकिन 24 से अधिक सीटों पर सपा को अपने सिंबल पर ही कैंडिडेट उतारने पड़ गए। (Nitish Kumar Plan)

BJP को मिली थी जबरदस्त जीत

वहीं चुनाव नतीजे जब सामने आए तो BJP को 384 में से 312 सीटें हासिल हुईं। वहीं 311 सीटों पर लड़ने वाली सपा के 47 उम्मीदवार ही चुनाव जीत पाए। 114 सीटों पर लड़ने वाली कांग्रेस पार्टी के तो सिर्फ 7 उम्मीदवार ही विधायक बन पाए। फूलपुर उत्तर प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीट मानी जाती है। यहां से भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू तीन बार सांसद चुने गए थे। इसके अलावा कई अन्य बड़े नेता भी यहां से चुनाव लड़ चुके हैं। लोगों के मन में इन दिनों एक सवाल ये है कि आखिर JDU नीतीश कुमार के लिए ये सीट क्यों चुनना चाह रही है। इस सवाल का जवाब यहां का जातीय समीकरण है। फूलपुर पटेलों की सीट मानी जाता ही। पटेल यानी कुर्मी, जिस जाति से नीतीश कुमार आते हैं। (Nitish Kumar Plan)

राजनीति में गठबंधन का फॉर्मूला हमेशा नहीं होता हिट

इस सीट पर 17 प्रतिशत आबादी पटेल समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। JDU को उम्मीद है कि अगर सपा नीतीश कुमार को सपोर्ट करती है तो उन्हें यादव और मुसलमाम वोटरों का साथ मिल मिलेगा। बता दें कि इस सीट पर मुसलमान मतदाताओं की संख्या करीब 13 प्रतिशत है। यादवों की भी अच्छी आबादी है। ऐसे में JDU यहां 1+1=2 के फॉर्मूले पर नीतीश कुमार की उम्मीदवारी पेश करती नजर आ रही है। लेकिन JDU को इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि राजनीति में हमेशा यह फॉर्मूला हिट नहीं होता है। 2019 के लोकसभा के चुनाव में भी बुआ-बबुआ की जोड़ी फेल हो गई थी। (Nitish Kumar Plan)

2024 के नतीजों पर रहेगी सबकी नजर

बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव अपनी मुहबोली बुआ और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के पास पहुंचे। इस चुनाव में दोनों ने UP में गठबंधन किया। बिहार की तर्ज पर इसे भी महागठबंधन नाम दिया गया। हालांकि कांग्रेस ने खुद को इस चुनाव में सपा से अलग रखा। BJP के लिए UP को जीतना काफी महत्वपूर्ण था, क्योंकि 2014 के नतीजों ने सभी को चौंका दिया था। अमित शाह की रणनीति ने भगवा खेमे के 71 उम्मीदवारों को जीत दिलाई थी। 2019 के चुनाव में BJP को सिर्फ 9 सीटों का ही नुकसान हुआ। मायावती फायदे में रही। उनके 10 उम्मीदवार सांसद बने। लेकिन नतीजों ने अखिलेश को चौंका दिया। उनकी पार्टी के सिर्फ 5 कैंडिडेट ही जीत पाए। ऐसे में अब देखना होगा कि नीतिश कुमार अगले प्रधानमंत्री चुनाव में क्या कुछ नया कर पाते हैं या नहीं। या फिर जनता फिर से नरेंद्र मोदी को देश के ‘प्रधान’ की जिम्मेदारी सौंपेंगी ये देखने वाली बात हैं। (Nitish Kumar Plan)

Back to top button
error: Content is protected !!